एलएलबी प्रथम सेमेस्टर परिणाम लंबित:द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा शुरू, छात्रों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप मांगा

मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में एलएलबी प्रथम सेमेस्टर का परिणाम जारी किए बिना द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होने से छात्रों में रोष है। इस मामले को लेकर केजीके कॉलेज के छात्र सचिन चौधरी ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। छात्र सचिन चौधरी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक प्रथम सेमेस्टर का परिणाम घोषित नहीं किया है, जबकि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने इसे छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि परिणाम के बिना अगली परीक्षा देना छात्रों के लिए मानसिक तनाव का कारण बन रहा है। छात्रों के अनुसार, इससे पहले भी परिणाम जारी करने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया था। हालांकि, इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों का आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। सचिन चौधरी ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के इतिहास में संभवतः यह पहली बार है जब पिछली कक्षा का परिणाम घोषित किए बिना अगली कक्षा की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से इस मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द प्रथम सेमेस्टर का परिणाम जारी करने की मांग की है, ताकि छात्र बिना किसी तनाव के अपनी परीक्षाएं दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *