विश्व पर्यावरण दिवस: वाइल्डलाइफ एसओएस का मथुरा में दो हजार फलदार पौधे लगाए 

 

बाबा न्यूज 
आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वाइल्डलाइफ एसओएस ने उत्तर प्रदेश में संरक्षण एवं जागरूकता पहल का आयोजन किया, जिसमें बड़े पैमाने पर पारिस्थितिक पुनर्स्थापन और युवाओं की रचनात्मक भागीदारी को एक साथ जोड़ा गया।  वृक्षारोपण अभियान तथा मथुरा स्थित हाथी संरक्षण एवं देखभाल केंद्र में छात्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम शामिल थे। इन पहलों के माध्यम से संगठन ने क्षतिग्रस्त प्राकृतिक आवासों के पुनर्स्थापन तथा युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करने की अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।
वृक्षारोपण अभियान के तहत वाइल्डलाइफ एसओएस ने विभिन्न प्रजातियों के 2000 देशी वृक्ष लगाए, जिनमें 300 जामुन, 300 अनार, 100 अमरूद, 300 शहतूत, 300 इमली, 300 नीम, 200 अंजीर तथा 200 कटहल के वृक्ष शामिल हैं। यह पहल पारिस्थितिक संतुलन को पुनर्स्थापित करने, स्थानीय जैव विविधता को सुदृढ़ बनाने तथा दीर्घकालिक हरित गलियारों के निर्माण के लिए संगठन के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
वृक्षारोपण अभियान, क्षेत्र में वाइल्डलाइफ एसओएस द्वारा किए जा रहे व्यापक आवास पुनर्स्थापन कार्यों को आगे बढ़ाता है, जिसमें वन पारिस्थितिक तंत्रों के पुनर्जीवन तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित वनीकरण के माध्यम से देशी प्रजातियों के संरक्षण के निरंतर प्रयास शामिल हैं। फलदार और देशी वृक्ष प्रजातियों को प्राथमिकता देकर इस पहल का उद्देश्य वन्यजीवों के लिए भोजन की उपलब्धता बढ़ाना, मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार करना तथा स्थानीय सूक्ष्म जलवायु परिस्थितियों को बेहतर बनाना है।

हाथी संरक्षण एवं देखभाल केंद्र में वाइल्डलाइफ एसओएस ने दो विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के 20 विद्यार्थियों के लिए एक रचनात्मक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में “विलुप्ति सदा के लिए है” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता तथा “मूक प्राणियों की आवाज़ बनें” शीर्षक से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कला और प्रदर्शन के जरिए संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण चुनौतियों को समझने और अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में पशु क्रूरता, आवास विनाश तथा अवैध शिकार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रजातियों के विलुप्त होने के अपरिवर्तनीय परिणामों पर विचार करने के लिए प्रेरित किया गया। दोनों गतिविधियों का उद्देश्य वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा युवा प्रतिभागियों को संरक्षण के लिए सक्रिय आवाज़ बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बलदेव विधानसभा क्षेत्र, मथुरा, के विधायक पूरन प्रकाश, पंकज प्रकाश, विधायक प्रतिनिधि, बलदेव विधानसभा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता तथा सामाजिक वानिकी प्रभाग, मथुरा, के प्रभागीय निदेशक वेंकट श्रीकर पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने हाथी संरक्षण एवं देखभाल केंद्र में वृक्षारोपण गतिविधि में भाग लिया, विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और पर्यावरण संबंधी विषयों की उनकी रचनात्मक अभिव्यक्तियों तथा संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

इस अवसर पर वाइल्डलाइफ एसओएस के सह संस्थापक एवं सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह याद दिलाता है कि संरक्षण केवल संरक्षित क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। इसकी शुरुआत समाज के हर स्तर पर जागरूकता, सहभागिता और जिम्मेदारी से होती है। जब युवा कला और रंगमंच के माध्यम से अपनी बात रखते हैं, तो वे यह तय कर रहे होते हैं कि आने वाली पीढ़ियाँ प्रकृति को किस दृष्टि से देखेंगी और उसकी रक्षा कैसे करेंगी।
वाइल्डलाइफ एसओएस की सह संस्थापक एवं सचिव गीता सेशमणि ने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह याद दिलाता है कि संरक्षण का मूल आधार सहअस्तित्व है। आज लगाया गया प्रत्येक वृक्ष उस पारिस्थितिक संतुलन को पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिस पर वन्यजीव निर्भर हैं, और इन गतिविधियों से जुड़ने वाला प्रत्येक युवा मन उस भविष्य का संरक्षक बनता है।”

वाइल्डलाइफ एसओएस के डायरेक्टर कंज़रवेशन प्रोजेक्ट्स, बैजूराज एम.वी. ने कहा, “हमें इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश वन विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग और समर्थन से हम 2000 से अधिक वृक्ष लगाकर हरित आवरण बढ़ाने तथा सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न करने में सफल रहे हैं।”

बलिया में शिव महापुराण कथा का आयोजन:भव्य कलश यात्रा निकाली, सात दिन चलेगी कथा

बलिया के बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में 9 से 15 जून तक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इस कथा के निमित्त शुक्रवार को कलश यात्रा निकाली गई और भूमि पूजन संपन्न हुआ। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के संकल्प से शुरू हो रही इस कथा के लिए कलश यात्रा बांसडीह रोड तिराहा से प्रारंभ हुई। इसमें सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आए, जबकि महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए। कलश यात्रा मंदिर परिसर की परिक्रमा कर कथा स्थल पर पहुंची। इस अवसर पर कथा आयोजन की सफलता और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन भी संपन्न कराया गया। आयोजन के यजमान जयराम सिंह, काशीनाथ पांडेय और हर्ष सिंह की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्यों ने पूजन-अर्चन कर कथा स्थल का शुभारंभ किया। आयोजकों ने बताया कि 9 जून से शुरू होने वाली शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। कलश यात्रा एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सीतापुर में सीएम योगी के जन्मदिन पर जनसेवा कार्यक्रम:जिलाध्यक्ष ने श्रमिकों को बांटी टी-शर्ट, हिंदू सेवा सुरक्षा संघ ने राज्यमंत्री संग वितरित किया प्रसाद

सीतापुर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर शुक्रवार को जिले में विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर श्रमिकों और कामगारों के सम्मान में टी-शर्ट वितरण, पुष्प वर्षा तथा विशाल प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ट्रांसपोर्ट चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में श्रमिक एवं मजदूरों के बीच टी-शर्ट वितरित की गईं और उन पर पुष्प वर्षा कर उनके श्रम एवं योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस जनसेवा और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि श्रमिक और कामगार समाज की प्रगति के आधार हैं, इसलिए उन्हें इस खुशी में सहभागी बनाना गौरव की बात है। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला मंत्री आकाश अग्रवाल द्वारा किया गया।
वहीं मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को हिंदू स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाते हुए हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के तत्वावधान में विशाल प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप खेतान ने किया। इस दौरान नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला तथा अन्य अतिथियों ने श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विपुल सिंह, जिला उपाध्यक्ष विश्राम सागर, पूर्व गन्ना समिति चेयरमैन बबलू अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं प्रदेश की निरंतर उन्नति की कामना की। कार्यक्रम के अंत में अनूप खेतान ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। सौहार्द, सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ दोनों कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

हाथ जोड़कर रोते हुए कहा- भैया हमारे घर बचा लो:मेरठ में धरने पर बैठी महिलाओं ने विनीत शारदा को राखी बांध लगाई गुहार

मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेक्टर-2 की महिलाओं ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा के कैंप कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने भावुक होकर हाथ जोड़ते हुए गुहार लगाई और विनीत शारदा को राखी और रक्षा सूत्र बांधते हुए अपने घरों और रोजगार को बचाने की गुहार लगाई।
शास्त्रीनगर स्थित नई सड़क स्थित कैंप कार्यालय पर बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने बताया कि वे 10 अप्रैल से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। महिलाओं का कहना था कि आवास विकास परिषद की कार्रवाई के चलते 30, 35, 40 और 50 मीटर के छोटे मकान और दुकानें खतरे में हैं, जिससे उनके परिवारों के सामने आजीविका और भविष्य का संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं ने विनीत अग्रवाल शारदा को राखी बांधते हुए कहा कि वे उन्हें अपना भाई मानकर आई हैं और अब उनकी रक्षा करना उनका दायित्व है। महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए आग्रह किया कि उनकी राखी और पीड़ा मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाए, ताकि उनके घरों और रोजगार को बचाने के लिए सकारात्मक कदम उठाए जा सकें। महिलाओं की पीड़ा सुनकर विनीत अग्रवाल ने कहा कि बहनों द्वारा बांधा गया रक्षा सूत्र उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। विनीत शारदा ने कहा कि वे पहले भी दो बार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठा चुके हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेरठ दौरे के दौरान भी संबंधित समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पुनः मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगेंगे और महिलाओं द्वारा बांधी गई राखी के साथ उनकी भावनाओं एवं समस्याओं को उनके समक्ष रखेंगे। महिलाओं ने आवास विकास परिषद के अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए। इस पर विनीत शारदा ने परिषद के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर अदालत के आदेशों के अनुरूप कार्य करने तथा आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने की बात कही। इस दौरान महिलाओं में जगरोशनी, शीतल पुजानी, सरोजनी, सुषमा, शांति, निर्मला देवी, कांती देवी, सुदेश वर्मा, सुनीता कन्नोजिया, गीता, सुषमा बंसल, राधा गुप्ता, शालू शर्मा, कुसुम,प्रवेश, सुषमा महेश्वरी आदि के साथ अध्यक्ष मनोज गर्ग, हरि पुजानी, ध्रुव प्रसाद, आलोक सिसोदिया, नरेंद्र राष्ट्रवादी, अजय बंसल, व्यापारी नेता उमेश अग्रवाल शारदा सहित लोग मौजूद रहे।

6 आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर हुआ:रवि शंकर छवि, पूनम और सचिंद्र पटेल को मिली नई तैनाती

यूपी सरकार ने 6 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। रवि शंकर छवि को लोक शिकायत मुख्यालय, लखनऊ में नई जिम्मेदारी दी गई है। हरीश चंद्र को कानपुर परिक्षेत्र से भ्रष्टाचार निवारण संगठन, लखनऊ भेजा गया है। पूनम को मेरठ से मिर्जापुर परिक्षेत्र, अशोक कुमार-चतुर्थ को सीआईडी लखनऊ से देवीपाटन परिक्षेत्र (गोंडा), सचिंद्र पटेल को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, लखनऊ से पुलिस कमिश्नरेट आगरा और यमुना प्रसाद को पीटीएस मुरादाबाद से कानपुर परिक्षेत्र में तैनात किया गया है। सरकार ने आदेश जारी कर नई तैनातियों पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
पूरी लिस्ट देंखे
खबर अपडेट हो रही है।

गोंडा पुलिस ने ठगी के 2.37 लाख रुपये वापस कराए:APK फाइल से ठगों ने की थी फाइव स्टार होटल बुकिंग, मुकदमा दर्जकर कराया वापस

गोण्डा पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर कवच’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति के खाते से उड़ाई गई 2,37,615 रुपये की पूरी धनराशि सुरक्षित वापस करा दी गई। यह राशि गोण्डा के आवास विकास कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव के खाते से निकाली गई थी। ठगों ने राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव के मोबाइल फोन में एक संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करवाई थी। इस फाइल के जरिए उन्होंने पीड़ित के फोन का अनाधिकृत एक्सेस प्राप्त कर उनके बैंक खाते में सेंध लगाई। साइबर ठगों ने इस रकम को सीधे ट्रांसफर करने के बजाय ‘Makemytrip’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के विभिन्न फाइव-स्टार होटलों में ऑनलाइन बुकिंग कर ली थी। पीड़ित को खाते से पैसे कटने की जानकारी हुई, तो उन्होंने तत्काल साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देश पर साइबर थाना टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने तुरंत ‘Makemytrip’ और संबंधित होटलों के प्रबंधन से संपर्क किया। तकनीकी साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए अपराधियों द्वारा की गई सभी होटल बुकिंग्स को तत्काल निरस्त करवाया गया।इसके बाद बैंक और अन्य मध्यस्थ संस्थाओं के समन्वय से पीड़ित के खाते में पूरी रकम ₹2,37,615 वापस रिफंड कराई गई। इस सफलता के बाद गोण्डा पुलिस और मीडिया सेल ने आम नागरिकों के लिए साइबर ठगी से बचने हेतु विस्तृत एडवायजरी और सुरक्षा टिप्स जारी किए हैं। पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई भी .APK फाइल, रिमोट एक्सेस ऐप (जैसे TeamViewer, AnyDesk) या संदिग्ध लिंक डाउनलोड न करें।

प्रो. मनोज रावत अध्यक्ष, डा. संध्या अग्रवाल महासचिव निर्वाचित

 

 


प्रांत अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार रावत ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की
बाबा न्यूज
आगरा। विज्ञान भारती, ब्रज प्रांत की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन इज्जतनगर, बरेली में आयोजन किया गया, जिसमें नवीन सत्र के लिए आगरा के प्रो मनोज कुमार रावत को प्रांत अध्यक्ष एवं डा संध्या अग्रवाल को प्रांत महासचिव सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव अधिकारी डॉ प्रवीन सिंह ने ये घोषणा की।
वार्षिक साधारण सभा की शुरूआत विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रवीण रामदास ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित विज्ञान भारती के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रामदास ने कहा कि विज्ञान भारती, भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा एवं आधुनिक विज्ञान के समन्वय के उद्देश्य से पूरे देश में कार्य कर रही है। आज विज्ञान भारती देश के उच्च शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक संस्थानों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर चुकी है। उन्होंने ब्रज प्रांत में विज्ञान भारती के कार्य विस्तार पर भी चर्चा की।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री आशुतोष सिंह ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समाज में सुदृढ़ करने तथा राष्ट्र हित में विज्ञान आधारित जागरूकता फैलाने हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत हेतु विज्ञान भारती द्वारा किए जा रहे है कार्यों को रेखांकित किया। इससे पूर्व प्रांत महासचिव डा संध्या अग्रवाल ने वर्ष भर की गतिविधियों की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अमित अग्रवाल तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रवि शरण सिंह ने किया।
प्रांत अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार रावत ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के रूप में आगरा से प्रो. अमित अग्रवाल, सचिव डॉ. यशश्विता चौहान, मीडिया समन्वयक नीरज अग्रवाल, शक्ति समन्वयक डा सीमा गुप्ता, रितु सिसोदिया, विश्व वेद विज्ञान सम्मेलन की राज्य समन्वयक प्रो सीमा भदौरिया, प्रांत समन्वयक राजीव कुमार गर्ग, निजी विश्वविद्यालय प्रमुख डॉ आयुष मंगल, टेक-4-सेवा समन्वयक डॉ बीएस कुशवाह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रो रामबीर सिंह एवं डॉ आकाश त्रिपाठी सहित 35 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित की।
साधारण सभा में डॉ भीम राव आम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की कुलपति प्रो आशु रानी को विज्ञान भारती ब्रज प्रांत के संरक्षक के रूप में मनोनीत किया गया है।

भाविप ने सहयोग वाटिका में समर्पण ने लगाए पचास पौधे

बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद् समर्पण शाखा की ओर से पर्यावरण दिवस पर पालीवाल पार्क स्थित सहयोग वाटिका में पौधरोपण किया गया। अध्यक्ष नितिन गोयल ने बताया कि आज पर्यावरण दिवस सिर्फ वर्ष में एक बार 5 जून को मना इतिश्री करने का समय नही है बल्कि हर माह की 5 तारीख तो पर्यावरण संरक्षण करने की आवश्यकता है। पर्यावरण बचने के लिए अगर हम पौधा लगा कर देखभाल करने की जिम्मेदारी ले तो हमे शुद्ध आॅक्सीजन मिलेगी और हम स्वस्थ भी रहेंगे।
कार्यक्रम प्रभारी अनुभव अग्रवाल ने बताया कि सहयोग वाटिका में में पीपल, नीम, जामुन तथा अमरूद के 50 पौधे लगाए। पौधों की देखभाल करने की जिम्मेदारी कमेठी ने ली। इस अवसर पर प्रमुख रूप से दीपक अग्रवाल, उत्सव मित्तल, रिंकेश मित्तल, अनुपम बंसल, दीपक जैन, मनीष गोयल, संजीव दौनेरिया, देवेंद्र माडलस आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।