Breaking News
पूर्व विधायक के बेटे पर जानलेवा हमले का मुकदमा:बदायूं में युवती ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच जारी

बदायूं में बसपा के पूर्व विधायक मुस्लिम खां के बेटे अबुजर खान के खिलाफ एक युवती की शिकायत पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती ने अबुजर पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने और जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अलापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके माता-पिता रोजगार के सिलसिले में बचपन में ही मुंबई चले गए थे और वह भी उनके साथ वहीं रहने लगी थी। करीब एक साल पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी मुलाकात ककराला निवासी अबुजर खान से हुई। युवती के मुताबिक, परिचय बढ़ने के बाद अबुजर करीब दो महीने तक मुंबई में उसके साथ रहा। आरोप है कि इस दौरान उसने युवती की मां पर दबाव बनाकर ककराला स्थित अपने मकान की चाबी ले ली और वहां रखा सामान भी अपने साथ ले आया। युवती का कहना है कि अबुजर ने उससे शादी करने का भरोसा दिया, जिसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। शिकायत के अनुसार, 4 अगस्त की रात करीब 9 बजे युवती पड़ोस में एक रिश्तेदार के घर बैठी थी। इसी दौरान अबुजर का फोन आया और उसने उसे तत्काल घर आने के लिए कहा। युवती के घर पहुंचने पर आरोप है कि अबुजर ने उसके दुपट्टे से उसका गला कसकर जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद उसके मुंह में कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ डाल दिया। जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवती बेहोश हो गई। हालत बिगड़ने पर उसने अपने रिश्तेदारों को सूचना दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद युवती ने पुलिस को तहरीर दी। अलापुर पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर अबुजर खान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएचओ माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं, पूर्व विधायक मुस्लिम खां ने मामले पर फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *