Breaking News
बहराइच में संजय निषाद की संकल्प रैली:बोले- समाज एकजुट होगा तो मिलेगा आरक्षण, ‘दलालों’ से दूर रहें

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बहराइच पहुंचे। उन्होंने मत्स्य पालकों की बैठक में हिस्सा लिया। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संकल्प रैली निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य निषाद समाज को आरक्षण दिलाने और समाज को बूथ स्तर पर एकजुट कर राजनीतिक रूप से सक्रिय करना रहा। बोले- समाज को जगाने के लिए निकले हैं रैली के समापन के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि वह निषाद समाज को जगाने और एकजुट करने के लिए निकले हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह काशीराम और मुलायम सिंह यादव ने अपने-अपने समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक किया, उसी तरह वह भी निषाद समाज को संगठित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब हर बूथ पर 10 युवा एकजुट होंगे तो समाज की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने दलित समाज का उदाहरण देते हुए कहा कि जागरूकता के बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई और अपने अधिकार हासिल किए। बोले- बहकावे में आकर मतदान न करें डॉ. संजय निषाद ने निषाद समाज के लोगों से ‘दलालों’ के चंगुल से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को किसी के बहकावे में आकर मतदान नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग दूसरी पार्टियों में जाकर निषाद पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। उनके मुताबिक, ऐसे लोगों को सबक सिखाने और समाज को दूसरी पार्टियों से दूर रखकर एकता बनाए रखने के उद्देश्य से संकल्प रैली आयोजित की गई है। मदरसों पर केशव मौर्य के बयान का समर्थन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मदरसों को आतंकवाद का अड्डा बताए जाने संबंधी बयान पर डॉ. संजय निषाद ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि इस बयान के समर्थन में मीडिया रिपोर्ट्स को पर्याप्त सबूत माना जा सकता है। आरक्षण के मुद्दे पर एकजुट करने का दावा डॉ. संजय निषाद ने कहा कि रैली का उद्देश्य निषाद समाज में एकता स्थापित करना और आरक्षण की मांग को लेकर लोगों को एकजुट करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

22,749 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण:अम्बेडकरनगर में 28,836 का लक्ष्य, अभियान 31 अगस्त तक जारी

अम्बेडकरनगर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार तक 22,749 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह अभियान आगामी 31 अगस्त तक जारी रहेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि जिले में 14 वर्ष पूर्ण और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण के लिए कुल 28,836 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एक अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस अभियान के तहत शनिवार शाम 5:30 बजे तक 875 बच्चियों को एचपीवी का टीका लगाया गया। इसके साथ ही जिले में अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 22,749 किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है। अभियान की निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न टीकाकरण सत्र स्थलों का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने अकबरपुर ब्लॉक के विभिन्न सत्र स्थलों का जायजा लिया और टीकाकरण की स्थिति का मूल्यांकन किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने टांडा ब्लॉक में अभियान का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त, जिले के सभी उप मुख्य चिकित्साधिकारी, ब्लॉक अधीक्षक, सहायक शोध अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने ब्लॉकों में एचपीवी टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

औरैया में रेशम उत्पादन की नई तकनीकों का प्रदर्शन:’मेरा रेशम मेरा अभिमान’ अभियान के तहत किसानों को जानकारी

औरैया के राजकीय रेशम फॉर्म उम्मेदपुर में शनिवार दो बजे एक तकनीकी प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेंट्रल सिल्क बोर्ड के ‘मेरा रेशम मेरा अभिमान’ अभियान के तहत हुए इस कार्यक्रम में उम्मेदपुर और आसपास के गांवों के लगभग 55 किसानों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, गोंडा के वैज्ञानिक श्री छत्रपाल ने किसानों को रेशम उत्पादन की विभिन्न तकनीकों का सजीव प्रदर्शन किया। इसमें विशुद्धीकरण तकनीक, सूट रियरिंग तकनीक, शहतूत का पौधा लगाने की विधि और शहतूत की नर्सरी तैयार करने की तकनीक शामिल थी। वैज्ञानिक ने इन तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ उनका व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। किसानों को बताया गया कि कैसे इन आधुनिक विधियों का उपयोग करके रेशम उत्पादन को बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में केंद्र के वरिष्ठ तकनीकी सहायक श्री फैयाज अहमद भट, राजकीय रेशम फॉर्म उम्मेदपुर के प्रभारी श्री राघवेंद्र सिंह और रेशम विभाग के कई कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। किसानों ने वैज्ञानिकों और तकनीकी सहायकों द्वारा बताई गई तकनीकों को ध्यान से सुना और उन पर विस्तार से चर्चा की।

बदायूं में आचार्य अभ्यास वर्ग कार्यक्रम:श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर में शिक्षकों को मिली ट्रेनिंग

बदायूं के मीरा चौकी स्थित श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के बदायूं संकुल द्वारा आचार्य अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। दोपहर 1 बजे शुरू हुए इस वर्ग में जिले के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिरों के आचार्यों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, संस्कारयुक्त शिक्षा और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर प्रशिक्षण दिया गया। अलीगढ़ संभाग के जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह ने शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आचार्य केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र के भावी नागरिकों के चरित्र निर्माण के प्रमुख शिल्पी होते हैं। उनके आचरण, अनुशासन और समर्पण का विद्यार्थियों के जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए शिक्षक का स्वयं अनुशासित और संस्कारवान होना आवश्यक है। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह, बाल कल्याण समिति के मंत्री मनीष सिंघल, शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर के प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा, श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर के प्रबंधक ओमप्रकाश वैश्य और संकुल प्रमुख सतीश कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षकों लखन पटेल, श्रीकृष्ण वर्मा, प्रभाकर सक्सेना, सुरेश पाल और सुरेश यादव ने विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया। अभ्यास वर्ग में भारतीय शिक्षा दर्शन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, बालक केंद्रित शिक्षण, कक्षा प्रबंधन, मूल्यपरक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और विद्यालय में संस्कार निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई। आचार्यों ने योग, समूह चर्चा, शिक्षण प्रदर्शन और व्यवहारिक सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेकर शिक्षण के नए तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श किया और अपने अनुभव साझा किए। समापन सत्र में सभी आचार्यों ने विद्यालयों में नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों को अपनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि नियमित प्रशिक्षण से शिक्षकों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को मिलता है। प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ही कार्यक्रम का सफल संचालन भी किया। इस अवसर पर सुशील कुमार, मुकेश कुमार शर्मा, संजीव कुमार, सुबोध शर्मा, अनूप कुमार शर्मा, रविंद्र पाल सिंह, कमलेश कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और आचार्य उपस्थित रहे।

सीतापुर में अवैध असलहा फैक्ट्री का खुलासा:दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, तमंचे-उपकरण बरामद, कई जिलों में होती थी सप्लाई

सीतापुर में एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर करीब 4:30 बजे अवैध शस्त्र बनाने और मरम्मत करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन निर्मित 315 बोर के तमंचे, मरम्मत के लिए रखे चार 12 बोर के तमंचे, एक 12 बोर की अद्धी, एक अर्धनिर्मित तमंचा, 10 कारतूस, कूटरचित नंबर प्लेट लगी बाइक और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई पर एसपी अंकुर अग्रवाल ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसओजी की टीम 22वीं वाहिनी एनसीसी कैंपस के बाहर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जंगल की ओर से बाइक से आ रहे इमरान को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से तीन 315 बोर के तमंचे और मोबाइल बरामद हुए। बाइक की जांच करने पर उसकी वास्तविक नंबर प्लेट बदलकर कूटरचित नंबर प्लेट UP31 AW 2832 लगाए जाने की पुष्टि हुई। वास्तविक नंबर UP31 BU 1214 बताया गया है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ के बाद इमरान की निशानदेही पर पुलिस टीम ने ग्रास फार्म में बिजली कार्यालय के पास घनी झाड़ियों में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक यहां मोमबत्ती की रोशनी में अवैध शस्त्र बनाए और मरम्मत किए जा रहे थे। मौके से निसार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से भट्ठी, धौंकनी, बर्मा मशीन, रिंच, छेनी, हथौड़े, रेती, गिरमिट, सुहागा, लोहे की नाल और फ्रेम समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार इमरान उर्फ कालिया और निसार दोनों तंबौर थाने के हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक इमरान के खिलाफ सीतापुर समेत बहराइच, लखीमपुर खीरी, गोंडा और सिद्धार्थनगर में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ कोतवाली नगर में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।