Breaking News
भारत विकास परिषद नवज्योति ने रोपे 51 फलदार एवं छायादार पौधे

हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बाबा न्यूज़ 

आगरा। भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा द्वारा संस्कृति माह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कमला नगर मेन मार्केट स्थित पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शाखा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने 51 फलदार एवं छायादार पौधे रोपित किए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संस्थापक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण की नींव भी हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
शाखा अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल और सचिव नितिन अग्रवाल ने कहा कि भारत विकास परिषद नवज्योति सामाजिक एवं सेवा कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी निरंतर जागरूकता अभियान चलाती रहेगी। उन्होंने कहा कि फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भी उपयोगी होगा।
कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल और महिला सहभागिता मंजू गुप्ता ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष एड अनुराग भटनागर, मोहित अग्रवाल, रजनीश गुप्ता, दीपक भार्गव, अनिल गुप्ता, अमित गर्ग, राजकुमार अग्रवाल, अमित अग्रवाल, भावना भार्गव, गिरिजा चौहान, एनएस चौहान आदि उपस्थित रहे।

जनकपुरी महोत्सव से पहले विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, मंडलायुक्त से समिति ने रखीं प्रमुख मांगें

 

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के साथ जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप से की बैठक, आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

बाबा न्यूज़ 

आगरा। आगामी जनकपुरी महोत्सव 2026 को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के साथ-साथ आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के साथ मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप से उनके कार्यालय मुलाकात कर विस्तृत बैठक की। बैठक में जनकपुरी क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों, जनसुविधाओं एवं महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने जनकपुरी क्षेत्र की आवश्यकताओं को मंडलायुक्त के समक्ष रखते हुए कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आगरा की सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण महोत्सव है। हजारों श्रद्धालुओं और शहरवासियों की सहभागिता को देखते हुए आयोजन स्थल एवं उसके आसपास सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, यातायात व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य समय से पूरे किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु एवं अतिथि आगरा पहुंचते हैं। ऐसे में क्षेत्र को बेहतर सुविधाओं से युक्त करने के साथ-साथ आयोजन मार्गों एवं प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण भी आवश्यक है। समिति की ओर से जनकपुरी से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का आग्रह किया गया।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का गौरवपूर्ण आयोजन है। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शहरवासी शामिल होते हैं, इसलिए आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों सहित पूरे क्षेत्र में आवश्यक जनसुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और क्षेत्रवासियों को भी स्थायी रूप से बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने मंडलायुक्त से भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया, ताकि महोत्सव से पहले प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने समिति के पदाधिकारियों द्वारा रखे गए विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं से संबंधित सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जनकपुरी महोत्सव आगरा का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि जनकपुरी क्षेत्र से संबंधित जिन विकास कार्यों की आवश्यकता बताई गई है, उनका संबंधित विभागों से समन्वय कर परीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मंडलायुक्त ने कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों की सफलता के लिए प्रशासन और आयोजन समिति के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त कराने की बात कही।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष जनकपुरी महोत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां चल रही हैं। आयोजन में धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ आगरा की सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। जनकपुरी क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाने, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आयोजन को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, समन्वयक धर्मेश जैन, मनोज बंसल, संजय गोयल, स्वामीनाथ तिवारी, आलोक गर्ग, पार्षद वेद प्रकाश, मीडिया प्रभारी सुशील राणा आदि उपस्थित रहे।

हरियाली तीजोत्सव मेले में भारतीय संस्कृति और नारी स्वावलंबन का दिखेगा संगम

भारत विकास परिषद संकल्प, आगरा बृज प्रांत द्वारा किया जाएगा आयोजन
बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद संकल्प, आगरा बृज प्रांत द्वारा भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठ परंपराओं एवं संस्कारों के उन्नयन, प्रचार-प्रसार तथा महिला स्वावलंबन के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से हरियाली तीजोत्सव मेला का आयोजन 22 अगस्त को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में दोपहर 3 बजे से किया जाएगा। आयोजन की उद्घोषणा के अवसर पर प्रताप नगर स्थित बुर्जी वाला मंदिर में कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ व्यंजन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
जानकारी देते हुए संरक्षक डॉ. तरुण शर्मा एवं कीर्ति शर्मा ने बताया कि यह मेला पूर्ण रूप से महिलाओं को समर्पित होगा। इसमें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही भारत विकास परिषद के एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत महिलाओं की निशुल्क हीमोग्लोबिन जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा तथा कुशल चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा।
मेला प्रभारी रुक्मन अग्रवाल एवं मेला स्वागत अध्यक्ष रचना अग्रवाल ने बताया कि मेले में भारतीय संस्कृति की मूल परंपराओं को जीवंत करते हुए लोकगीत एवं मल्हार गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसका शुभारंभ शाम 4 बजे होगा। प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में कम से कम 4 और अधिकतम 6 महिलाओं का होना अनिवार्य रहेगा। इसमें मांगलिक अवसरों पर गाए जाने वाले ब्रज लोकगीत एवं मल्हार की ही प्रस्तुतियां दी जाएंगी। महिलाएं ढोलक एवं मजीरा के साथ अपनी प्रस्तुति देंगी।
मेला संयोजक वर्षा गर्ग एवं शकुन गर्ग ने बताया कि तीजोत्सव मेले में मेहंदी प्रतियोगिता, विविध वेशभूषा प्रतियोगिता, राखी थाल सज्जा प्रतियोगिता, आदर्श मां-बेटी, सास-बहू प्रतियोगिता तथा संकल्प श्रीमुखी तीज प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में केवल पौराणिक पात्रों—रामायण, महाभारत, देवी-देवता, संत एवं ऋषि आदि—पर आधारित वेशभूषा धारण करनी होगी।
संकल्प श्रीमति तीज प्रतियोगिता में विशेष रूप से विवाहित महिलाएं ही भाग ले सकेंगी और प्रतियोगिता में भारतीय परिधान में प्रस्तुति देना अनिवार्य होगा।
उद्घोषणा समारोह के साथ आयोजित व्यंजन प्रतियोगिता में रेनू सिंह, दिव्या बंसल, निशि, मोनिका, नेहा जैन, रुना शर्मा एवं वत्सला ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में महिलाओं ने विभिन्न पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रस्तुति देकर अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया।
नीलम गोयल, किरण कपूर, रूबी मोदी, डॉ अंशु अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, शालू अग्रवाल, टीटू गोयल, आशीष अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, विजय जैन, संजय कपूर आदि उपस्थित रहे।

 

सेवा, सद्भाव, स्वाद का संगम बनी एफ बी पार्टी

 

 

 

 

 

रोमांचक मैच में वाट्सअप इलेवन के कप्तान उपेंद्र अवस्थी ने विजय प्राप्त की
शिविर में फेसबुकियों ने रक्तदान कर सेवा का सन्देश दिया
बाबा न्यूज
आगरा। करीब छ: साल के अंतराल के बाद जब सभी पुराने फेसबुकिये मिले फेसबुक दाल वाटी पार्टी में खुशी की बारिश हो गई।
तीन सौ से अधिक फेसबुकी मित्रों ने संस्थापक सदस्य स्व. अतुल बंसल की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में उनको श्रद्धांजलि अर्पित की
सभी फेसबुक खिलाड़ियों के बीच क्रिकेट मैच का उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल जी एम खान ने गेंद को बल्ले से बाउंड्री के पार पंहुचा कर किया। मैच उपेंद्र अवस्थी कप्तान की टीम वाट्सअप इलेवन ओर ओशो प्रभाकर कप्तान फेसबुक इलेवन के बीच हुआ मैच एम्पायर बृजेश पंडित ने टास करा कर मैच की कमान संभाली, रोमांचक मैच मे वाट्सअप इलेवन के कप्तान उपेंद्र अवस्थी ने विजय प्राप्त की। कार्यक्रम में रक्त दान शिविर मे फेसबुकियो ने रक्तदान कर सेवा का सन्देश दिया, जिसकी शुरूआत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल जी एम खान ने रक्तदान कर की। रक्तदान शिविर मे सेवा मे महिला सदस्यों की अग्रणी भूमिका रही।
कार्यक्रम में ओसवाल फाउंडेशन के प्रमुख नरेश जैन ओर कर्नल जी एम खान ने मुख्य अतिथि की भूमिका मे न केवल शिरकत करी बल्कि सभी इवेंट्स मे फेसबुकी साथियों की तरह साथ दिया। विशिष्ट अतिथियों मे एन एन आई के प्रधान संपादक विवेक कुमार जैन, जन सन्देश के प्रधान संपादक नितेश शर्मा, अग्रभारत के प्रधान संपादक धर्मेन्द्र सिंह, फेसबुक संघ की संरक्षक वत्सला प्रभाकर, पार्षद भरत शर्मा, बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुनेन्द्र जादौन, समाज सेवी बंटी ग्रोबर, अलोक द्विवेदी, मुनीन्द्र शंकर त्रिवेदी, जोगेन्द्र सिंह, चर्तुभुज तिवारी, रेनू राय, प्राची शिवहरे,नवीन अरोड़ा, टोनी फास्टर, पर्मेन्द्र जैन आदि उपस्थिति रहे।
व्यवस्था राहुल बंसल, अलोक कृष्ण अग्रवाल, राजेश पंडित ने संभाली।
फेसबुक संस्थापक सदस्य संध्या खंडेलवाल ओर वीना अग्रवाल ने उपस्थिति सभी महिला पुरुषों को रोमांचक तम्बोला से बंधे रखा। विजय साथियों को आकर्षक उपहार दिए। अंत में विवेक खंडेलवाल एवं वीरेन अग्रवाल ने सभी मेहमानों का स्वागत किया।

डमरू की थाप पर गूंजा हर-हर महादेव, आगरा में साकार हुआ कैलाश

 

लॉयंस क्लब कॉनराय, लॉयंस क्लब प्रयास एवं ऐरिश एंटरटेनमेंट ने आयोजित किया कैलाश कार्यक्रम
आदियोगी की विराट प्रतिमा, रुद्रपाठ और बाबा मन:कामेश्वर की महाआरती से अलौकिक हुआ सूरसदन; गजेंद्र प्रताप सिंह के भजनों पर शिवभक्ति में झूमे श्रद्धालु
बाबा न्यूज
आगरा। सावन की पावन फुहारों के बीच आगरा नगरी पूरी तरह शिवमय हो उठी। डमरू की गूंज, शंखनाद, रुद्रपाठ, हर-हर महादेव के जयघोष और भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबे भजनों ने सूरसदन प्रेक्षागृह को मानो कैलाश धाम में परिवर्तित कर दिया। मंच पर विराजित बाबा मन:कामेश्वर नाथ के दिव्य स्वरूप और मध्य में स्थापित आदियोगी की विराट प्रतिमा के सानिध्य में सजे भव्य आध्यात्मिक आयोजन कैलाश में श्रद्धालु देर तक शिव आराधना में लीन रहे।
लॉयंस क्लब कॉनराय, लॉयंस क्लब प्रयास एवं ऐरिश एंटरटेनमेंट द्वारा आयोजित इस अनूठी शिवमय संध्या का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी, जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता, लॉयंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम अजय भार्गव, लॉयंस क्लब प्रयास के संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल, अशु मित्तल, अल्पना भार्गव, तरुण अग्रवाल, राजीव बंसल, ऐरिश एंटरटेनमेंट के निदेशक पुनीत अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके पश्चात डमरू और शंखनाद की मंगल ध्वनि के साथ वातावरण में शिवत्व का संचार हुआ। श्री मन:कामेश्वर मंदिर के तिलकायत श्री महंत योगेश पुरी ने वैदिक विधि-विधान से रुद्रपाठ किया। मंत्रों की गूंज और ह्यहर-हर महादेवह्ण के जयघोष के बीच बाबा मन:कामेश्वर नाथ की प्रसिद्ध आरती हुई। जैसे ही आरती की दिव्य ज्योति से पूरा सभागार आलोकित हुआ, श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा वातावरण अलौकिक आनंद में डूब गया। पुनीत अग्रवाल और इशिता अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

हजारों वर्ष पुराना है बाबा मन:कामेश्वर मंदिर का इतिहास
महंत योगेश पुरी ने बाबा मन:कामेश्वर नाथ मंदिर की प्राचीन महिमा और इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंदिर हजारों वर्षों से सनातन आस्था का केंद्र रहा है। उन्होंने द्वापर युग की पौराणिक कथा का वर्णन करते हुए बताया कि जब भगवान नारायण ने श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया, तब अपने आराध्य के दर्शन के लिए भगवान भोलेनाथ कैलाश से पधारे थे। किंतु उस समय यशोदा मैया ने बालक श्रीकृष्ण को किसी अपरिचित साधु के दर्शन कराने से मना कर दिया।
उन्होंने बताया कि इसी प्रसंग से जुड़ी मान्यता के अनुसार भगवान शिव ने आगरा की पावन धरती पर अपने लिंग स्वरूप की स्थापना की, जो आज श्री मन:कामेश्वर नाथ के रूप में भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाले देवाधिदेव महादेव के रूप में पूजित हैं। जब गोकुल में बाल स्वरूप श्रीकृष्ण ने अपने आराध्य भगवान शिव के दर्शन की इच्छा व्यक्त की, तब महादेव ने उन्हें दर्शन दिए। उन्होंने कहा कि बाबा मन:कामेश्वर की महिमा अनंत है और सावन मास में यहां की जाने वाली शिव आराधना का विशेष महत्व है।

रुद्राष्टक से शुरू हुई भक्ति की सुरमयी यात्रा
कार्यक्रम के सांस्कृतिक चरण में उज्जैन से पधारे लोकप्रिय भजन गायक गजेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी ओजपूर्ण और भावपूर्ण प्रस्तुति से वातावरण को शिवमय कर दिया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ की स्तुति रुद्राष्टक से अपनी प्रस्तुति का शुभारंभ किया। उनकी आवाज में गूंजे शिव स्तवन ने श्रोताओं को भक्ति के गहरे रस में डुबो दिया।
इसके बाद अनाहत नाथ बजाओ रे, शिव कैलाशों के वासी, सांसो की माला पर सिमरू मैं शिव का नाम सहित शिव भजनों की ऐसी श्रृंखला चली कि पूरा सभागार हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। कहीं श्रद्धालु हाथ उठाकर भोलेनाथ की आराधना करते दिखाई दिए तो कहीं भक्ति में झूमते नजर आए। गजेंद्र प्रताप सिंह की प्रस्तुति ने सावन की इस आध्यात्मिक संध्या को अविस्मरणीय बना दिया।

आदियोगी के विराट स्वरूप ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान
मंच के मध्य स्थापित आदियोगी की विराट प्रतिमा, बाबा मन:कामेश्वर नाथ का दिव्य स्वरूप, डमरू-शंखनाद, मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत ने पूरे आयोजन को एक भव्य आध्यात्मिक अनुभव में बदल दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो कैलाश की दिव्यता आगरा की धरती पर उतर आई हो। आयोजन में शिव की महिमा, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर राधा रमण दिगंबर, गीतिका अग्रवाल, तनुजा मांगलिक, विनीत खेड़ा, पुनीत अग्रवाल, अनुज खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल, आशीष गर्ग, संजय गुप्ता, निकिता खंडेलवाल, अंकुश बंसल, निक्की बंसल, सौम्या गुप्ता, पूनम अग्रवाल, रूपाली घर, इशिता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।