गोंडा में बकरीद पर माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई:बकरीद पर डीएम-एसपी ने दी चेतावनी, खुले में कुर्बानी पर सख्ती
गोंडा जिले में आगामी बकरीद त्योहार को लेकर केंद्रीय पीस कमेटी की बैठक हुई। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में आज गुरुवार शाम 5:30 बजे जिला पंचायत सभागार में यह बैठक आयोजित की गई। इसमें अफवाह फैलाने, सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी और सड़कों पर नमाज अदा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बैठक के दौरान डीएम और एसपी ने सभी धर्मगुरुओं को शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने के निर्देश दिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से अफवाह फैलाने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि बकरीद के अवसर पर किसी भी सार्वजनिक या खुले स्थान पर कुर्बानी न दी जाए। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नमाज के संबंध में निर्देश दिए गए कि नमाज केवल उन्हीं स्थानों पर अदा की जाएगी जहां यह परंपरा रही है। सड़कों पर या किसी नए स्थान पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम और एसपी ने सभी से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की ताकि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे। यदि कोई व्यक्ति धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रयास करता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है, जिस पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी। बकरीद त्योहार की तैयारियों को लेकर जिले के सभी नगर पंचायत अध्यक्षों, नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं। बैठक में एडीएम आलोक कुमार, दोनों अपर पुलिस अधीक्षक, चारों तहसीलों के एसडीएम, सभी सीओ, सभी थानाध्यक्ष, सभी धर्मों के धर्मगुरु और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

