बरेली में युवक को पीटा-दांत तोड़े:घर के सामने पेशाब करने से रोकने पर प्रेमिका संग साथियों ने पीटा
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में घर के सामने पेशाब करने से रोकने पर एक युवक पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि इस हमले में युवक के दांत टूट गए। हमलावर ने अपनी प्रेमिका और कई साथियों के साथ मिलकर पीड़ित युवक, उसकी मां, पत्नी और बीच-बचाव करने आए पड़ोसियों को भी पीटा। यह घटना 4 जून को पटेल नगर में हुई। पटेल नगर निवासी आकाश तलवार ने अपने घर के सामने पेशाब कर रहे सुधांशु शर्मा का विरोध किया था। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आकाश पर हमला कर दिया आरोप है कि इसके बाद सुधांशु ने अपनी प्रेमिका और सात-आठ अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर आकाश पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसके दांत टूट गए। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे मोहल्ले के मानू चावला, योगेंद्र चावला, मनोज गुप्ता और रेनू भी मारपीट में घायल हो गए। सुधांशु की प्रेमिका पर आकाश की पत्नी के साथ मारपीट कर घायल करने का भी आरोप है। प्रेमनगर थाने में तहरीर दी पीड़ित पक्ष ने प्रेमनगर थाने में इस संबंध में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

