Breaking News
इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-15 में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन:बारिश के बीच एथलीटों का जोश रहा बरकरार, खेल मंत्री ने विजेताओं को किया सम्मानित

कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-15 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान बारिश भी हुई, लेकिन खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच भी खिलाड़ी मैदान पर डटे रहे और अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में देशभर से 400 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शॉटपुट, हाई जंप, लॉन्ग जंप, 200 मीटर रेस और हर्डल रेस समेत कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कुछ अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से देशभर में 16 सीरीज आयोजित की जा रही हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलता है। साथ ही नई प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने का अवसर भी मिलता है। खेल मंत्री ने कहा कि खिलाड़ी के लिए जरूरी है कि उसे ज्यादा से ज्यादा प्रतियोगिताओं में खेलने का मौका मिले। इससे खिलाड़ियों को अनुभव मिलता है और वे अपनी प्रतिभा को और बेहतर कर सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सीरीज के जरिए सामने आने वाली प्रतिभाएं आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी। बारिश के बीच भी मैदान पर डटे रहे खिलाड़ी प्रतियोगिता के दौरान बारिश शुरू होने के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। खिलाड़ियों ने बारिश के बीच भी अपनी स्पर्धाओं में हिस्सा लिया और पूरे जोश के साथ प्रदर्शन किया। मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने उनका उत्साह बढ़ाया। जीतने वालों के साथ सभी खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला खेल मंत्री ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और बधाई मिलनी चाहिए, लेकिन जो खिलाड़ी इस बार सफल नहीं हो पाए, उन्हें भी निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्हें आगे और मेहनत करनी चाहिए। लगातार अभ्यास और परिश्रम से सफलता जरूर मिलेगी। रोज एक घंटा खेल मैदान में रहने की अपील खेल मंत्री ने प्रधानमंत्री के खेल और फिटनेस से जुड़ने के आह्वान का जिक्र करते हुए युवाओं से नियमित रूप से खेल मैदान में समय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस भी खेल में बच्चों और युवाओं की रुचि है, उन्हें रोज कम से कम एक घंटा खेल मैदान में अभ्यास जरूर करना चाहिए। नियमित अभ्यास से ही खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर स्टेडियम में सुविधाओं और चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर खेल मंत्री ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में खेल सुविधाओं को बेहतर करने पर लगातार काम किया जा रहा है। खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार स्टेडियम में सुविधाएं विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आउटसोर्सिंग कोचों के मानदेय पर सरकार कर रही विचार आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनात कोचों के मानदेय को लेकर खेल मंत्री ने कहा कि सरकार इस पर विचार कर रही है। प्रयास है कि कोचों को बेहतर मानदेय और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि खेल विभाग में करीब 86 क्रीड़ाधिकारियों के पदों का अधियाचन संबंधित आयोगों को भेजा गया है। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग में अधिकारियों और कोचों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए अच्छे कोच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कोचों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मोटर चेक करते समय युवक को लगा करंट, मौत:बोरिंग में डालकर बिजली बोर्ड से जोड़ रहा था; पत्नी और 3 बच्चों को छोड़ गया

बदायूं में बुधवार शाम करीब 4 बजे सबमर्सिबल की मोटर चेक करते समय 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। सत्यपाल पुत्र जुगल किशोर घर में लगे हैंडपंप के बोरिंग में सबमर्सिबल की मोटर फिट कर रहे थे। मोटर को बिजली के बोर्ड से जोड़ते समय अचानक करंट लग गया। मामला बिल्सी थाना क्षेत्र के महलोली गांव का है। बिजली बोर्ड से जोड़ते ही लगा करंट परिजनों के अनुसार, सत्यपाल ने हैंडपंप के बोरिंग में सबमर्सिबल की मोटर डालकर उसे फिट किया था। इसके बाद वह मोटर को बिजली के बोर्ड से जोड़कर चेक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया। करंट लगते ही सत्यपाल चीखते हुए जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। परिजन निजी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे हादसे के बाद परिजनों ने किसी तरह सत्यपाल को करंट से अलग किया। इसके बाद उन्हें तुरंत निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद सत्यपाल को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलने पर बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शुरुआत में परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे। बाद में उनकी सहमति के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया। पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल सत्यपाल की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो बेटे सुमित (11) और सुर्जन (5) तथा बेटी खुश्बू (7) हैं। अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक और पारिवारिक संकट भी खड़ा हो गया है।

कानपुर में सड़क पर 2 सांड लड़े:फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले युवक को घर में घुसकर पटका, हाथ-पैर में लगी चोट

कानपुर के जाजमऊ की जेके कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर लड़ रहे दो सांड एक घर में घुस गए। सांडों के अचानक घर में घुसने से परिवार के लोग डर गए। इसी दौरान खुद को बचाने के लिए भाग रहे एक युवक को सांड ने सींगों से उठाकर पटक दिया। युवक के शरीर में कई जगह चोटें आईं। आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना का वीडियो बुधवार दोपहर 3 बजे सामने आया। जेके कॉलोनी निवासी सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि वह फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी सड़क पर दो सांड आपस में लड़ रहे थे। देखते ही देखते दोनों सांड लड़ते हुए सड़क किनारे बने उनके घर में घुस गए। घर के अंदर मौजूद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। सौरभ ने बताया कि सांडों से बचने के लिए उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान एक सांड ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सांड ने उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। हमले के बाद वह दर्द से कराहने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांडों को वहां से हटाया। इसके बाद घायल सौरभ को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम के खिलाफ गुस्सा है। लोगों का आरोप है कि जेके कॉलोनी और आसपास आवारा सांडों का आतंक लंबे समय से है। कई बार नगर निगम में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि सड़कों पर घूमते और आपस में लड़ते सांड राहगीरों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा सांडों को पकड़कर सुरक्षित जगह पहुंचाने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

इटावा पुलिस मॉडर्न स्कूल के मुक्केबाजों ने जीते पदक:बॉक्सिंग चैंपियनशिप में किया शानदार प्रदर्शन, नेशनल के लिए क्वालीफाई

इटावा पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्रों ने सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। चंदौली में 20 से 25 अगस्त तक हुई प्रतियोगिता में मनीष कुमार ने अंडर-17 के 57 से 60 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। वहीं लकी राजपूत ने अंडर-19 के 46 से 49 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया। मनीष ने जीता रजत पदक डार्लिंग्स सनबीम स्कूल, चकिया, चंदौली में आयोजित प्रतियोगिता में मनीष कुमार ने अंडर-17 के 57 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ मनीष ने सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। नेशनल में दिखाएंगे दम मनीष अब 8 से 11 अक्टूबर तक आरबीएसएम पब्लिक स्कूल, गुरुग्राम, हरियाणा में होने वाली सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। स्कूल प्रबंधन को उम्मीद है कि मनीष राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर इटावा का नाम रोशन करेंगे। लकी ने कांस्य पदक जीता अंडर-19 के 46 से 49 किलोग्राम भार वर्ग में लकी राजपूत ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बेहद कड़े मुकाबलों में उन्होंने दमदार फाइट करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर स्कूल में खुशी का माहौल है। एसएसपी ने किया सम्मानित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल के प्रबंधक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कोच ने बढ़ाया हौसला विद्यालय के प्रधानाचार्य, अधिकारीगण और शिक्षक गजेंद्र सिंह एवं अलका सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई और उनका उत्साह बढ़ाया। बॉक्सिंग कोच रुखसार बानो ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है। उम्मीद है कि नेशनल चैंपियनशिप में भी दोनों खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे।

किसानों का 3 घंटे धरना, सीओ से तीखी बहस:भाकियू अराजनैतिक की सर्किल रेट बढ़ाने और अवैध प्लाटिंग रोकने की मांग

संभल में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार दोपहर 1 बजे किसानों की समस्याओं को लेकर संभल तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। किसान करीब तीन घंटे तक धरने पर बैठे रहे। इसके बाद एसडीएम संभल विकास चंद्र को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सीओ कुलदीप कुमार और किसान संगठन के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिगंबर सिंह के बीच तीखी बहस भी हुई। सीओ पर किसानों से बदबू आने का आरोप किसानों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर सीओ कुलदीप कुमार और इंस्पेक्टर मोहित चौधरी तहसील परिसर पहुंचे। एसडीएम विकास चंद्र और तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने किसानों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया। इसी दौरान युवा प्रदेशाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने सीओ पर किसानों से बदबू आने की बात कहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों की बात सुनने के लिए सीओ ने उनसे दूरी बनाकर बात करने की बात कही। दिगंबर सिंह ने कहा- किसान का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। गंगा एक्सप्रेस-वे के मुआवजे पर सवाल किसान नेताओं ने कहा कि संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे, मध्य गंगा नहर और औद्योगिक गलियारे जैसी बड़ी परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन ली गई है। आरोप है कि प्रशासन ने लंबे समय से सर्किल रेट नहीं बढ़ाए, जिससे किसानों को कम मुआवजा मिला। जिलाध्यक्ष के अनुसार, संभल और चंदौसी तहसील क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए बड़े पैमाने पर जमीन ली गई। किसानों को प्रति बीघा करीब 5 से 6 लाख रुपए दिए गए, जबकि यह राशि बाजार मूल्य से काफी कम है। किसान नेताओं ने पहले जमीन दे चुके किसानों को दोबारा मुआवजा और पुनर्वास देने की मांग की। अमरोहा और बिजनौर का उदाहरण दिया किसान नेताओं ने कहा कि पड़ोसी जिले अमरोहा में सर्किल रेट में 48 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो चुकी है। बिजनौर में भी सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की गई है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद संभल में किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है। अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की मांग किसान नेताओं ने खिरनी पुलिस चौकी प्रभारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही बहजोई, चंदौसी और संभल क्षेत्र में कृषि भूमि पर अवैध आवासीय कॉलोनियां बनाए जाने का आरोप लगाया। किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन और नेताओं की मिलीभगत से अवैध प्लाटिंग चल रही है। उन्होंने इसे तत्काल बंद कराने की मांग की। दिगंबर सिंह बोले- किसान का अपमान बर्दाश्त नहीं युवा प्रदेशाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि किसान का अपमान करने वाले अधिकारियों के खिलाफ संगठन आंदोलन करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील में भ्रष्टाचार है और पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संगठन आंदोलन करना जानता है और जरूरत पड़ी तो अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसडीएम ने किसानों की बात बैठकर सुनने की कोशिश की, लेकिन सीओ का रवैया उन्हें ठीक नहीं लगा। दिगंबर सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन अपनी रणनीति के तहत आंदोलन करेगा। ये किसान रहे मौजूद प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष संभल विजय सिंह, युवा मंडल अध्यक्ष मुरादाबाद वीरेश यादव, तहसील अध्यक्ष गुन्नौर भूरे सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष पंवासा शंकर सिंह आर्य, नगर अध्यक्ष बहजोई अनुज वार्ष्णेय, इंद्रपाल सिंह यादव, दिनेश यादव, केपी राणा, अशोक यादव, मुलायम सिंह, ओम शरण, पंकज यादव, सचिन त्यागी, नितेंद्र प्रधान, दुर्गेश कुमार, भान सिंह, इदरीश, सत्यपाल सिंह, गुलफाम सिंह और सत्यवीर सिंह यादव समेत अन्य किसान मौजूद रहे।