Breaking News
आईआईए के आगरा सेंटर के आर्किटेक्ट समीर गुप्ता चुने गए अध्यक्ष

 

 

इंडियन इंस्टीट्यूट आॅफ आर्किटेक्ट्स, आगरा सेंटर की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित
बाबा न्यूज
आगरा। वर्ष 1917 में स्थापित देश के वास्तुकारों की सर्वोच्च एवं प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्था द इंडियन इंस्टिट्यूट आॅफ आर्किटेक्ट्स (आईआईए) के आगरा सेंटर की वर्ष 2026-28 हेतु नई कार्यकारिणी का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ। निर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष आर्किटेक्ट समीर गुप्ता, उपाध्यक्ष आर्किटेक्ट ध्रुव कुलश्रेष्ठ, मानद सचिव आर्किटेक्ट अमित अग्रवाल, मानद कोषाध्यक्ष आर्किटेक्ट सौरभ सक्सेना, कार्यकारिणी सदस्य आर्किटेक्ट अजय कुमार शर्मा, आर्किटेक्ट यशवीर सिंह, आर्किटेक्ट अश्वनी कुमार, आर्किटेक्ट राहुल निगम और
आर्किटेक्ट मोनिका राठौर प्रमुख रूप से शामिल हैं।
निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष आर्किटेक्ट समीर गुप्ता ने बताया कि यह आगरा के वास्तुकारों के लिए गौरव एवं उपलब्धि का विषय है कि अब तक उप-केंद्र के रूप में कार्यरत आगरा को हाल ही में आईआईए के पूर्ण आगरा सेंटर का दर्जा प्राप्त हुआ है।

समाज और शहर के विकास में वास्तुकारों की भूमिका होगी और अधिक सशक्त और प्रभावी

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने वास्तुकला व्यवसाय की गरिमा एवं गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने, युवा वास्तुकारों को प्रोत्साहित करने, निरंतर व्यावसायिक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने तथा विभिन्न शासकीय एवं स्थानीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर आगरा एवं आसपास के क्षेत्र के सुनियोजित, सतत एवं सौंदर्यपूर्ण विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया है।
संस्थान के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया है कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में भारतीय वास्तुकार संस्थान, आगरा सेंटर नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा समाज और शहर के विकास में वास्तुकारों की भूमिका को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाएगा।

वास्तुकला के क्षेत्र में अनुभवी और प्रतिष्ठित नाम हैं समीर गुप्ता
आगरा शहर के विकास और सौंदर्यीकरण की अनेक परियोजनाओं का आर्किटेक्ट समीर गुप्ता ने किया मार्गदर्शन आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्र आर्किटेक्ट समीर गुप्ता नई कार्यकारिणी का नेतृत्व करेंगे। वे वास्तुकला के क्षेत्र में एक अनुभवी एवं प्रतिष्ठित नाम हैं तथा पूर्व में आगरा आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन के एक बार तथा आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन, आगरा के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में वर्ष 2008 एवं 2023 में भारतीय वास्तुकार संस्थान के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वास्तुकला सम्मेलन का सफल आयोजन आगरा में हुआ था, जिसमें देशभर के प्रख्यात वास्तुकारों, नगर नियोजकों एवं विशेषज्ञों ने सहभागिता की।
आर्किटेक्ट समीर गुप्ता के मार्गदर्शन में आगरा शहर में अनेक विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजनाओं में वास्तुकारों की सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सदैव गुणवत्तापूर्ण वास्तुकला, नियोजित शहरी विकास तथा विरासत संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *