Breaking News
आरती शर्मा मुख्य संरक्षक, शुचि खंडेलवाल मुख्य संयोजिका, शीतल अग्रवाल मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनी

 

जनकपुरी महोत्सव महिला समिति का हुआ विस्तार, आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज

महिला शक्ति निभाएगी अहम भूमिका, मां जानकी विवाह प्रसंग से जुड़ी गतिविधियां जल्द होंगी प्रारंभ

Baba news
आगरा। भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के केंद्रीय कार्यालय में बुधवार को जनकपुरी महिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला समिति के विस्तार के साथ आगामी जनकपुरी महोत्सव 2026 को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
महिला समिति की अध्यक्ष अमृता पोरवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय महिलाओं में जनकपुरी महोत्सव को लेकर अभूतपूर्व उत्साह है। समिति इस ऐतिहासिक आयोजन को और अधिक स्मरणीय, आकर्षक एवं सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुट गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही माता जानकी के विवाह प्रसंग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी, साथ ही अन्य तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा भी सार्वजनिक की जाएगी।
जनक मंच संचालन एवं मंच व्यवस्था प्रमुख डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और नारी शक्ति के समर्पण का अद्भुत संगम है। महिला समिति की प्रत्येक सदस्य अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं सेवा भाव के साथ निर्वहन करते हुए इस आयोजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर महिला समिति के विस्तार की घोषणा करते हुए आरती शर्मा को मुख्य संरक्षक, शुचि खंडेलवाल को मुख्य संयोजिका, शीतल अग्रवाल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एकता बंसल को उपाध्यक्ष, सीमा सिंह को महामंत्री, दीप्ति अग्रवाल को कोषाध्यक्ष, मिशी यादव एवं शालिनी पोरवाल को समन्वयक, शिखा वर्मा को मुख्य समन्वयक, वंदना पोरवाल को संयोजक, ज्योति सिंह एवं अनामिका शर्मा को उपाध्यक्ष, संगीता सिंह एवं मीना पाठक को सह-संयोजक तथा रश्मि गुप्ता को मंत्री का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में उपस्थित महिलाओं ने जनकपुरी महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हुए आयोजन की विभिन्न जिम्मेदारियों का उत्साहपूर्वक निर्वहन करने का विश्वास व्यक्त किया।

महाआरती में उमड़ी श्रद्धा, राकेश गर्ग ने उतारी प्रभु श्री राम की आरती
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के केंद्रीय कार्यालय पर प्रतिदिन आयोजित हो रही महाआरती की श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार को महाआरती का आयोजन नालंदा अपार्टमेंट के स्थानीय निवासियों द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने विधि-विधान से महाआरती संपन्न की। इस अवसर पर राजीव कुमार (राजू यादव) ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव के दौरान प्रतिदिन कार्यालय पर होने वाली महाआरती में शहर के महत्वपूर्ण व्यक्तित्व मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जा रहे हैं। महाआरती का आयोजन विभिन्न स्थानीय कॉलोनी के निवासियों द्वारा किया जा रहा है।
इस दौरान आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, महामंत्री मनोज जादौन, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंकुश मित्तल, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला के अलावा,
निमित पोरवाल, कपिल पोरवाल, राजकुमार खत्री, भावना खत्री, अवनिन्द्र कुमार पाठक, कमलेश सिंह, ऊषा सिंह, ममता तोमर, रीठा पाठक, सरला सिंह,कुमुद पांडेय,मोनिका खत्री, अजय अग्रवाल, नरेंद्र शर्मा, प्रभाकर शर्मा, ऋषि खंडेलवाल, नरेंद्र सिंह सेंगर आदि मौजूद रहे ।

सिकंदरा में नए आइसक्रीम पार्लर व कैफे का  उद्घाटन, लोगों में दिखा उत्साह

 

बाबा न्यूज 

आगरा। सिकंदरा स्थित आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर 13 में बुधवार को नए आइसक्रीम पार्लर व कैफे का भव्य उद्घाटन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। करकुंज रोड आवास विकास स्थित शाप न.3 (मायका रेस्टोरेंट के पास) पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिकों, युवाओं और क्षेत्रवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात विधायक विजय शिवहरे वह अतिथियों ने रिबन काटकर पार्लर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों ने संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आधुनिक कैफे और आइसक्रीम पार्लर से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और युवाओं के लिए एक बेहतर स्थल भी उपलब्ध होगा। पूरे पार्लर को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। उद्घाटन के दौरान आए मेहमानों ने विभिन्न फ्लेवर की आइसक्रीम और कैफे की खास तैयारियों का आनंद लिया और उनकी गुणवत्ता व स्वाद की सराहना की। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जहां वे अपने पसंदीदा व्यंजनों का आनंद लेते नजर आए।
पार्लर संचालक सुधीर भोजवानी एवं नितिन भोजवानी ने बताया कि पार्लर में ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता, साफ-सफाई और उचित दामों पर विविध विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, आधुनिक इंटीरियर और आरामदायक बैठने की व्यवस्था इसे परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए एक आदर्श स्थान बनाती है। स्थानीय निवासियों ने इस नए प्रतिष्ठान के खुलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अच्छे कैफे और आइसक्रीम के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा की गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से . भागचंद, पुरुषोत्तम, हेमंत भोजवानी, गिरीश अश्विनी पुनीत हितेश नितिन नैतिक श्याम भोजवानी अंजुम दास कल्पना लीला पूजा भोजवानी आदि उपस्थित थे।

राज्य महिला आयोग सदस्य ने फतेहपुर डीपीओ पर लगाए आरोप:बोलीं- पीड़िताओं को नहीं मिल पा रहा न्याय, प्रमुख सचिव से करेंगी शिकायत

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने फतेहपुर के दो दिवसीय दौरे के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) ऋषान्त कुमार श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाए। बुधवार दोपहर ढाई बजे सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा, डीपीओ के असहयोग के कारण पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब इस मामले की शिकायत प्रमुख सचिव से की जाएगी। प्रोटोकॉल जारी न होने से प्रभावित हुई जनसुनवाई अंजू प्रजापति ने बताया कि वह मंगलवार को फतेहपुर पहुंची थीं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते 25 जुलाई की प्रस्तावित जनसुनवाई को 28 और 29 जुलाई के लिए निर्धारित किया गया था। उनका आरोप है कि जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय की ओर से न तो कोई प्रोटोकॉल जारी किया गया और न ही आयोग से भेजी गई पीड़ितों की सूची के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई, जिससे जनसुनवाई प्रभावित हुई। जनचौपाल भी नहीं हो सकी उन्होंने बताया कि बुधवार को हथगाम थाने में जनचौपाल आयोजित होनी थी, लेकिन प्रोबेशन विभाग के सहयोग के अभाव में कार्यक्रम नहीं हो सका। जनसुनवाई में कुल पांच मामले आए, जिनमें चार मामलों को संबंधित थानों को भेज दिया गया, जबकि एक मामले का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्था पर भी सवाल आयोग सदस्य ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर को उपलब्ध कराई गई सरकारी गाड़ी का उपयोग कहां हो रहा है, इसकी जानकारी विभाग के पास भी नहीं थी। डीपीओ की अनुपस्थिति के कारण इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने बताया कि सेंटर में 12 कर्मियों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 9 की तैनाती है। इनमें भी 6 कर्मचारी ही कार्यरत हैं और 2 को अन्य स्थानों पर संबद्ध कर दिया गया है, जिससे व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। पहले भी उठाया था मुद्दा अंजू प्रजापति ने बताया कि 17 जून को विजयपुर ब्लॉक में आयोजित जनसुनवाई में भी डीपीओ उपस्थित नहीं हुए थे। उस समय उन्होंने बांदा जिले का अतिरिक्त प्रभार होने का कारण बताया था। इस मामले में उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इसकी लिखित शिकायत पहले ही निदेशालय में की जा चुकी है। प्रमुख सचिव से करेंगी शिकायत आयोग सदस्य का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बाद भी उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जुलाई के दो दिवसीय कार्यक्रम में भी डीपीओ अनुपस्थित रहे। ऐसे में अब पूरे मामले की शिकायत प्रमुख सचिव से की जाएगी, ताकि जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

आगरा में पुरानी मंडी-शाहजहां पार्क रोड बंद:वैकल्पिक मार्गों से निकाले जाएंगे वाहन, सड़क पर दो दिन नमामि गंगे परियोजना का चलेगा काम

आगरा में नमामि गंगे परियोजना के तहत सीवर कार्य की वजह से पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क जाने वाली सड़क को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। मंगलवार 29 जुलाई 2026 से पुरानी मंडी चौराहे से शाहजहां पार्क तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। दरअसल इस पूरे क्षेत्र में मंटोला नाले की टैपिंग और 1400 मिमी व्यास की राइजिंग मेन बिछाने का काम किया जाना है। इसके लिए पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क के बीच लगभग 900 मीटर सड़क की खुदाई होगी। इसी वजह से प्रशासन ने दो दिन तक इस मार्ग को बंद रखने का निर्णय लिया है। यातायात पुलिस ने इस दौरान मार्ग को एकल मार्ग यानी वन-वे कर दिया है। इसके तहत शाहजहां पार्क की ओर से आने वाले वाहन पुरानी मंडी की तरफ आ तो सकेंगे, लेकिन पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क की ओर कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा। जिन लोगों को पुरानी मंडी से आगरा किला या शाहजहां पार्क की ओर जाना है उन्हें अब माल रोड का रास्ता अपनाना होगा। इसी तरह ताजमहल क्षेत्र से आगरा किला जाने वाले वाहन भी माल रोड होते हुए ही अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पुरानी मंडी से आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को फूल सैयद चौराहे से करिअप्पा चौराहा होते हुए भेजा जाएगा।चूंकि इन दिनों पर्यटन सीजन चल रहा है और साथ ही इस मार्ग पर सीवर का काम भी चल रहा है, ऐसे में ताजगंज, फूल सैयद चौराहा, फतेहाबाद रोड, शमशाबाद रोड और शहर के अन्य हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है। वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए थोड़ी अतिरिक्त दूरी भी तय करनी पड़ सकती है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

आगरा में कल एक तिहाई क्षेत्र में नहीं मिलेगा पानी:खैराती टोला में इंटर कनेक्शन के काम के चलते ठप रहेगी सप्लाई

आगरा के खैराती टोला में गुरुवार को इंटर कनेक्शन का काम कराया जाएगा। इसके चलते एक तिहाई क्षेत्र में पानी की सप्लाई ठप रहेगी। यह काम सुबह से शाम तक चलेगा। ऐसे में लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
जलकल विभाग ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण करने की अपील की है, जिससे कि उन्हें पानी के लिए भटकना न पड़े। खैराती टोला के गेट पर नमामि गंगे का काम पिछले कई दिनों से चल रहा है। अब यहां पानी की पाइप लाइन के इंटर कनेक्शन का काम किया जाना है। यह काम 30 जुलाई सुबह से शाम तक चलेगा। ऐसे में पानी की सप्लाई बंद रहेगी, जिससे कि इंटर कनेक्शन का काम आसानी से हो सके। इन क्षेत्रों में नहीं आएगा पानी
इंटर कनेक्शन के काम के चलते रकाबगंज, बालूगंज, मधुनगर, हन्ना गली, नौलक्खा, ताजगंज, बुंदू कटरा आदि क्षेत्रा में पानी नहीं आएगा। इन क्षेत्रों की लगभग दो लाख की आबादी प्रभावित होगी। टैंकरों से मंगवा सकते हैं पानी
जलकल विभाग ने वैसे तो लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण करने की अपील की है, फिर भी जरूरत पड़ने पर वे टैंकरों के माध्यम से पानी मंगा सकते हैं। टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति किए जाने की व्यवस्था की गई है। जलकल विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 8192095401, टोल फ्री नंबर 18002702722 और सहायक अभियंता के मोबाइल नंबर 8192095735 पर संपर्क किया जा सकता है।

बलिया में 2100 कुण्डीय वैदिक महायज्ञ का समापन:गुरु पूर्णिमा पर बटुकों ने की गुरु पूजा, गुरु-शिष्य परंपरा का दर्शन

बलिया में आषाढ़ पूर्णिमा के पावन पर्व गुरु पूर्णिमा पर भारतीय संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा का अनुपम दर्शन हुआ। इस अवसर पर महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम, रामगढ़, गंगापुर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं शहर से सटे मिढ्ढा स्थित महर्षि सदाफलदेव आश्रम में 2100 कुण्डीय दो दिवसीय विश्वशांति वैदिक महायज्ञ का भव्य समापन हुआ। श्री वेद विद्या सेवाश्रम ट्रस्ट द्वारा संचालित गुरुकुल में ब्रह्मचारियों ने अपने आचार्यों का वैदिक रीति से पूजन, चरण वंदन कर आशीर्वाद ग्रहण किया। सुबह से शाम तक गुरुकुल परिसर वेदमंत्रों, रुद्रपाठ और शंखध्वनि से गुंजायमान रहा। ब्रह्मचारियों ने वैदिक यज्ञ और प्रार्थना के माध्यम से राष्ट्र, धर्म, गौमाता, गंगा तथा समस्त मानवता के कल्याण की कामना की। देखें, 3 तस्वीरें… इस अवसर पर गुरुकुल के आचार्यों ने गुरु को जीवन के अंधकार को दूर कर आत्मज्ञान का प्रकाश देने वाला पथप्रदर्शक बताया। उन्होंने तैत्तिरीय उपनिषद् के वाक्य “आचार्यदेवो भव” की प्रासंगिकता पर जोर दिया।
आचार्य मोहित पाठक ने कहा कि आधुनिक समय में जब शिक्षा केवल रोजगार तक सीमित हो रही है, गुरुकुल व्यवस्था बच्चों को ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, सेवा, आत्मसंयम और राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाती है। मिढ्ढा स्थित महर्षि सदाफलदेव आश्रम प्रांगण में प्रथमाचार्य श्री सदगुरू धर्मचन्द्र देव जी की 57वीं पुण्यतिथि और गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में आयोजित 2100 कुण्डीय विश्वशांति वैदिक महायज्ञ का समापन हुआ। यह दो दिवसीय महायज्ञ शांति और कल्याण की भावना के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अजय कुमार राय ने कहा कि गुरु पूर्णिमा एक विशेष अवसर है, जो उन सद्गुरुओं के सम्मान के लिए मनाया जाता है जिनके अवतरण से मानव का कल्याण होता है। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा को भारत की सनातन आत्मा बताया।

गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण का अखिलेश यादव पर हमला:बागपत में बोले- मुगल शासकों की तरह पिता से छीनी पार्टी की कमान

उत्तर प्रदेश के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बागपत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव की तुलना मुगल शासकों से करते हुए कई राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष को घेरा और 2027 में भाजपा की वापसी का दावा किया। बुधवार को बागपत के बड़ागांव स्थित तपस्वी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि जिस तरह मुगल शासक अपने पिता को हटाकर सत्ता पर बैठते थे, उसी तरह अखिलेश यादव भी अपने जीवित पिता से पार्टी की कमान लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष बने। मंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने अपने पिता से ही पार्टी का नेतृत्व अपने हाथ में ले लिया था। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। माहौल खराब करने की कोशिश की जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल पर लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को देखते हुए प्रधानमंत्री ने आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन में कुछ असामाजिक तत्व शामिल हो गए थे, जिन्होंने माहौल खराब करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कोई भी संस्कारी छात्र या युवा अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं कर सकता। इथेनॉल नीति पर बोलते हुए मंत्री ने इसे ऊर्जा संकट से निपटने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने दावा किया कि इथेनॉल के बढ़ते उपयोग से गन्ना किसानों को बेहतर भुगतान मिल रहा है। उनके अनुसार, विपक्ष इस नीति का विरोध कर किसानों के हितों के खिलाफ काम कर रहा है और देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भारत हथियारों और कृषि उपकरणों के पुर्जों का आयात करता था, जबकि अब देश हथियारों का निर्यात कर रहा है और विमान निर्माण के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। गन्ना मंत्री ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार की वापसी का दावा करते हुए कहा कि पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतकर फिर सरकार बनाएगी। उल्लेखनीय है कि लक्ष्मी नारायण चौधरी पिछले लगभग 30 वर्षों से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ागांव स्थित तपस्वी आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे हैं। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। मंत्री के बयानों के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।