Breaking News
जनकपुरी महोत्सव को लेकर आयोजन समिति ने पुलिस आयुक्त से की भेंट

तीन दिवसीय आयोजन के लिए सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा, महाआरती में शामिल होने का दिया आमंत्रण

बाबा न्यूज 

आगरा। उत्तर भारत के सबसे ऐतिहासिक एवं भव्य जनकपुरी महोत्सव-2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 6, 7 एवं 8 अक्टूबर को भावना एस्टेट रोड पर आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिष्टाचार भेंट कर आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू’ यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को बताया कि जनकपुरी महोत्सव में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु एवं दर्शक सम्मिलित होते हैं। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं।
राजीव कुमार ‘राजू’ यादव ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान माता सीता की डोला यात्रा, राजा जनक की शोभायात्रा एवं श्री राम सहित चारों भाइयों के स्वरूपों का नगर भ्रमण प्रमुख आकर्षण होते हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहती है। आयोजन स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप होने के कारण सुरक्षा के साथ-साथ सुचारु यातायात व्यवस्था भी अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पुलिस प्रशासन से सहयोग एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
उन्होंने पुलिस आयुक्त को यह भी अवगत कराया कि जनकपुरी महोत्सव के केंद्रीय कार्यालय पर प्रतिदिन शाम 7:30 बजे महाआरती का आयोजन किया जा रहा है तथा उन्हें इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता के लिए सादर आमंत्रित किया गया।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने आयोजन समिति को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए संबंधित अपर पुलिस आयुक्तों एवं अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने महाआरती में भी समयानुसार सम्मिलित होने का प्रयास करने की बात कही।
इस अवसर पर आयोजन समिति के संतोष कटारा, मनोज जादौन, अरविंद शर्मा, धर्मेश जैन, अशोक चौबे, मनोज बंसल, संजय गोयल आदि उपस्थित रहे।

शिक्षक हितों पर समझौता सहन नहीं होगा : डॉ. भोज कुमार शर्मा

पुरानी पेंशन सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षकों ने दिया  धरना

बाबा न्यूज 

आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, आगरा में पुरानी पेंशन बहाली एवं शिक्षकों की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भोज कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता आया है और आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ करता रहेगा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, सेवा सुरक्षा, समयबद्ध पदोन्नति, वित्तविहीन शिक्षकों के अधिकार और सम्मानजनक सेवा-शर्ते किसी वर्ग विशेष की नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज की साझा मांग हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि संगठन का संघर्ष किसी व्यक्ति या सरकार के विरुद्ध नहीं, बल्कि शिक्षक हितों के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की पहली शर्त है और सरकार को इन न्यायोचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

धरने में पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा सेवा अधिनियम-2023 में सेवा सुरक्षा एवं पदोन्नति संबंधी प्रावधानों की पुनर्स्थापना, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, एन.पी.एस. से जुड़े लंबित प्रकरणों का निस्तारण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा का विस्तार, त्रिस्तरीय सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष किए जाने सहित 14 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। तरीय ए.सी.पी., व्यावसायिक एवं कम्प्यूटर शिक्षकों शिक्षकों को पूर्ण शिक्षक का दर्जा दिया जाए।

कार्यक्रम के उपरांत संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक, आगरा रविन्द्र पाल सिंह तौमर को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जिला विद्यालय निरीक्षक में समस्त शिक्षक समस्याओं का निस्तारण करने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मी रानी शर्मा, जिला अध्यक्ष ने की। इस अवसर पर जसवंत सिंह, डॉ. अरुण कुमार गौतम, रामवीर सिंह, शिव ज्योति नीतू सिंह राम मूर्ति सत्येंद्र माहेश्वरी, धीरज सिंह धाकड़ ,जितेंद्र तिवारी,डॉ राघवेंद्र सिंह,सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ,डॉ निखिल जैन

सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

सभा के अंत में शिक्षकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा तथा शिक्षक समाज की आवाज को लोकतांत्रिक और संवैधानिक माध्यमों से निरंतर बुलंद किया जाएगा।

आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ़ यूपी करेगा ‘गुरु शिल्पी सम्मान’

 

4 अगस्त को शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं कला जगत की विभूतियों का होगा सम्मान, आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन

बाबा न्यूज 

आगरा। भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। गुरु ही अपने ज्ञान, साधना और संस्कारों से शिष्य के व्यक्तित्व को निखारकर उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। इसी गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मानित करने के उद्देश्य से आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ़ यूपी द्वारा आगामी 4 अगस्त को ‘गुरु शिल्पी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह की औपचारिक घोषणा एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन शुक्रवार को करकुंज रोड, आवास विकास स्थित भगत हलवाई रेस्टोरेंट में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
संस्था के महासचिव कमलप्रीत सिंह ‘शैंकी’ ने बताया कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। जीवन में ज्ञान, शिक्षा, कला, संस्कार और व्यक्तित्व का विकास कराने वाले गुरु सदैव वंदनीय और सम्माननीय होते हैं। आगरा की सांस्कृतिक धरती पर ऐसे अनेक गुरु हैं जिन्होंने अपनी कला और साधना से राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है। उनके शिष्य आज देश-विदेश में भारतीय संस्कृति और कला का परचम लहरा रहे हैं। ऐसे ही समर्पित गुरुओं को सम्मानित करने का उद्देश्य इस समारोह का मूल भाव है।
उन्होंने बताया कि आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ़ यूपी पिछले कई वर्षों से शास्त्रीय संगीत, नृत्य, वादन, लोककलाओं, रंगमंच और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था समय-समय पर संगीत समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कार्यशालाएं, युवा कलाकारों के प्रशिक्षण कार्यक्रम, गुरु-शिष्य संवाद, प्रतिभा सम्मान समारोह तथा नवोदित कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने जैसे अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करती रही है। संस्था का उद्देश्य वरिष्ठ कलाकारों के अनुभव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाना है।
उपाध्यक्ष मंजरी शुक्ला ने बताया कि 4 अगस्त को आयोजित होने वाले समारोह में शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य से जुड़े वरिष्ठ गुरुजन और कलाकारों को ‘गुरु शिल्पी सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। सम्मानित होने वाली विभूतियों में डॉ. रवि भटनागर, प्रतिभा तलेगांवकर, सुधीर नारायण, सदानंद भट्ट, मुरली तिवारी, गौतम तिवारी, सुभाष सक्सेना, शोबी माथुर, रविंद्र तालेगांवकर, पं. डॉ. देवाशीष गांगुली, अमान खान, गजेंद्र चौहान, वीरेंद्र भान गुप्ता, शुभाशीष गांगुली, डॉ. नीलू शर्मा, मनीष प्रभाकर, रमेश प्रभाकर, नंदन गुरु, फ्रांसिस मरिंडा, पुरुषोत्तम मयूरा, टोनी फास्टर, रोशनी गिडवानी तथा ज्योति खंडेलवाल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल कलाकारों का अभिनंदन नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और कला साधना के प्रति समाज में सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास है।
आमंत्रण पत्र के विमोचन अवसर पर उपाध्यक्ष बी. शिरोमणि, सचिव अनिल वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य ललित शर्मा, अनूप सिंह, योगेश सिंह, अपूर्व, अनिल सविता आदि उपस्थित रहे।