Breaking News
इतिहास लिखेगा आगरा व्यापार मंडल, रक्तदान में तोड़ेगा अपना ही रिकॉर्ड

2000 रक्तदाताओं का पंजीकरण पूरा, इतने ही और रक्तदाताओं के जुड़ने की उम्मीद; 16 अगस्त को दरेसी में होगा चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर
लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर में आमंत्रण पत्र का विमोचन, रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षित रक्तदान के लिए रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं

बाबा न्यूज़ 

आगरा। सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की भावना को नई ऊंचाई देते हुए आगरा व्यापार मंडल अपने चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर के माध्यम से रक्तदान का नया इतिहास रचने की तैयारी में है। आगामी 16 अगस्त को दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले इस शिविर को लेकर व्यापारी समाज में जबरदस्त उत्साह है। अब तक 2000 रक्तदाताओं का पंजीकरण हो चुका है, जबकि इतने ही और रक्तदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में इस बार आगरा व्यापार मंडल द्वारा अपने पिछले रक्तदान रिकॉर्ड को तोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर के आमंत्रण पत्र का विमोचन लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर में आयोजित समारोह में किया गया। इस अवसर पर पदाधिकारियों एवं सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शिविर की तैयारियों की समीक्षा की तथा शिविर की व्यवस्थाओं को सदस्यों में वितरित किया गया।
विशिष्ट अतिथि श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा पुनीत कार्य है, जिसमें प्रत्येक रक्तदाता किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने में अपना योगदान देता है। इस पुनीत कार्य से पूरे समाज के सामने आगरा व्यापार मंडल एक बहुत बड़ी मिसाल कायम कर रहा है।
अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने सभी सदस्य संस्थाओं से पूर्ण सहयोग एवं समर्पण के साथ अभियान में जुटने की अपील करते हुए कहा कि सभी के अथक प्रयासों से यह रक्तदान शिविर इतिहास बनाएगा और आगरा व्यापार मंडल की एकजुटता एवं सेवा भावना को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष रक्त वीरों को हेलमेट सड़क सुरक्षा को ध्यान में रख कर दिया गए थे। इस बार आकर्षक पिट्ठू बैग उत्साहवर्धन के लिए सभी रक्त वीरों को दिए जाएंगे।
महामंत्री अशोक मंगवानी ने बताया कि इस वर्ष लक्ष्य बड़ा होने के कारण व्यवस्थाओं का रूप भी बड़ा रखा गया है। साथ ही बेड संख्या भी बढ़ाई गई है।
कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि रक्तदान को लेकर व्यापारी वर्ग में अभूतपूर्व उत्साह है। अभी तक 3500 से अधिक रक्तदाताओं ने पंजीकरण कराया है और इतने ही अन्य रक्तदाता इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता की आहुति देने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने बताया कि शिविर के लिए सभी सदस्यों को उनके दायित्व वितरित किए जा चुके हैं। विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी अपने-अपने स्तर पर रक्तदाताओं को जोड़ने, पंजीकरण कराने और शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में जुटे हैं।

लोकहितम ब्लड बैंक संभालेगा रक्तदान की चिकित्सा व्यवस्था
चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर की ओर से रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षित रक्तदान के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल और संजीव अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष शिविर स्थल के मुख्य हाल में 22 बैड दूसरे कमरे में 6 बेड ब्लड बैंक द्वारा लगवाए जाएंगे बाकी दो कमरों में एसएन मेडिकल कॉलेज की ओर से आठ बैड लगवाए जाएंगे पिछली बार 30 बैड लगवाए गए थे। इस बार लक्ष्य बड़ा होने के कारण 38 बैड लगवाए जा रहे हैं। टेक्निशियन की टीम भी दोगुनी कर दी गई है। 80 लोगों की टेक्नीशियन की टीम दो शिफ्ट में शिविर स्थल पर उपलब्ध रहेगी। तीन जगह रजिस्ट्रेशन होंगे जिसमें तीनों स्थानों पर काउंटरों पर भीड़ न रहे इसलिए 15 लोगों की टीम तैनात रहेगी। यदि किसी रक्तवीर को रक्त देने के बाद कोई परेशानी होती है तो उसके आराम के लिए एक्स्ट्रा बैड भी रहेंगे और देखरेख के लिए अलग टीम भी रहेगी।

रक्तदान से पूर्व ध्यान रखें यह बातें
एसएन मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग की डॉ नीतू चौहान ने रक्तदान से पूर्व कुछ बातों का ध्यान रखने का आग्रह मतदाताओं से किया। उन्होंने कहा कि जिनकी डायबिटीज अनियंत्रित रहती है या जिनकी थायराइड अनंत्रित रहती है वे रक्तदान नहीं कर सकते। यदि किसी ने छोटी सर्जरी करवाई है और उसकी सर्जरी को छह माह हो चुके हैं तो वह रक्तदान कर सकते हैं। बड़ी सर्जरी करवाने के 1 साल तक रक्तदान नहीं करना चाहिए। इसके अलावा जिनको बंदर या कुत्ते ने काटा है और रेबीज के इंजेक्शन लगे हैं तो 1 वर्ष तक रक्तदान नहीं कर सकते। जिनका ब्लड प्रेशर ऊपर का 140 से अधिक है वे रक्तदान ना ही करें तो बेहतर है। अल्कोहल लेने के 24 घंटे तक रक्तदान नहीं करना चाहिए।

जिम्मेदारियों के साथ जुटे पदाधिकारी
संगठन महामंत्री राकेश बंसल ने बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं संयोजकों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। रक्तदान शिविर का संयोजक संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, राजेश अग्रवाल, योगेश रखवानी, बृजमोहन रैपुरिया, राजेश सिंघल, सह संयोजक महावीर मंगल, मनोज भाटिया, अनूप बंसल, नितिन अग्रवाल को बनाया गया है। भोजन व्यवस्था प्रमुख राजेंद्र गुप्ता हैं।

व्यापारी समाज से रक्तदान की अपील
आगरा व्यापार मंडल ने शहर के समस्त व्यापारियों, युवाओं, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि 16 अगस्त को दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करें और इस सेवा महाअभियान का हिस्सा बनें।

ये रहे उपस्थित
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, राजीव अग्रवाल, साहूकार सिंह, दुष्यंत गर्ग, अमित मोरियानी, जय प्रकाश अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल, मनीष बंसल, नरेंद्र बंसल, विमल गर्ग, राजेंद्र सचदेवा, मुकेश जौहरी, नंद किशोर गोयल आदि उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *