Breaking News
22,749 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण:अम्बेडकरनगर में 28,836 का लक्ष्य, अभियान 31 अगस्त तक जारी

अम्बेडकरनगर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार तक 22,749 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह अभियान आगामी 31 अगस्त तक जारी रहेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि जिले में 14 वर्ष पूर्ण और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण के लिए कुल 28,836 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एक अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस अभियान के तहत शनिवार शाम 5:30 बजे तक 875 बच्चियों को एचपीवी का टीका लगाया गया। इसके साथ ही जिले में अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 22,749 किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है। अभियान की निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न टीकाकरण सत्र स्थलों का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने अकबरपुर ब्लॉक के विभिन्न सत्र स्थलों का जायजा लिया और टीकाकरण की स्थिति का मूल्यांकन किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने टांडा ब्लॉक में अभियान का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त, जिले के सभी उप मुख्य चिकित्साधिकारी, ब्लॉक अधीक्षक, सहायक शोध अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने ब्लॉकों में एचपीवी टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *