बदायूं में आचार्य अभ्यास वर्ग कार्यक्रम:श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर में शिक्षकों को मिली ट्रेनिंग
बदायूं के मीरा चौकी स्थित श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के बदायूं संकुल द्वारा आचार्य अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। दोपहर 1 बजे शुरू हुए इस वर्ग में जिले के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिरों के आचार्यों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, संस्कारयुक्त शिक्षा और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर प्रशिक्षण दिया गया। अलीगढ़ संभाग के जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह ने शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आचार्य केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र के भावी नागरिकों के चरित्र निर्माण के प्रमुख शिल्पी होते हैं। उनके आचरण, अनुशासन और समर्पण का विद्यार्थियों के जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए शिक्षक का स्वयं अनुशासित और संस्कारवान होना आवश्यक है। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह, बाल कल्याण समिति के मंत्री मनीष सिंघल, शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर के प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा, श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर के प्रबंधक ओमप्रकाश वैश्य और संकुल प्रमुख सतीश कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षकों लखन पटेल, श्रीकृष्ण वर्मा, प्रभाकर सक्सेना, सुरेश पाल और सुरेश यादव ने विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया। अभ्यास वर्ग में भारतीय शिक्षा दर्शन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, बालक केंद्रित शिक्षण, कक्षा प्रबंधन, मूल्यपरक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और विद्यालय में संस्कार निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई। आचार्यों ने योग, समूह चर्चा, शिक्षण प्रदर्शन और व्यवहारिक सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेकर शिक्षण के नए तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श किया और अपने अनुभव साझा किए। समापन सत्र में सभी आचार्यों ने विद्यालयों में नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों को अपनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि नियमित प्रशिक्षण से शिक्षकों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को मिलता है। प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ही कार्यक्रम का सफल संचालन भी किया। इस अवसर पर सुशील कुमार, मुकेश कुमार शर्मा, संजीव कुमार, सुबोध शर्मा, अनूप कुमार शर्मा, रविंद्र पाल सिंह, कमलेश कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और आचार्य उपस्थित रहे।

