साहब! हत्या कर ट्रैक के पास फेंका बेटे का शव:मृतक युवक की मां ने एसपी सिटी को सौंपी वीडियो, मामले में पुन: जांच बैठी
एसपी साहब! मेरे बेटे की मौत हादसे में नहीं हुई थी। उसकी सोची समझी साजिश के तहत हत्या की गई और फिर उसे हादसा दर्शाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। यह सब एक युवती ने किया है, जिसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजो…! यह कहना है ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम कृषि फार्म हाउस में रहने वाली गीता पत्नी पप्पू का, जिसके 40 वर्षीय बेटे आशीष का शव 13 अप्रैल की सुबह माधवपुरम रेलवे ट्रैक के करीब मिला था। पुलिस ने इसे हादसा माना और शव मोर्चरी भिजवा दिया। सीसीटीवी कैमरे में युवती से नोकझोंक
हाल ही में एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले से मिली गीता ने सीसीटीवी कैमरे की कुछ फुटेज दिखाईं। दोनों ही फुटेज में आशीष की किसी युवती से नोकझोंक हो रही है। यह नोकझोंक उसी दिन की है, जिस दिन आशीष की बॉडी रेलवे ट्रैक के पास मिली थी। धमकी दिया करती थी यह युवती
गीता ने बताया कि जो युवती सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखाई पड़ रही है, वह कंकरखेड़ा की रहने वाली है। वह नशे आदि के गैरकानूनी काम में लिप्त है। गीता बताती है कि उसके बेटे आशीष और राजा उसके इन कामों का विरोध करते थे। कई बार झगड़ा भी हो चुका था, जिसमें वह बेटों की हत्या कराने की धमकी दे चुकी थी। हत्या वाले दिन देखा गया था साथ
गीता ने एसपी सिटी को बताया कि 13 अप्रैल की सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर ग्राम भूनी निवासी श्रवण ने उस युवती को तीन युवकों के साथ देखा था। इन युवकों में आशीष भी था। उस दिन वह खुद गाजियाबाद थी। कुछ घंटे बाद ही फोन आया कि आशीष की बॉडी ट्रैक के किनारे मिली है। अभी एक गया, दूसरे को संभालकर रख
गीता का कहना है कि नोकझोंक की सीसीटीवी लेकर वह उस युवती से मिली थी। उससे जब पूछा कि मेरे बेटे को क्यों मारा तो वह बोली- अभी एक गया है, दूसरे को संभालकर रख। जो कहा था वो कर दिखाया है। गीता का कहना है कि इस धमकी के बाद वह बहुत डरी है।

