Breaking News
जनकपुरी महोत्सव में दिखेगी अयोध्या धाम की दिव्यता, मुख्य मार्ग पर बनेंगे भव्य गलियारे

12 हजार वर्गमीटर में बनेगा विशाल जनक महल, आयोजन स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को सौंपा ज्ञापन, केंद्रीय कार्यालय पर नित्य महाआरती जारी

बाबा न्यूज 
आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक, भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए आयोजन समिति ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इस बार महोत्सव में श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम जैसी आध्यात्मिक अनुभूति कराने की दिशा में विशेष योजना पर कार्य किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू’ यादव ने बताया कि कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के निकट लगभग 16000 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले भव्य जनक महल के मुख्य मंच तक जाने वाले मार्ग को अयोध्या धाम के वर्तमान स्वरूप की तर्ज पर विकसित करने पर गंभीर मंथन चल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजना के अनुसार मुख्य मार्ग पर दोनों ओर आकर्षक गलियारे विकसित किए जाएंगे तथा अयोध्या की तरह मूर्तिकला एवं धार्मिक शिल्पकला स्थापित करने का भी विचार है, ताकि जनकपुरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वैभव की दिव्य अनुभूति हो और आयोजन की भव्यता नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जनकपुरी महोत्सव आयोजन स्थल के शीघ्र सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक विकास कार्य कराने की मांग को लेकर आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने स्थानीय विधायक एवं रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल को मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में आयोजन स्थल की सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के समयबद्ध विकास का अनुरोध किया गया, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को उत्कृष्ट व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकें।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू’ यादव ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव आगरा की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक है। समिति का लक्ष्य वर्ष 2026 के आयोजन को ऐसा स्वरूप देना है, जो वर्षों तक श्रद्धालुओं की स्मृतियों में बना रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के सहयोग से आयोजन स्थल पर विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य शीघ्र प्रारंभ होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में आयोजन समिति के मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, निमित्त पोरवाल, सुमन पोरवाल, नीरज मिश्रा, स्थानीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, साहूकार उपाध्याय, सोनू गिरी, अनिल दिक्षित, अरुण अग्रवाल, राजीव अग्रवाल आदि शामिल रहे।
इसके उपरांत जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के केंद्रीय कार्यालय पर नित्य की भांति श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ महाआरती का आयोजन किया गया। गुरुवार की महाआरती का आयोजन नील फ्लोरेंस अपार्टमेंट परिवार की ओर से किया गया, जिसमें हनुमत धाम लंगड़े की चौकी मंदिर के महंत गोपी गुरुद्वारा ने विधिवत आरती संपन्न कराई। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों एवं रामभक्तों ने महाआरती में भाग लेकर जनकपुरी महोत्सव की सफलता एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

गुरु का स्थान जीवन में ईश्वर से भी ऊपर: चिन्मयानंद बापू

बाबा न्यूज
आगरा। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट आगरा शाखा द्वारा आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव का कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से मनाया। आगरा इकाई के जिला अध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल बताया कि शीघ्र ही पूज्य गुरुदेव से संपर्क कर आगरा की धरा पर बड़ा धार्मिक कार्यक्रम करने की योजना तैयार हो रही है। आज वीडियो कॉन्फ्रेंस पर पूज्य गुरुदेव के दर्शन और उनका संदेश प्राप्त हुआ और कहा गुरु का स्थान जीवन में ईश्वर से भी ऊपर बताया है क्योंकि गुरु ने ही हमें ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग दिखाया है आगरा इकाई के शिष्यों द्वारा पूज्य गुरुदेव राष्ट्रीय संत श्री चिन्मयानंद बापू जी के चित्र पर माला अर्पण, पुष्प वर्षा, दीप प्रजलन, फल वितरण का कार्यक्रम दिव्य और अलौकिक संपन्न हुआ।

शिक्षा के क्षेत्र में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल ऐतिहासिक पहल

 

 

 

 

 

 

 

भारत के प्रथम इमोशनल एजुकेशन एक्सपीरियंस सेंटर ई-क्यूब लैब का शुभारंभ
बाबा न्यूज
आगरा। शिक्षा का उद्देश्य केवल बुद्धि का विकास नहीं, बल्कि संवेदनशील, संतुलित एवं सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण भी है। इसी प्रेरक विचार को साकार करते हुए प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित करते हुए भारत के प्रथम ह्यइमोशनल एजुकेशन एक्सपीरियंस सेंटर ई-क्यूब लैब का शुभारंभ किया। यह अत्याधुनिक प्रयोगशाला विद्यार्थियों के बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं नैतिक विकास को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित की गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. प्रशांत गुप्ता(डीन एवं प्राचार्य, एस.एन. मेडिकल कॉलेज), विशिष्ट अतिथि के. सी. जैन तथा विशेष अतिथि एयर कमोडोर जे. एस. राजपूत, ए.ओ.सी., आगरा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के गरिमामय आगमन एवं स्वागत के साथ हुआ। राष्ट्रगीत, भूमि मंगलम एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं प्रेरणादायी पहल है : डॉ. प्रशांत गुप्ता
मुख्य अतिथि डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों के समग्र एवं भावनात्मक विकास पर विशेष बल देती है। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल द्वारा स्थापित ई-क्यूब लैब इस दिशा में एक ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं प्रेरणादायी पहल है, जो भविष्य में देशभर के शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक आदर्श मॉडल सिद्ध होगी।
शिक्षा ही विद्यार्थियों को उत्कृष्ट नागरिक बनने की दिशा प्रदान करती है: केसी जैन
विशिष्ट अतिथि के. सी. जैन ने कहा कि भावनात्मक शिक्षा ही विद्यार्थियों को संवेदनशील, उत्तरदायी एवं उत्कृष्ट नागरिक बनने की दिशा प्रदान करती है। उन्होंने विद्यालय की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा जगत के लिए अनुकरणीय बताया।
एयर कमोडोर जे. एस. राजपूत ने नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया
विशेष अतिथि एयर कमोडोर जे. एस. राजपूत ने विद्यार्थियों को अनुशासन, राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता एवं नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया तथा विद्यालय द्वारा भावनात्मक शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे इस अभिनव प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं : डॉ. सुशील गुप्ता
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहानुभूति, सकारात्मक सोच, आत्मनियंत्रण तथा भावनात्मक संतुलन जैसे जीवन कौशलों से सशक्त बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ई-क्यूब लैब इसी दूरदर्शी सोच का साकार रूप है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बनेगी।
आधुनिक तकनीकों से विद्यार्थियों की भावनात्मक बुद्धिमत्ता होगी विकसित : डॉ. चीनू अग्रवाल
इसके उपरांत डॉ. चीनू अग्रवाल ने ई-क्यूब लैब की अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली पर प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए बताया कि यह प्रयोगशाला अनुभवात्मक शिक्षण, संवादात्मक गतिविधियों, वैज्ञानिक मॉड्यूल तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों की भावनात्मक बुद्धिमत्ता को विकसित करेगी, जिससे वे जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना कर सकेंगे। समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य एवं प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति से उपस्थित सभी अतिथियों का हृदय जीत लिया। उनकी सृजनात्मक प्रतिभा एवं आत्मविश्वास ने समारोह को और अधिक गरिमामय एवं यादगार बना दिया।
इसके पश्चात शैलेश जिंदल ने ई-क्यूब पोर्टल एवं उसके क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म विद्यालय की शिक्षण प्रक्रिया में भावनात्मक शिक्षा को व्यवस्थित, प्रभावी एवं सतत रूप से जोड़ने का कार्य करेगा तथा विद्यार्थियों की भावनात्मक प्रगति का वैज्ञानिक मूल्यांकन भी संभव बनाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सुश्री अंतरा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने रिबन काटकर ई-क्यूब लैब का औपचारिक उद्घाटन किया। अतिथियों ने लैब का अवलोकन कर इसकी अभिनव अवधारणा, आधुनिक सुविधाओं एवं भावनात्मक शिक्षा को समर्पित इस अनूठे प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित नेटवर्किंग हाई-टी के साथ हुआ।