Breaking News
गोरखपुर में सेवा संकल्प शिविर आयोजित:बीडीओ बोले- वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं से मिलेगा सीधा लाभ

गोरखपुर के गोला ब्लाक सभागार में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लाक स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख कुसुमावती देवी ने फीता काटकर किया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए शिविर में गांवों में दी गई सूचना के आधार पर पहुंचे करीब चार सौ लोगों ने योजनाओं की जानकारी ली और समस्याएं बताईं, जिनका त्वरित समाधान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख कुसुमावती देवी ने कहा कि इस तरह के शिविर आमजन के लिए काफी लाभदायक हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं मिलने से लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। खंड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य ऐसे लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, जो किसी कारणवश अब तक लाभ से वंचित रह गए हैं। शिविर में राशन कार्ड, आवास, शौचालय, शिक्षा, बाल विकास सहित अन्य योजनाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष संपूर्णानंद शुक्ला, सीएचसी अधीक्षक डा. एएन ठाकुर, योगेंद्र सिंह, अशोक मौर्या, उमाशंकर, सहित ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, पशुपालन, कृषि, स्वयं सहायता समूह, पंचायती राज, समाज कल्याण और आपूर्ति विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *