Breaking News
कानपुर देहात में जेई 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:एंटी करप्शन ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर को रंगे हाथ पकड़ा

कानपुर देहात में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंगलाल पाल के रूप में हुई है, जो झींझक विद्युत उपखंड में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि उन्होंने एक बिजली ठेकेदार से कमीशन के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत ठेकेदार को रिश्वत की राशि लेकर जेई के पास भेजा गया। जैसे ही जेई रंगलाल पाल ने 20 हजार रुपये लिए, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद आरोपी जेई को अकबरपुर थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस और एंटी करप्शन टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप का माहौल है। एंटी करप्शन विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी जेई पहले भी इस प्रकार की अवैध वसूली में शामिल रहा है या नहीं। मामले में पूछताछ और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *