Breaking News
श्रीमती बीडी जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज में पहली बार 4 वर्षीय ऑनर्स पाठ्यक्रम शुरू

समर्थ पंजीकरण संख्या के माध्यम से ही आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी

बाबा न्यूज 

आगरा। श्रीमती बीडी जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज में नए शैक्षिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इस बार छात्राओं के लिए सबसे खास बात यह है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कॉलेज में पहली बार 4 वर्षीय ऑनर्स पाठ्यक्रम शुरू हुआ है। छात्राएं अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार 4 वर्षीय या 3 वर्षीय स्नातक डिग्री का चयन कर सकती हैं। आगरा
शहर का यह प्रतिष्ठ कॉलेज 77 वर्ष पुराना प्रथम महिला महाविद्यालय है। प्राचार्य प्रो. वंदना अग्रवाल ने बताया कि बीए की 560 और बीकॉम की 180 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तीर्ण छात्राएं विश्वविद्यालय वेब रजिस्ट्रेशन करने के पश्चात महाविद्यालय में सीधे प्रवेश पा सकती हैं। प्रवेश के लिए छात्राएं अपने साथ हाई स्कूल, इंटर की अंकतालिका,जाति प्रमाण पत्र और टीसी व स्वयं का पासपोर्ट साइज फोटो साथ में अवश्य लेकर आए। प्राचार्या महोदय ने बताया कि प्रवेश के लिए छात्राओं को पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर 400 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
इसके बाद कॉलेज की वेबसाइट https://admission.bdjain agra.com पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
विश्वविद्यालय से संबद्ध अनुदानित कॉलेजों में यह एकमात्र ऐसा महाविद्यालय है, जहां सितार विषय में परास्नातक (एमए) की पढ़ाई कराई जाती है। संगीत शिक्षा में कॉलेज लंबे समय से अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। यहां छात्राओं को एमए सितार के साथ एमए तबला की भी सुविधा उपलब्ध है, जिससे संगीत और चित्रकला के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की इच्छुक छात्राओं को विशेष अवसर मिलता है और महाविद्यालय स्तर पर उच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को महाविद्यालय स्तर पर पुरस्कृत किया जाता है।
उपलब्ध सीटें
बीए- 560, बीकॉम – 180, बीएड – 70, एमए हिंदी 60, एमए अंग्रेजी- 60, एमए इतिहास 60, एमए सितार – 30, एमए तबला – 30।
समर्थ पंजीकरण संख्या के माध्यम से ही आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत छात्राओं की एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) आईडी भी तैयार की जा रही है। यह एक यूनिक आईडी होगी, जिसमें शैक्षणिक रिकॉर्ड दर्ज रहेगा। किसी भी विश्वविद्यालय में पढ़ने पर यह आईडी बनी रहेगी।

रक्तदान से पहले स्वास्थ्य मानकों की जानकारी जरूरी: डॉ. नीतू चौहान

2000 यूनिट रक्त संग्रह के लक्ष्य के साथ आगरा व्यापार मंडल ने शुरू किया जनजागरण अभियान

रक्तदान जागरूकता गोष्ठी में विशेषज्ञों ने बताए सुरक्षित रक्तदान के महत्वपूर्ण नियम
16 अगस्त को आगरा व्यापार मंडल लगाएगा चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर

बाबा न्यूज 

आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा 16 अगस्त को दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित होने जा रहे चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर से पूर्व कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक में रक्तदान जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की मुख्य वक्ता एसएन मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष विभाग की अध्यक्ष डॉ नीतू चौहान ने रक्तदान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को जागरूक किया।
डॉ. नीतू चौहान ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति ने टैटू बनवाया है तो वह तीन माह बाद ही रक्तदान कर सकता है। अल्कोहल का सेवन करने के अगले दिन रक्तदान नहीं करना चाहिए। रक्तदान के लिए हीमोग्लोबिन कम से कम 12.5 ग्राम तथा वजन न्यूनतम 45 किलोग्राम होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इंसुलिन पर निर्भर मधुमेह रोगी रक्तदान नहीं कर सकते, जबकि नियंत्रित मधुमेह (ब्लड शुगर 200 के भीतर) वाले व्यक्ति चिकित्सकीय परीक्षण के बाद रक्तदान कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान करते रहे हैं, वे 65 वर्ष की आयु तक रक्तदान कर सकते हैं, जबकि पहली बार रक्तदान करने वाले व्यक्ति के लिए अधिकतम आयु 60 वर्ष निर्धारित है। उन्होंने कहा कि प्लेटलेट्स किसी भी ब्लड ग्रुप के मरीज को चढ़ाई जा सकती हैं। साथ ही यह भी जानकारी दी कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को उनके माता-पिता का रक्त नहीं चढ़ाया जा सकता, हालांकि अभिभावक अन्य मरीजों के लिए रक्तदाता बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि ओ-नेगेटिव रक्त समूह को सार्वभौमिक दाता माना जाता है, जबकि एबी पॉजिटिव रक्त समूह का व्यक्ति किसी भी ब्लड ग्रुप का रक्त प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और जीवन बचाने की गौरवशाली परंपरा है।
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि संस्था इस वर्ष अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने सभी व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ब्लड बैंक आगरा व्यापार मंडल के इस महाअभियान में पूर्ण सहयोग देगा। ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम शिविर में पूरे दिन उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं रक्तदान की समस्त व्यवस्थाएं संभालेगी।
महामंत्री अखिलेश अग्रवाल एवं निदेशक संजीव जैन ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति सबसे बड़ा मानवीय दायित्व है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
गोष्ठी का संचालन राजीव गुप्ता ने किया। इस अवसर पर अशोक मंगवानी, नितेश अग्रवाल, कन्हैयालाल राठौर, जयप्रकाश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, राजेंद्र सचदेवा, सुरेश बरेजा, राजेश सिंघल, योगेश रखवानी, बृजमोहन रेपुरिया, नितिन अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, रितेश राठौर, साहूकार सिंह आदि ने रक्तदान से संबंधित जिज्ञासाओं पर विशेषज्ञों से प्रश्न पूछे।

डिपीए ने पुण्य तिथि पर स्वर्गीय  राम उजागर पांडे को किया याद 

बाबा न्यूज 

आगरा। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संस्थापक महामंत्री फार्मेसी रत्न स्वर्गीय  राम उजागर पांडे की 23वीं पुण्यतिथि के अवसर पर एस एन मेडिकल कॉलेज आगरा के वाह्य रोग विभाग में जनपद आगरा के सभी फार्मासिस्ट साथियों द्वारा उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके संगठन के प्रति समर्पण एवं आदर्शों पर चलने का सभी ने संकल्प लिया ।उनके द्वारा संगठन के उत्थान हेतु किए गए कार्यों एवं व्यक्तित्व पर विचार व्यक्त किए। प्रांतीय महामंत्री डॉ रवींद्र सिंह राना ने उनके संगठन के प्रति समर्पण और आदर्शो पर चलने का प्रयास किया जाएगा। मुख्य संरक्षक डॉ महेश बघेल, डॉ रामभक्त मिश्रा,जिलाध्यक्ष डॉ मुकेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष डॉ राजीव उपाध्याय, मंडलीय सचिव डॉ रामनरेश परमार, डॉ सुभाष बघेल,प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ मुनेन्द्र चाहर,उपाध्यक्ष डॉ जितेन्द्र कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ प्रवीण मिश्रा, डॉ योगेश चौधरी, डॉ एन के पाल ,डॉ अनुराग शर्मा, डॉ श्याम सुंदर, डॉ योगेन्द्र शर्मा, डॉ उदय प्रताप, डॉ सुशील शर्मा, डॉ कमलेश जैन,डॉ प्रतिभा शर्मा, डॉ शर्मिष्ठा चाहर, डॉ विनोद पाल, विमल कुमार शर्मा, धीरज तिवारी एवं ट्रेनी फार्मासिस्टों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।