पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा में पूरी हुई:एडीजी जॉन एस के भगत ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया
एटा में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। यह परीक्षा दो पालियों में 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी (डीएम) अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. इला मारन जी ने लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अलीगढ़ जोन के एडीजी जॉन एस के भगत ने भी स्वयं एटा पहुंचकर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए संबंधित प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने विशेष रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को आईरिश स्कैनिंग के माध्यम से गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश एवं निकास के समय भीड़भाड़ और अव्यवस्था को रोकने के लिए बैरिकेडिंग और सुव्यवस्थित लाइनिंग की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा कक्षों, लॉबी और मुख्य द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी सुनिश्चित की गई, ताकि पूरी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा सके। परीक्षा की प्रथम पाली में कुल 3552 अभ्यर्थियों में से 2864 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 688 अनुपस्थित पाए गए। वहीं, द्वितीय पाली में भी 3552 अभ्यर्थियों में से 2867 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 685 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों को असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख चौराहों और बस स्टैंडों पर सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक तैनात किए गए थे, जिन्होंने परीक्षार्थियों को जानकारी देने के साथ-साथ व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

