Breaking News
कृषि विश्वविद्यालय में 1.10 लाख पौधों का अभियान शुरू:कुलपति ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज में शनिवार, 4 जुलाई को वन महोत्सव के तहत एक व्यापक वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर डीडब्ल्यूपी कार्यालय के सामने आम, अमरूद और सागौन सहित लगभग 200 पौधे लगाए गए। पौधरोपण के दौरान कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन के लिए, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया, यह कहते हुए कि पौधों का संरक्षण ही वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता है। वन महोत्सव कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर निदेशक प्रसार डॉ. राम बटुक सिंह, कुलसचिव डॉ. जसवंत सिंह, मत्स्यकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सी.पी. सिंह, उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. भगवानदीन, इंजीनियर ओमप्रकाश सिंह, प्रभारी सुरक्षा अधिकारी डॉ. रमेश प्रताप सिंह, डॉ. साधना सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, वैज्ञानिक और कर्मचारी उपस्थित रहे। वन संवर्धन एवं कृषि वानिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. वर्मा ने बताया कि कुलपति द्वारा वन महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष विश्वविद्यालय परिसर और उससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में कुल 1.10 लाख फलदार, छायादार, शोभाकार एवं औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए एक चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई है। डॉ. वर्मा ने आगे बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाना, जैव विविधता का संरक्षण करना तथा विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। विश्वविद्यालय का यह अभियान प्रदेश सरकार के ‘हरित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *