Breaking News
सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव आंबेडकर पर आपत्तिजनक कॉमेंट:लखनऊ के थाने में केस दर्ज, अकाउंट चलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग

डॉ. भीमराव आंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर सोशल अकाउंट के खिलाफ काकोरी पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह केस नरौना गांव के रहने वाले उमेश की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू कर दी है। उमेश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 21 अगस्त को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया था। आरोप है कि इस पोस्ट पर ‘विद्युत_307’ नाम के एक सोशल मीडिया अकाउंट से बाबा साहेब के बारे में बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, टिप्पणी की भाषा इतनी खराब थी कि उसे शिकायत में हूबहू लिखना सही नहीं है। सार्वजनिक टिप्पणी से भावनाएं आहत उमेश ने पुलिस को आपत्तिजनक टिप्पणी का स्क्रीनशॉट और वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने मूल पोस्ट, आरोपी अकाउंट और कमेंट के स्क्रीनशॉट के साथ पोस्ट का लिंक भी पुलिस को दिया है। कहा है कि इस तरह की सार्वजनिक टिप्पणी से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही, डॉ. आंबेडकर को मानने वाले दूसरे लोगों की भावनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। इससे सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति बिगड़ने की आशंका है। अकाउंट चलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाए अकाउंट चलाने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके लिए मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, लॉगइन डिटेल और दूसरे डिजिटल रिकॉर्ड जुटाए जाएं। सभी डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि भविष्य में पोस्ट या अकाउंट हटाकर सबूत मिटाए न जा सकें। प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर के आदेश पर काकोरी पुलिस ने 13 सितंबर को मिली शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले अकाउंट चलाने वाले की पहचान के साथ डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।

सहारनपुर में मेला गुघाल की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम:CCTV से होगी निगरानी, कंट्रोल रूम बनेगा, पुलिस-मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात

सहारनपुर में मेला गुघाल की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम पांच बजे कलेक्ट्रेट के नए सभागार में समीक्षा बैठक की गई। एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता और एसपी सिटी व्योम बिंदल की मौजूदगी में अधिकारियों ने मेले की व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर निर्देश दिए। यह मेला 21 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। एडीएम ने मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, कंट्रोल रूम बनाने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने के निर्देश दिए। मेले में काफी पुलिस बल तैनात रहेगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी मिलकर ड्यूटी करेंगे। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों को समय से पूरा करने को कहा गया। मेले में बिजली, पीने का पानी, सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। पार्किंग के लिए सही जगह तय करने के साथ ही दुकानों को भी तय जगह पर लगाने को कहा गया, ताकि भीड़ और यातायात पर असर न पड़े। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस और डॉक्टरों की मौजूदगी रहेगी। नाले-नालियों की सफाई के साथ फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। खाने-पीने की चीजों की जांच के लिए टीम काम करेगी। प्रसाद बेचने वालों को प्रसाद ढककर रखने और खाने की चीजों के स्टॉल टीन शेड में सुरक्षित तरीके से लगाने के निर्देश दिए गए। सभी दुकानों पर रेट लिस्ट लगाना जरूरी होगा। मेले में बिजली के तार लटके नहीं होने चाहिए। सभी कनेक्शन नियमों के हिसाब से दिए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी को झूलों की तकनीकी जांच कराने और बिना अनुमति किसी भी स्ट्रक्चर को नहीं लगाने के निर्देश दिए गए। फायर ब्रिगेड को काफी फायर टेंडर और किसी भी इमरजेंसी से निपटने की व्यवस्था रखने को कहा गया। एडीएम ने पीडब्ल्यूडी, बिजली और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को सक्रिय होकर सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में संस्कृति और राष्ट्रीयता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम कराने पर भी जोर दिया। बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह समेत कई विभागों के बड़े अधिकारी मौजूद रहे।

सहारनपुर में OTS योजना में 913 करदाताओं ने आवेदन किया:695 आवेदनों का निस्तारण, 52.83 लाख रुपए जमा; 14 नवंबर तक मिलेगा छूट का लाभ

सहारनपुर नगर निगम की गृहकर, जलकर और सीवरकर की एकमुश्त समाधान योजना (OTS) को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। योजना शुरू होने के बाद से सोमवार शाम पांच बजे तक 913 करदाताओं ने आवेदन किया है। इनमें से 695 आवेदनों का निस्तारण हो चुका है। 211 करदाताओं ने बकाया टैक्स जमा करके ब्याज में छूट का फायदा उठाया है। इस योजना के तहत नगर निगम के खाते में अब तक 52 लाख 83 हजार रुपए जमा हुए हैं। कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी ने बताया कि नगर निगम ने 15 अगस्त से OTS योजना शुरू की है। यह योजना शासन के निर्देश पर शुरू की गई है। इसके तहत बकाया गृहकर, जलकर और सीवरकर का पूरा मूलधन जमा करने पर करदाताओं को ब्याज में पूरी छूट मिल रही है। इस योजना का फायदा उठाने की आखिरी तारीख 14 नवंबर 2026 तय की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि ज्यादा से ज्यादा करदाताओं को योजना से जोड़ने के लिए नगर निगम अलग-अलग वार्डों में कैंप लगा रहा है। इन कैंपों में OTS के आवेदन लिए जा रहे हैं। साथ ही, करंट बिल जमा कराने और टैक्स संबंधी आपत्तियों को भी निपटाया जा रहा है। सितंबर में OTS का फायदा लेने वाले करदाताओं को एक और लाभ मिलेगा। अगर कोई करदाता सितंबर में अपना बकाया टैक्स जमा करता है, तो उसे पूरी ब्याज छूट के साथ चालू वित्त वर्ष की डिमांड पर 20 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। करदाता upulbots.in वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। नगर निगम ने आने वाले कैंपों की जानकारी भी दी है। 15 सितंबर को वार्ड 47, 52 और 59 का कैंप नवाबगंज चौक पर लगेगा। 16 सितंबर को वार्ड 43, 69 और 70 का कैंप रांघड़ों के पुल पुलिस चौकी पर होगा। 17 सितंबर को वार्ड 57, 62 और 68 का कैंप तेलियों का चौक पर लगेगा। वहीं, 18 सितंबर को वार्ड 53, 61 और 67 का कैंप रहमानी चौक स्थित पार्षद मोहतमिम के ऑफिस पर आयोजित किया जाएगा।

साहीन एकेडमी में बच्चों का ‘विद्रोह’:अलीगढ़ के निजी स्कूल के हॉस्टल की बदहाली पर सड़क पर उतरे छात्र, शरीर पर चकत्ते और इंफेक्शन की शिकायत, वार्डन निलंबित

जैन जी की तर्ज पर जैन अल्फा भी विभिन्न पर आंदोलित है। इसी क्रम में सोमवार को साहीन एकेडमी स्कूल के बच्चों का गुस्सा भी सड़क पर फूट पड़ा। अमरोली रोड स्थित साहीन एकेडमी में सोमवार को हॉस्टल की बदहाली और बच्चों की समस्याओं को लेकर छात्रों ने पहले स्कूल के अंदर हंगामा किया और फिर बाहर निकलकर एफएम टावर तक प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस प्रदर्शन ने स्कूल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में सफाई की स्थिति खराब है और कई बच्चों के शरीर पर चकत्ते व इंफेक्शन जैसी परेशानी हो रही है। खाने-पीने और राशन की व्यवस्था से लेकर बिजली की समस्या तक छात्र लंबे समय से शिकायत करते रहे, लेकिन उनका आरोप है कि प्रबंधन ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। सोमवार को नाराजगी इतनी बढ़ी कि बच्चे स्कूल से बाहर निकलकर प्रदर्शन करने लगे।
बीमारी की शिकायत… फिर भी सवाल, बच्चों की सुनवाई क्यों नहीं?
छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले बच्चों की सेहत को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं। इसके बावजूद सफाई और दूसरी व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। बच्चों ने सवाल उठाया कि अगर किसी छात्र की तबीयत बिगड़ती है या मामला गंभीर होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? यह सवाल इसलिए भी गंभीर है क्योंकि हॉस्टल में करीब 150 बाहरी छात्र रहते हैं। हालांकि, बच्चों में बताए जा रहे इंफेक्शन के कारण और उसकी चिकित्सकीय स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग से जांच और बच्चों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जरूरत भी सामने आती है।
वार्डन पर उत्पीड़न के आरोप, छात्र ने जान देने की कोशिश का दावा
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने वार्डन पर कथित उत्पीड़न के भी गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का दावा है कि पिछले दिनों एक छात्र ने परेशान होकर हॉस्टल की बिल्डिंग से कूदकर जान देने की कोशिश की थी। छात्रों का आरोप है कि इस घटना को भी दबा दिया गया। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, छात्रों के प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रबंधन ने वार्डन को निलंबित कर दिया। अब सवाल यह है कि वार्डन पर लगे आरोपों और छात्र द्वारा आत्महत्या के प्रयास के दावे की निष्पक्ष जांच होगी या नहीं।
स्कूल के अंदर से बाहर तक हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति
सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ छात्रों का प्रदर्शन दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे तक चला। पहले छात्रों ने स्कूल परिसर में अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद वे बाहर निकलकर एफएम टावर तक पहुंच गए। सूचना पर इंस्पेक्टर धीरज यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्कूल प्रबंधन के अधिकारी भी पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। काफी समझाने के बाद छात्रों को वापस स्कूल परिसर में लाया गया। प्रबंधन से जुड़े अधिकारी ने छात्रों की समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए कहा कि हर मांग की अलग-अलग समीक्षा कर उसका निस्तारण कराया जाएगा।
150 बच्चों की जिम्मेदारी, व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल
साहीन एकेडमी शहर से करीब 5-6 किलोमीटर दूर अमरोली रोड पर स्थित है। यहां स्थानीय बच्चों के साथ बाहर से आने वाले विद्यार्थी भी पढ़ते हैं। हॉस्टल में करीब 150 बच्चे रहते हैं। ऐसे में सफाई, भोजन, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही सीधे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ती है। छात्रों का सड़क पर उतरना सिर्फ एक दिन का हंगामा नहीं, बल्कि उनकी लगातार शिकायतों की गंभीरता पर सवाल है। अगर शिकायतें पहले ही सुनी जातीं और व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जातीं तो क्या बच्चों को स्कूल से बाहर निकलकर प्रदर्शन करना पड़ता?
बच्चों का गुस्सा लगातार सड़क पर
अलीगढ़ में स्कूली छात्रों के आंदोलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दादों के बेसिक स्कूल के बाद अब साहीन एकेडमी में छात्रों का प्रदर्शन स्कूल प्रबंधन के लिए बड़ा अलार्म है। बच्चों की शिकायतों को दबाने या प्रदर्शन के बाद शांत कराने के बजाय उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी है। फिलहाल स्कूल में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन शरीर पर चकत्ते और इंफेक्शन की शिकायत, हॉस्टल की सफाई, भोजन-बिजली की व्यवस्था और वार्डन पर लगे आरोपों की जांच अब सबसे बड़ा सवाल है। प्रबंधन ने समाधान का भरोसा दिया है, अब निगाह इस बात पर है कि बच्चों की शिकायतों पर जमीन पर कितना बदलाव होता है।
्र हमारे स्तर से लगातार बच्चों की समस्याओं पर ध्यान दिया जाता है। बच्चे ने कब सुसाइड की कोशिश की। यह जानकारी में नहीं है। फिर भी अब बच्चों द्वारा जो मुद्दे उठाए गए हैं, उन पर ध्यान दिया जा रहा है। उनकी एक एक समस्या का समाधान होगा। वार्डन को निलंबित कर दिया गया है।-डा.आसिफ, सदस्य स्कूल मैनेजमेंट टीम

स्वामी माधवप्रियदास बोलें- स्वराज्य के लिए स्वबोध जरूरी:अपनी भाषा-संस्कृति पर हो गर्व; संस्कृत विश्वविद्यालय में ग्रंथ का लोकार्पण

हिंदी दिवस पर सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में ‘स्वराज्य, स्वबोध और भारतीय भाषाओं की भूमिका’ विषय पर विशेष व्याख्यान और विचार-विमर्श हुआ। मुख्य वक्ता स्वामीनारायण गुरुकुल विश्वविद्यालय प्रतिष्ठानम्, गुजरात के अध्यक्ष एवं वेदान्ताचार्य स्वामी माधवप्रियदास ने कहा कि स्वराज्य केवल राजनीतिक आजादी नहीं है, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति, इतिहास और ज्ञान परंपरा की समझ भी इसका हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वबोध के बिना स्वराज्य अधूरा है। कार्यक्रम में स्वामी माधवप्रियदास की किताब ‘श्रीस्वामीनारायणदर्शनसारसंग्रह’ ग्रंथ का लोकार्पण भी किया गया। गुरु के बिना ग्रंथों का ज्ञान अधूरा स्वामी माधवप्रियदास ने कहा कि गुरु शास्त्रों के ज्ञान को जीवन के अनुभव और साधना से जोड़कर उसका वास्तविक अर्थ समझाते हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा में वेद, शास्त्र और गुरु तीनों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा और संस्कृति की जानकारी के बिना व्यक्ति अपनी ज्ञान परंपरा को पूरी तरह नहीं समझ सकता। स्वराज्य सिर्फ राजनीतिक आजादी नहीं उन्होंने कहा कि स्वराज्य का अर्थ केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं है। स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत और अपनी अस्मिता के प्रति जागरूक भारत ही वास्तविक स्वराज्य की दिशा है। इसके लिए स्वबोध जरूरी है और स्वबोध अपनी भाषा, संस्कृति, इतिहास और ज्ञान परंपरा को समझने से आता है। भारतीय भाषाएं अस्मिता और ज्ञान की वाहक स्वामी माधवप्रियदास ने कहा कि भारत की अलग-अलग भाषाओं, मतों, पंथों और परंपराओं के बावजूद सांस्कृतिक चेतना एक है। भारतीय भाषाएं केवल बातचीत का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनमें समाज के संस्कार, अनुभव और ज्ञान परंपरा भी सुरक्षित है। डिजिटल दौर में ग्रंथों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं उन्होंने कहा कि डिजिटल युग भारतीय भाषाओं और शास्त्रीय ग्रंथों के संरक्षण का बड़ा अवसर है। तकनीक की मदद से भारतीय ज्ञान-संपदा को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाना चाहिए। वेद-शास्त्रों में मौजूद ज्ञान का आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर अध्ययन और शोध भी किया जाना चाहिए। स्वबोध के बिना स्वराज्य अधूरा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दर्शन संकायाध्यक्ष एवं तुलनात्मक धर्म-दर्शन विभागाध्यक्ष प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने कहा कि व्यक्ति और समाज को अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा और ज्ञान-स्रोतों की समझ होगी, तभी स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ जीवन में उतर सकेगा। उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस को केवल हिंदी के प्रयोग और प्रचार तक सीमित नहीं रखना चाहिए। यह दिन सभी भारतीय भाषाओं के सम्मान और भारतीय ज्ञान परंपरा को फिर से समझने का अवसर भी है। भाषा बचाने का मतलब ज्ञान परंपरा बचाना वेदान्त विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. सुधाकर मिश्र ने कहा कि भारतीय भाषाओं में दर्शन, अध्यात्म, संस्कृति और जीवन-दृष्टि का बड़ा भंडार मौजूद है। इसलिए भाषाओं का संरक्षण केवल शब्दों को बचाना नहीं, बल्कि पीढ़ियों से संचित ज्ञान और संस्कारों को सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों, विद्वानों और नई पीढ़ी को मिलकर भारतीय ग्रंथों के अध्ययन, संरक्षण, डिजिटलीकरण और प्रसार पर काम करना चाहिए। स्वामी माधवप्रियदास की पुस्तक का लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान स्वामी माधवप्रियदास द्वारा रचित ‘श्रीस्वामीनारायणदर्शनसारसंग्रह’ ग्रंथ का लोकार्पण किया गया। ग्रंथ को भारतीय दार्शनिक और आध्यात्मिक चिंतन को वर्तमान विमर्श से जोड़ने वाली पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया। वैदिक मंगलाचरण से कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक एवं पौराणिक मंगलाचरण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बीज वक्तव्य दिया। संचालन प्रो. सुधाकर मिश्र ने किया। स्वामी माधवप्रियदास को अभिनंदन-पत्र, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

फर्जी कागज तैयार कर जमीन-बेचने के आरोप में महिला गिरफ्तार:कन्नौज में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप, 6 अन्य आरोपियों की तलाश

कन्नौज में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक जमीन को दूसरे व्यक्ति के नाम बेचने के मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के उमर्दा से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। रविवार को मुख्य आरोपी बताई जा रही 60 वर्षीय रामकिशोरी उर्फ गोधन्ना को गिरफ्तार किया गया, जबकि छह अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने का आरोप उमर्दा निवासी रामतीर्थ पुत्र स्व. ज्वाला प्रसाद ने 27 जून को तिर्वा कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने शैलेंद्र यादव उर्फ श्यामू, विमल कुमार यादव पुत्रगण मुनीम सिंह निवासी उमर्दा, धर्मेंद्र सिंह यादव पुत्र अहिवरन सिंह यादव निवासी सेमपुर, रामकिशोरी उर्फ गोधन्ना पत्नी धनीराम, आनंद बाबू पुत्र धनीराम निवासी छछूंद थाना विधूना, औरैया, धर्मेंद्र यादव पुत्र मंग्गूलाल निवासी मिण्डापुर्वा थाना ठठिया तथा घनश्याम सिंह यादव पुत्र रामसागर निवासी तिलसरा के खिलाफ शिकायत की थी। रामतीर्थ का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पैतृक जमीन के कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद धोखाधड़ी से राजस्व अभिलेखों में उनके चाचा और चाची के नाम दर्ज करा दिए गए। आरोप है कि बाद में इसी जमीन को दूसरे व्यक्ति के पक्ष में बेच दिया गया। विरोध करने पर मारपीट और धमकी का आरोप रामतीर्थ ने आरोप लगाया कि जमीन के संबंध में विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर तिर्वा पुलिस ने सभी सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को रामकिशोरी उर्फ गोधन्ना (60) पत्नी धनीराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जांच में महिला की भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह ने बताया- फर्जी कागज तैयार कर जमीन की बिक्री कराने के मामले में रामकिशोरी मुख्य आरोपी है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में नामजद छह अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

एनबीडब्ल्यू वारंटी आरोपी सचिन गिरफ्तार:शामली पुलिस ने वांछितों की गिरफ्तारी अभियान में पकड़ा, कोर्ट से जारी था एनबीडब्ल्यू वारंट

शामली कोतवाली पुलिस ने वांछित, वारंटी और एनबीडब्ल्यू आरोपियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक एनबीडब्ल्यू वारंटी आरोपी को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोर्ट से एनबीडब्ल्यू वारंट जारी था। शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के आदेश पर रविवार को कोतवाली पुलिस ने यह अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सचिन पुत्र राजपाल को गिरफ्तार किया। सचिन मोहल्ला पंसारियान, थाना कोतवाली शामली का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रामपुर में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष स्वागत:विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन, बूथ स्तर संगठन को मजबूत बनाएंगे

रामपुर में 13 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और क्षेत्रीय महामंत्री संजीव गोयल सिक्का के प्रथम रामपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद जिला कार्यालय में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर शिक्षक विधायक एवं प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों, जिला संयोजक और विधानसभा संयोजकों के साथ बैठक की। इसमें चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे अभियानों के संयोजकों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में नवाब सिंह नागर ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी से संगठनात्मक तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनता से संपर्क बढ़ाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने की। उन्होंने दोनों क्षेत्रीय पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन को उनके मार्गदर्शन से मजबूती मिलने की बात कही। जिला प्रभारी राजा वर्मा ने कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस दौरान राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, नगर विधायक आकाश सक्सेना, पूर्व सांसद घनश्याम सिंह लोधी, पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद गंगवार, राजबाला, बीना भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा के नए क्षेत्रीय पदाधिकारियों का स्वागत:अलीगढ़ में भाजयुमो के नए क्रेन से एक कुंतल की माला पहनाकर किया स्वागत

भारतीय जनता युवा मोर्चा के ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ठा. प्रवीन राज सिंह और क्षेत्रीय महामंत्री मधुलिका राघव के स्वागत में रविवार को कल्याण सिंह हेबिटेट सेंटर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता पहुंचे। दोनों नेताओं का फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के बीच जोरदार स्वागत किया गया। प्रवीन राज सिंह के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने क्रेन से एक कुंतल वजन की फूलों की विशाल माला पहनाई। इसके बाद पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर माहौल को जोशीला बना दिया। दोनों नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों को 21-21 किलो की फूलों की माला पहनाकर भी सम्मानित किया गया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी ने दोनों नेताओं को स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। बोले प्रवीन- युवा ही तय करते हैं राजनीति की दिशा स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए ठा. प्रवीन राज सिंह ने कहा कि युवा देश की राजनीति की दिशा और दशा तय करने वाली सबसे बड़ी ताकत हैं। केवल युवा होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं में राष्ट्रहित और संगठन के प्रति समर्पण की भावना होना भी जरूरी है। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कहा कि युवा शक्ति के माध्यम से संगठन की विचारधारा और सरकार की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। धर्मवीर बोले- युवाओं को मिला ऊर्जावान नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी ने कहा कि ठा. प्रवीन राज सिंह के रूप में युवा कार्यकर्ताओं को जोशीला और ऊर्जावान नेतृत्व मिला है। उन्होंने कहा कि स्वागत समारोह में उमड़ी युवाओं की भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि युवा अपने नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने नवनियुक्त क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और महामंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र में युवा मोर्चा संगठन को और मजबूत करने का काम करेगा। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी, महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर श्योराज सिंह, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अवध बघेल सहित युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन धर्मवीर लोधी ने किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

बुलंदशहर की पॉटरी में डीजल टैंक में लगी आग:वेल्डिंग की चिंगारी से भड़की आग, काले धुएं से मचा हड़कंप

बुलंदशहर में खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में जंक्शन रोड स्थित CJI पॉटरी में रविवार शाम 4 बजे डीजल टैंक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और टैंक आग के गोले में बदल गया। आसमान में काले धुएं का गुबार उठने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के समय पॉटरी परिसर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। वेल्डिंग के दौरान टैंक तक पहुंची चिंगारी जानकारी के मुताबिक, डीजल टैंक के पास वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी डीजल टैंक तक पहुंच गई। इसके बाद टैंक में आग लग गई। आग तेजी से फैलने पर पॉटरी में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग की लपटें और काला धुआं दूर से दिखाई देने लगा। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। डीजल टैंक में आग होने के कारण इसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे की मेहनत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाए जाने से बड़ा हादसा होने से बच गया। सीओ बोले- समय रहते आग पर काबू पाया सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि जंक्शन रोड स्थित CJI पॉटरी में वेल्डिंग के दौरान डीजल टैंक में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।