Breaking News
शिक्षक हितों पर समझौता सहन नहीं होगा : डॉ. भोज कुमार शर्मा

पुरानी पेंशन सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षकों ने दिया  धरना

बाबा न्यूज 

आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, आगरा में पुरानी पेंशन बहाली एवं शिक्षकों की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भोज कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता आया है और आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ करता रहेगा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, सेवा सुरक्षा, समयबद्ध पदोन्नति, वित्तविहीन शिक्षकों के अधिकार और सम्मानजनक सेवा-शर्ते किसी वर्ग विशेष की नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज की साझा मांग हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि संगठन का संघर्ष किसी व्यक्ति या सरकार के विरुद्ध नहीं, बल्कि शिक्षक हितों के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की पहली शर्त है और सरकार को इन न्यायोचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

धरने में पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा सेवा अधिनियम-2023 में सेवा सुरक्षा एवं पदोन्नति संबंधी प्रावधानों की पुनर्स्थापना, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, एन.पी.एस. से जुड़े लंबित प्रकरणों का निस्तारण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा का विस्तार, त्रिस्तरीय सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष किए जाने सहित 14 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। तरीय ए.सी.पी., व्यावसायिक एवं कम्प्यूटर शिक्षकों शिक्षकों को पूर्ण शिक्षक का दर्जा दिया जाए।

कार्यक्रम के उपरांत संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक, आगरा रविन्द्र पाल सिंह तौमर को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जिला विद्यालय निरीक्षक में समस्त शिक्षक समस्याओं का निस्तारण करने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मी रानी शर्मा, जिला अध्यक्ष ने की। इस अवसर पर जसवंत सिंह, डॉ. अरुण कुमार गौतम, रामवीर सिंह, शिव ज्योति नीतू सिंह राम मूर्ति सत्येंद्र माहेश्वरी, धीरज सिंह धाकड़ ,जितेंद्र तिवारी,डॉ राघवेंद्र सिंह,सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ,डॉ निखिल जैन

सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

सभा के अंत में शिक्षकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा तथा शिक्षक समाज की आवाज को लोकतांत्रिक और संवैधानिक माध्यमों से निरंतर बुलंद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *