Breaking News
शहर में 60Km/h. प्रतिघंटा होगी गाड़ियों की रफ्तार:झांसी में प्रभारी मंत्री बोले-मेरे रहते जिले के विकास को मिली रफ्तार, स्वास्थ्य सेवाओं में भी दिख रहा सुधार

झांसी के कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और झांसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिले के आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन, यातायात, सड़कों और निर्माण कार्यों को लेकर लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को औचक निरीक्षण के दौरान मिली कमियों की जांच रिपोर्ट शुक्रवार शाम तक आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल में बाहर से दवा मंगाने पर आज हो सकती है कार्रवाई प्रभारी मंत्री ने बताया कि गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में निरीक्षण के दौरान पांच मरीज भर्ती मिले थे। उनके अनुसार, मरीजों के तीमारदारों से बाहर से लिखी गई दवाएं मंगवाई जा रही थीं। मंत्री ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है।
उन्होंने बताया कि एडीएम और सीएमओ जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे। इसके बाद रिपोर्ट में यदि किसी तरह के सुधार की जरूरत सामने आती है तो उस पर काम किया जाएगा। वहीं, यदि किसी को दंडित करने की स्थिति बनती है तो कार्रवाई भी की जाएगी। जयवीर सिंह ने कहा कि पिछली समीक्षा की तुलना में इस बार जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिला है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन सेवाओं में कितना सुधार हुआ है। महंगी मशीनें बंद, ऑपरेटर के लिए शासन को पत्र
मेडिकल कॉलेज में महंगी मशीनें बंद होने और उन्हें संचालित करने के लिए ऑपरेटर नहीं होने का मुद्दा भी पत्रकार वार्ता में उठा। इस पर प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। 500 बेड अस्पताल के लिए 47 करोड़ मांगेंगे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज परिसर में बने 500 बेड के अस्पताल को शुरू करने के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि अस्पताल का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन मशीनों और ऑपरेटरों के लिए 47 करोड़ रुपए का फंड अभी नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से इस संबंध में पत्र तैयार करने को कहा गया है। प्रभारी मंत्री के मुताबिक वह शासन स्तर से 47 करोड़ रुपए स्वीकृत कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि फंड मिलने के बाद मशीनों के साथ ऑपरेटर भी उपलब्ध कराए जाएंगे और अस्पताल को जल्द जनता के लिए शुरू किया जाएगा। पर्यटन विकास के लिए 10 करोड़ स्वीकृत
प्रभारी मंत्री ने बताया कि समीक्षा बैठक में जिले के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पर्यटन विकास पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विकास के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से जिले में पर्यटन से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे।
रात 10 बजे के बाद 60 किमी प्रति घंटे की स्पीड का प्रस्ताव यातायात व्यवस्था को लेकर प्रभारी मंत्री ने बताया कि समीक्षा बैठक में कई बिंदुओं पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि शहर में वाहनों की निर्धारित गति सीमा को 45 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे करने का निर्णय लिया गया है। उनके मुताबिक यह बढ़ी हुई गति सीमा रात 10 बजे के बाद लागू होगी। मंत्री ने यह भी कहा कि सड़क की सफेद पट्टी के बाहर खड़े वाहनों का चालान नहीं किया जाएगा। अक्टूबर से नॉन-जेडए जमीनों पर अभियान
अवैध निर्माण के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद कई जगह अवैध निर्माण रोके गए हैं और कुछ मामलों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी हुई है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि कोर कमेटी की बैठक में तय किया गया है कि शहरी क्षेत्रों में नॉन-जेडए की ऐसी जमीनें, जिन पर अभी निर्माण नहीं हुआ है, उन्हें चिह्नित किया जाएगा। अक्टूबर से अभियान चलाकर ऐसी जमीनों को नगर निगम को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि न्यायालय में लंबित मामलों में भी प्रभावी पैरवी की जाएगी। बारिश के बाद शहर की सड़कों का होगा निरीक्षण
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि बारिश खत्म होने के बाद शहर की सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। इसमें नगर निगम, झांसी विकास प्राधिकरण और पीडब्ल्यूडी की टीमें शामिल होंगी।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद सड़कों का निर्माण मानकों के अनुरूप कराने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में खनन प्रभावित सड़कों के निर्माण के लिए मऊरानीपुर और गरौठा में करीब 7.5 करोड़ रुपए की लागत से काम कराने की बात भी उन्होंने बताई। हाइवे की मरम्मत के लिए अभी से कागजी कार्रवाई के निर्देश झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे की खराब स्थिति का मुद्दा भी पत्रकार वार्ता में उठा। इस पर प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि बारिश अब खत्म होने की ओर है। इसलिए अधिकारियों को निर्देश देकर कागजी प्रक्रिया पहले ही पूरी करा ली जाए, ताकि बारिश खत्म होते ही सड़क की मरम्मत और निर्माण का काम धरातल पर दिखाई दे। हर निर्माण की थर्ड पार्टी से होगी जांच जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराया जाएगा।
मंत्री के अनुसार, थर्ड पार्टी से गुणवत्ता जांच के बाद ही किसी भवन या अन्य निर्माण कार्य को संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *