Breaking News
इटावा में यमुना में नहाते समय दो किशोर डूबे:एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी

इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र में यमुना नदी में नहाते समयएक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा किशोर मंगलवार देर शाम तक लापता रहा। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। बलरई थाना क्षेत्र में दो जिलों की सीमा पर स्थित यमुना पुल के पास ग्राम फकीरे की मड़ैया निवासी 12 वर्षीय मयांश पुत्र शेर सिंह, 10 वर्षीय निखिल पुत्र बृजेश और एक अन्य बच्चा पालतू पशु चराने के लिए ग्राम खंदिया के पास पहुंचे थे। पशु चराने के दौरान तीनों बच्चे यमुना नदी में नहाने लगे। इसी दौरान मयांश और निखिल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मयांश को गंभीर हालत में नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे किशोर निखिल की तलाश मंगलवार शाम तक जारी रही। बताया जा रहा है कि बच्चों के साथ मौजूद तीसरा बच्चा किसी तरह नदी से बाहर निकल आया और गांव की ओर भाग गया, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे मयांश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं निखिल की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। मृतक मयांश के चाचा भूदेव ने बताया कि सोमवार को बच्चे पशु चराने के लिए निकले थे। शाम को सूचना मिली कि नदी में नहाते समय उनका भतीजा डूब गया। उन्होंने बताया कि तीन बच्चे साथ थे, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा अब भी लापता है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, नायब तहसीलदार नेहा सचान, जसवंतनगर थाना प्रभारी कमल भाटी, कार्यवाहक बलरई थाना प्रभारी जसवंत सिंह, आगरा जनपद के चित्राहाट थाना प्रभारी तथा बाह तहसीलदार सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। दोनों बच्चो की फोटो…

चंदा चोरी के खिलाफ कांग्रेसियों की सद्बुद्धि यात्रा:प्रयागराज में कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन कर न्यायिक जांच की मांग की

राम मंदिर चंदा चोरी के मामले में मंगलवार को एक बार फिर कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और दान में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में ‘सद्बुद्धि यात्रा’ शाम पांच बजे सिविल लाइन्स सुभाष चौराहे से हनुमान मंदिर तक निकाली गई।
प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी ने इसे इस विवाद को सीधे तौर पर बीजेपी-आरएसएस का गंठजोड़ वाला ‘घोटाला’ बताया है।
वहीं विवेकानंद पाठक ने आरोप लगाया है कि बीजेपी की राजनीति अब वोट चोरी, सीट चोरी, चंदा चोरी की तीन तरफा रणनीति के इर्द-गिर्द घूमती है। कांग्रेसियों ने इस प्रकरण की न्यायिक जांच सर्वोच्च न्यायालय के सिटिंग जजो की निगरानी में कराये जाने की मांग की। शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी, मुकुंद तिवारी, हरिकेश त्रिपाठी, विवेकानंद पाठक, हसीब अहमद, अनूप त्रिपाठी, प्रदीप नारायण, मानस शुक्ला, मो० हसीन, मनोज पासी, अरशद अली समेत आदि लोग मौजूद रहें।

कन्नौज में 9 वाहन चोर गिरफ्तार:पुलिस मुठभेड़ में एक चोर के पैर में लगी गोली, 10 बाइकें बरामद

कन्नौज में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के 9 सदस्यों को अरेस्ट कर लिया। माल बरामदगी के दौरान एक चोर ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो उसने तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने भी फायर किया। इस दौरान एक गोली उसके पैर में लग गई। पुलिस ने चोरी की 10 बाइकें और पुर्जे बरामद किए हैं। सौरिख थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह चौधरी की टीम द्वारा हरिभानपुर स्टेडियम के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्ध व्यक्ति दिखाए दिए। उन्हें रोककर पूछताछ की गई। उन्होंने अपने नाम श्याम पुत्र रविशचन्द्र व राजा उर्फ अभिजीत वर्मा पुत्र सुरेशचन्द्र निवासीगण ग्राम उमरैन जिला औरैया, अनुज गुप्ता पुत्र रामशरण गुप्ता व गोविन्द पुत्र सुनील गुप्ता निवासीगण ग्राम ब्रह्मनगर जिला इटावा तथा जानू गुप्ता पुत्र झब्बूलाल निवासी अधिनी जिला इटावा बताए। पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि उनके अन्य साथी जंगल में चोरी की मोटरसाइकिलों को काट रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम उन अभियुक्तों को साथ लेकर दबिश देने पहुंची। जहां से पुलिस टीम ने चार अन्य अभियुक्त अमन पुत्र रामपाल व अंकुर पुत्र विजयपाल निवासीगण ग्राम उमरैन जिला औरैया, नागेश्वर पुत्र राकेश सिंह व शिवपाल पुत्र गजराज पाल निवासीगण ग्राम सुमेरपुर जिला हरदोई को गिरफ्तार कर लिया। इन चोरों के कब्जे से पुलिस ने 10 बाइक, मोटर साइकिल के 4 इंजन व कटे हुए पार्ट्स, 4 अदद देशी तंमचा, 4 जिन्दा कारतूस, 4 एण्ड्रायड मोबाइल बरामद किए। जिस समय पुलिस पूछताछ कर गुनाह कबूल करवा रही थी, तभी बदमाश श्याम ने बताया कि उसने 4 जुलाई को त्रिपाठी बुक डिपो से मोबाइल चोरी किया था। जिसकी बरामदगी के लिए श्याम को पुलिस उसके बताए गए स्थान पर लेकर जाने लगी। तभी अचानक से उसने पुलिसकर्मियों से अपना हाथ छुड़ा लिया और भागने का प्रयास किया। झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखे गए तमंचे से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। थाना सौरिख पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। जिससे श्याम के पैर पर एक गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

आगरा में बूंदाबांदी, ठंडी हवाओं ने दी उमस से राहत:तापमान में गिरावट, 8-9 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट

भीषण उमसभरी गर्मी से जूझ रहे आगरा में मंगलवार शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। इस बीच ठंडी हवाओं के झोकों ने गर्मी से राहत दी। इससे पहले दिन में भीषण गर्मी रही। लोग उमस से परेशान रहे। बूंदाबांदी और ठंडी हवा के बीच तपमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को तापमान में 3.4°C की गिरावट आई। वहीं, न्यूनतम तापमान में 3.4°C की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.8°C और न्यूनतम तामपान 29.4°C रहा। शाम को हुई बूंदाबांदी की 2 तस्वीरें… दिन में थी भीषण गर्मी आगरा के लोग इन दिनों उमसभरी गर्मी झेल रहे हैं। मंगलवार को दिन भर बादलों की आवाजाही रही। लोगों को गर्मी झेलनी पड़ी। उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल हो गए। मगर, शाम लगभग 4 बजे के बाद मौसम अचानक से बदलने लगा। भीषण गर्मी के बीच हवा चलने लगी। शाम लगभग 5.30 बजे कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। इस बीच तेज हवाओं के झोकों ने गर्मी से राहत दी। दो दिन भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने 8 और 9 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई है। इस बीच तेज हवा भी चलेगी। 10 जुलाई को भी दिनभर बादल छाये रहेंगे। एक या दो बार बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। आने वाले 5 दिनों के तापमान का अनुमान पिछले 5 दिनों के तापमान की स्थिति

कानपुर देहात में जेई 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:एंटी करप्शन ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर को रंगे हाथ पकड़ा

कानपुर देहात में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंगलाल पाल के रूप में हुई है, जो झींझक विद्युत उपखंड में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि उन्होंने एक बिजली ठेकेदार से कमीशन के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत ठेकेदार को रिश्वत की राशि लेकर जेई के पास भेजा गया। जैसे ही जेई रंगलाल पाल ने 20 हजार रुपये लिए, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद आरोपी जेई को अकबरपुर थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस और एंटी करप्शन टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप का माहौल है। एंटी करप्शन विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी जेई पहले भी इस प्रकार की अवैध वसूली में शामिल रहा है या नहीं। मामले में पूछताछ और जांच जारी है।