नोएडा में कार सावार दो युवकों पर मुकदमा:टक्कर से एक व्यक्ति की हुई थी मौत, अब तक नहीं हो सकी पहचान, नाले पर पलटी थी कार
सेक्टर-24 थानाक्षेत्र में अंडरपास के पास तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराकर पलटने और पास के नाले में व्यक्ति का शव मिलने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कार की चपेट में आने के बाद अधेड़ नाले में जा गिरा था। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार सवार अमन उर्फ अरमान और अनिकेत को हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ मोरना चौकी प्रभारी अजीत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। हालांकि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। 19 सितंबर की तड़के करीब तीन बजे बुलंदशहर निवासी अमन और अनिकेत कार से बरौला से निकले थे। दोनों वर्तमान में बरौला में किराये का कमरा लेकर रह रहे हैं। जिस कार से दोनों जा रहे थे, वह उनके साथ रहने वाले शिवा की है। शिवा भी उसी इमारत में रहता है, जहां अमन और अनिकेत रहते हैं। पुलिस की जांच के अनुसार दोनों सेक्टर-49 की ओर से सेक्टर-12-22 की तरफ जा रहे थे। 100 किमी प्रतिघंटा थी कार
वेव सिटी मॉल के पास अंडरपास से पहले तेज रफ्तार होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई। पुलिस का दावा है कि उस समय कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अनियंत्रित होने के बाद कार कई फीट तक उछली और नाले के ऊपर जाकर पलट गई। इसी दौरान पास में मौजूद एक अधेड़ व्यक्ति कार की चपेट में आ गया और नाले में जा गिरा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान खुल गए थे एयरबैग हादसा इतना जोरदार था कि कार के एयरबैग खुल गए। अमन और अनिकेत को भी मामूली चोटें आईं, लेकिन दोनों कार से सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे के बाद दोनों कार को मौके पर ही छोड़कर वहां से चले गए। सुबह लोगों ने नाले के ऊपर पलटी कार देखी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान नाले में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी भी पुलिस को मिली।
प्राधिकरण का कर्मचारी है एक आरोपी
जांच में सामने आया कि कार सवार दोनों युवक मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले हैं। अनिकेत प्राधिकरण में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता है, जबकि अमन एक जिम में ट्रेनर है। हादसे के बाद दोनों के मौके से चले जाने के कारण पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। पूछताछ के बाद दोनों को हिरासत में लिया गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के समय कार सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे।

