पुलिस भर्ती परीक्षा: 5,118 अभ्यर्थी उपस्थित:जालौन में पहले दिन 1,410 अनुपस्थित, परीक्षा शांतिपूर्ण

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का पहला दिन जालौन में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हो गया। परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दिनभर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को परीक्षा को पूरी निष्पक्षता एवं शांति के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा प्रबंधों का भी गहन निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कई चरणों में जांच की गई, जिससे किसी भी प्रकार की नकल अथवा अनुचित गतिविधि की संभावना समाप्त हो सके। परीक्षा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार सक्रिय रहीं और प्रत्येक केंद्र पर सतर्क निगरानी बनाए रखी गई। जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में यह भर्ती परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिनों में कुल छह पालियों के माध्यम से 19,584 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। प्रत्येक पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रथम दिवस की पहली पाली में कुल 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,556 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 708 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,562 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 702 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 6,528 अभ्यर्थियों में से 5,118 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,410 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा तथा आगामी पालियों में भी इसी सतर्कता एवं सख्ती के साथ परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।

संभल के प्राचीन सौंधन किला देखने पहुंचे डीएम-एसपी:₹29 लाख से सौंदर्यकरण, 32 लोगों का अवैध कब्जा, पांच मकान तोड़े, अतिक्रमण जारी

संभल के प्राचीन सौंधन किले का जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। किले पर 32 लोगों का अवैध कब्जा है, जिनमें से पांच मकानों को बुलडोजर से तोड़ा जा चुका है। हालांकि, अभी भी अतिक्रमण बरकरार है और पात्र लोगों को पट्टा नहीं मिल पाया है। यह मामला संभल जनपद के थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव सौंधन मोहम्मदपुर का है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधीन यह प्राचीन किला 3600 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। सोमवार शाम 4 बजे डीएम अंकित खंडेलवाल और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई किले के सौंदर्यकरण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल भी उपस्थित थे। डीएम और एसपी ने हल्का लेखपाल नीरज कुमार और ग्राम प्रधान को अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। किले की लगभग ढाई बीघा जमीन पर 32 लोगों ने मकान बनाकर कब्जा कर रखा है। किले के गेट के जीर्णोद्धार पर 29 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इससे पहले 24 अप्रैल को तत्कालीन डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने भी निरीक्षण किया था। उन्होंने अवैध कब्जा हटाने और पात्र लोगों को 200 गज जमीन का पट्टा देने के सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन बाद में डीएम का तबादला हो गया। 26 अप्रैल को राजस्व टीम ने बुलडोजर का उपयोग कर शिवराम पुत्र मुन्नी, केहर सिंह पुत्र भाय सिंह और यशवीर पुत्र अतर सिंह के मकानों को ध्वस्त कर दिया था। वहीं, नेम सिंह पुत्र सुदन सिंह और जुगेंद्र पुत्र अतराम सिंह ने अपने मकान स्वयं तोड़ दिए थे। 30 अप्रैल को एसडीएम निधि पटेल और तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने भी किले का निरीक्षण किया और तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। किले के अंदर कब्जा करने वालों में हरपाल सिंह, जमुना सिंह, शिवराम सिंह, मुकेश कुमार, सोमपाल सिंह, कोमिल, सतीश कुमार, भावेश माथुर, कृष्णगोपाल माथुर, राकेश कुमार, जयपाल सिंह, वीर सिंह, राकेश कुमार और सरपंच यादव सहित अन्य लोग शामिल हैं। लेखपाल नीरज कुमार ने बताया कि ASI का साढ़े पांच बीघा भूमि पर किले की ढाई बीघा भूमि पर 30-32 लोगों का कब्जा हैं। 15-16 लोग ऐसे हैं जिनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है उन्हें गांव में ही 200 गज भूमि का आवंटन किया जाएगा।

पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा में पूरी हुई:एडीजी जॉन एस के भगत ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया

एटा में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। यह परीक्षा दो पालियों में 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी (डीएम) अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. इला मारन जी ने लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अलीगढ़ जोन के एडीजी जॉन एस के भगत ने भी स्वयं एटा पहुंचकर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए संबंधित प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने विशेष रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को आईरिश स्कैनिंग के माध्यम से गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश एवं निकास के समय भीड़भाड़ और अव्यवस्था को रोकने के लिए बैरिकेडिंग और सुव्यवस्थित लाइनिंग की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा कक्षों, लॉबी और मुख्य द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी सुनिश्चित की गई, ताकि पूरी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा सके। परीक्षा की प्रथम पाली में कुल 3552 अभ्यर्थियों में से 2864 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 688 अनुपस्थित पाए गए। वहीं, द्वितीय पाली में भी 3552 अभ्यर्थियों में से 2867 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 685 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों को असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख चौराहों और बस स्टैंडों पर सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक तैनात किए गए थे, जिन्होंने परीक्षार्थियों को जानकारी देने के साथ-साथ व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

नाबालिग से कुकर्म का आरोप, मां ने SSP से लगाई:सहारनपुर में थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने पर पुलिस कप्तान से न्याय मांगा

सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने सोमवार को अपने नाबालिग बेटे के साथ पुलिस लाइन पहुंचकर पुलिस कप्तान से न्याय की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि उसके 13 वर्षीय बेटे के साथ कुकर्म किया गया और देवबंद थाने में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि, यह घटना 22 मई 2026 को दोपहर में हुई थी। महिला का बेटा घर के बाहर खेल रहा था, तभी गांव के कुछ युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मिलकर उसका मुंह दबाया और जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर पास के कब्रिस्तान ले गए। कब्रिस्तान में नाबालिग के साथ कथित तौर पर डरा-धमकाकर अप्राकृतिक कुकर्म किया गया। आरोपियों ने बच्चे को धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। डरे हुए बच्चे ने शुरुआत में परिवार को कुछ नहीं बताया, लेकिन 5-7 दिन बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे शौच करने में परेशानी होने लगी, तो उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। मां ने अपने बेटे का गांव के ही एक डॉक्टर से इलाज कराया। जब महिला ने आरोपी से इस संबंध में बात की, तो आरोप है ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिवार का गांव में काफी दबदबा है और वे दबंग व पैसे वाले लोग हैं। महिला का कहना है कि उसने 3 जून 2026 को इस घटना के संबंध में देवबंद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एक प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन, थाने द्वारा आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही उसकी रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर महिला अपने बच्चे को न्याय दिलाने के लिए सोमवार को एसएसपी दरबार पहुंची और न्याय की गुहार लगाई है।

सहारनपुर में बंद दुकान में लगी आग:फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, वाहन रिपेयरिंग का सामान जलकर राख

सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बंद वाहन रिपेयरिंग की दुकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यह घटना मेला गुघाल पुल के नीचे स्थित अकरम पुत्र अब्दुल कुरैशी की दुकान में हुई। दुकान बंद होने के कारण आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख आग की जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और तत्काल फायर विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीम मोटर फायर इंजन (MFE) के साथ घटनास्थल पर पहुंची। फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए पंपिंग शुरू की और आग को फैलने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए। आग के आसपास अन्य दुकानें और प्रतिष्ठान मौजूद होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी। हालांकि, फायर विभाग की तत्परता से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण प्राप्त कर लिया। आग बुझाने के बाद मौके का निरीक्षण किया गया ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से दुकान के अंदर रखे कुछ सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को रवाना कर दिया गया था। उन्होंने फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मुस्तैदी से आग को शीघ्र बुझा लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि सहारनपुर फायर सर्विस जनपद की सुरक्षा के लिए हर समय तैयार रहती है। स्थानीय लोगों ने भी फायर विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो आग आसपास के प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर बड़ा नुकसान पहुंचा सकती थी।

मेयर के साथ पार्षदों ने कुबेरपुर आईडब्ल्यूएमसी, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का किया भ्रमण

 

जनप्रतिनिधियों ने सराहा नगर निगम का अपशिष्ट प्रबंधन मॉडल

बाबा न्यूज

आगरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर निगम द्वारा कुबेरपुर स्थित इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट सिटी (आईडब्ल्यूएमसी) का विशेष अध्ययन भ्रमण आयोजित किया गया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षदों ने आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली और निर्माणाधीन वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण और अन्य अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान पार्षदों को बताया गया कि आगरा शहर से प्रतिदिन निकलने वाले ठोस अपशिष्ट का संग्रहण, परिवहन, पृथक्करण, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण किस प्रकार किया जाता है। अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नगर निगम द्वारा अपनाई जा रही विभिन्न श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए एक समेकित एवं टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित की है, जो अन्य नगर निकायों के लिए भी एक मॉडल के रूप में स्थापित हो रही है।
जनप्रतिनिधियों को कुबेरपुर स्थित निर्माणाधीन वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का भी भ्रमण कराया गया। अधिकारियों ने संयंत्र की तकनीकी विशेषताओं, संचालन प्रणाली और इससे होने वाले पर्यावरणीय लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अत्याधुनिक परियोजना प्रतिदिन प्राप्त होने वाले ठोस अपशिष्ट से 25 मेगावाट विद्युत ऊर्जा का उत्पादन करने में सक्षम होगी। इसके शुरू होने से शहर में अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण को नई गति मिलेगी, साथ ही ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। अधिकारियों के अनुसार परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और वर्ष 2026 के अंत तक इसके पूर्ण होकर संचालन में आने की संभावना है।
अध्ययन भ्रमण के दौरान पार्षदों ने संसाधन पुनर्प्राप्ति, लिगेसी वेस्ट के निस्तारण, जैविक अपशिष्ट प्रसंस्करण तथा वेस्ट टू एनर्जी तकनीक से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों से कई तकनीकी प्रश्न भी पूछे। जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित यह व्यवस्था आगरा को स्वच्छ, हरित और सतत शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के अंत में महापौर ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, पर्यावरण प्रकोष्ठ के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पार्षद उपस्थित रहे।

सिकंदरा से कुबेरपुर तक सिटी बस से पहुंची मंत्र और पार्षद, दिया ईंधन बचत का संदेश

अध्ययन भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने निजी वाहनों के बजाय सिटी बस से यात्रा कर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया। महापौर एवं पार्षदगण सिकंदरा स्थित गुरुद्वारा परिसर से सिटी बस में सवार होकर कुबेरपुर स्थित इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट सिटी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों की तरह बस यात्रा का अनुभव लिया।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील कर रहे हैं। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिटी बस से यात्रा की गई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग से ईंधन की बचत के साथ-साथ ट्रैफिक और वायु प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से भी अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की।

यह पार्षद रहे उपस्थित

प्रकाश केसरवानी ,शरद चौहान, अनुराग चतुर्वेदी, हेमंत प्रजापति, अमित सिंह पटेल, मीनाक्षी वर्मा, प्रवीणा रजावत, विक्रांत कुशवाह, भरत शर्मा ,सुधीर राठौर, बद्री प्रसाद माहौर ,हरिओम बघेल और अनुज शर्मा

एनसीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों की मेहनत सराहनीय : मेजर जनरल गौरव गौतम

अपर महानिदेशक ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय का किया निरीक्षण
बाबा न्यूज
आगरा। एडीजी एनसीसी निदेशालय मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम ने उत्तर प्रदेश ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय आगरा का दौरा किया। उनके आगमन पर ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सुरेन्द्र पाल यादव, वाईएसएम, ने उनका स्वागत किया। ग्रुप की प्रशिक्षण गतिविधियों एवं चल रही पहलों के बारे में उन्हें जानकारी दी। एडीजी ने एनसीसी गतिविधियों के सफल संचालन में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्हें उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए इसी उत्साह के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने दौरे के दौरान एडीजी, आगरा ग्रुप मुख्यालय एनसीसी के तत्वावधान में अम्नीव विज़न स्कूल, उदयपुरा, इटावा में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर) CATC) का भी निरीक्षण करेंगे। इस शिविर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 450 कैडेट भाग ले रहे हैं। एडीजी शिविर में चल रहे प्रशिक्षण की समीक्षा करेंगे तथा कैडेटों के साथ संवाद भी करेंगे।

I Love Agra सेल्फी पॉइंट को संवारेंगी कुटुंब एवं इंडिया राइजिंग

 

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर “पर्यावरण प्रहरी सम्मान–2026” से नम्रता पचौरी सम्मानित

 एक वर्ष तक पौधों की देखभाल का लिया संकल्प, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन, नागरिकों ने संरक्षण का भी लिया संकल्प

बाबा न्यूज 

आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कुटुंब संस्था एवं इंडिया राइजिंग द्वारा दयालबाग स्थित I Love Agra (Selfie Point) पर वृक्षारोपण एवं सौंदर्यीकरण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संदेश दिया गया।

कुटुंब संस्था की सचिव  तपस्या सिंह ने बताया कि दोनों संस्थाओं द्वारा I Love Agra (Selfie Point) के सौंदर्यीकरण, सज्जा-संवार एवं समग्र रख-रखाव की जिम्मेदारी संयुक्त रूप से ग्रहण की गई है। कार्यक्रम के अंतर्गत लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई, खाद एवं संरक्षण सुनिश्चित करने हेतु आगामी एक वर्ष के लिए माली की व्यवस्था भी की गई है।

इस संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय पार्षद श्री भारत शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ, जिनके सहयोग से इस पर्यावरणीय पहल को प्रभावी रूप से मूर्त रूप दिया जा सका।

इंडिया राइजिंग के  आर.पी. सक्सेना (ब्रांड एम्बेसडर, स्वच्छ भारत अभियान, नगर निगम आगरा)  ने उपस्थित नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत सभी से अपने घरों एवं आसपास पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान कुटुंब संस्था के विदित सिंघल ने “पर्यावरण प्रहरी सम्मान – 2026″* की घोषणा की। इस वर्ष यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए  नम्रता पचौरी को प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि  सुरेश चंद गर्ग जी (तपन ग्रुप) ने पौधों की देखभाल हेतु एक वर्ष तक माली की व्यवस्था किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक है जब पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

विशिष्ट अतिथि  सुनील विकल एवं डॉ. मुनेश्वर गुप्ता  ने स्वयं वृक्षारोपण एवं सौंदर्यीकरण कार्य में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इंडिया राइजिंग की अध्यक्ष  संगीता राठौर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, हरित आवरण को प्रोत्साहित करना तथा समाज में वृक्षारोपण के महत्व को स्थापित करना है।

इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने वृक्षारोपण के साथ पौधों की एक वर्ष तक देखभाल सुनिश्चित करने की पहल को सराहनीय बताते हुए इसे वृक्षारोपण को सफल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में युगल सिंघल, नितिन जौहरी, वंदना कक्कड़, शालिनी अग्रवाल, मीनाक्षी अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, अमित कोहली, पूजा भौमिक, निशा गुप्ता, संदीप सिंह, दिव्या गुप्ता, समीर हसनैन, मोनिका अग्रवाल, वंशिका सिंह, डॉ. कुंती चौहान, सोनाली अग्रवाल,उदित गर्ग,राज कुमार सक्सेना,तरंग त्रिपाठी, अमिताभ गुप्ता,डॉ राजश्री, दीपक सिंह,रश्मि चोपड़ा,अमित तंडाणी,के के सक्सेना, सुंदर लाल चेतवानी,लाल राम तेंगुरिया अवधेश उपाध्याय, सुनील बग्गा,डॉ अमिता त्रिपाठी,दिलीप वर्मा,जोनी बाबू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

खुले पंख परिवार ने  फल और सब्जियां अर्पित की प्रथम गौ सेवा

 

पौधे एवं शरबत वितरण कर दिया सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बाबा न्यूज 

आगरा। सामाजिक संस्था खुले पंख परिवार द्वारा अग्रवन गौशाला, वाटर वर्क्स, आगरा में अपनी प्रथम गौ सेवा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत गौ माताओं को फल, सब्जियां एवं अन्न अर्पित कर श्रद्धापूर्वक गौ सेवा की गई। साथ ही अधिक मास के पावन अवसर पर आमजन को शीतल शरबत वितरित कर सेवा भाव का संदेश दिया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में संस्था द्वारा तुलसी के पौधों का वितरण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौ सेवा के माध्यम से समाज में करुणा, संवेदनशीलता एवं सेवा भावना का विस्तार होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से गौ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आग्रह किया।इस अवसर पर आनन्द अग्रवाल, आशु गोयल, एकता जैन, रविकांत दुवेश, निक्की जौहरी, राजकुमार जौहरी, भोलानाथ अग्रवाल, आशीष बंसल, योगेश जैन, अंकित गोयल, विक्की गर्ग, अतुल अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, नरेश बंसल, अजय पी. अग्रवाल, गिर्राज बंसल, चंद्रेश गर्ग, अर्चना जैन, रूबी अग्रवाल, चंचल गोयल, पूजा जैन, शिल्पी अग्रवाल, शिखा अग्रवाल, सीमा सिंघल, शालिनी गोयल, ममता शर्मा, पूजा बंसल, शिवम सिंघल एवं अनमोल गर्ग सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

भामसं के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भगोर अध्यक्ष, सौरभ शर्मा जिला मंत्री बने

 

 

 

 

महानगर की कमान ललित दक्ष, मंत्री श्री राधा रंजन शर्मा को सौंपी गयी
बाबा न्यूज
आगरा। सेठ पदमचंद जैन खंदारी कैंपस में भारतीय मजदूर संघ आगरा का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में संभाग संगठन मंत्री शंकर लाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र राणा, प्रदेश मंत्री देवेंद्र वर्मा, विभाग प्रमुख चंद्रभान, मुकेश चाहर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवीन जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए जिले की कमान फिर एक बार जिला अध्यक्ष के रुप में ओमप्रकाश भगोर को सौंपी गई है एवं जिला मंत्री सौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रभात गौतम, सह मंत्री चंद्रेश शर्मा प्रचार मंत्री सोमेश शर्मा को सर्वसम्मति से चुना गया। इसी प्रकार महानगर की कमान ललित दक्ष एवं मंत्री श्री राधा रंजन शर्मा को सौंपी गयी।
दूसरी बार जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश भगोर ने बताया कि श्रमिकों की समस्याओं को जोरदारी के साथ उठाया जाएगा। इस बार भी हर किसी को साथ लेकर काम किया जाएगा।