Breaking News
राजा भैया महुली हादसा पीड़ित अमन श्रीवास्तव के घर पहुंचे:बोले- कुछ घटनाएं अकल्पनीय होती हैं, 6 लोगों की हुई थी मौत

प्रतापगढ़ के महुली गांव में हुए हादसे के पीड़ित अमन श्रीवास्तव के घर कुंडा विधायक और जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पहुंचे। उन्होंने शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। राजा भैया ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें। उन्होंने कुछ घटनाओं को बेहद दुखद और कुछ को अकल्पनीय बताया। राजा भैया ने अमन श्रीवास्तव के सुरक्षित बचने को ईश्वर की कृपा बताया। गौरतलब है कि बीते दिनों बारिश के दौरान महुली गांव में एक जर्जर मकान का हिस्सा ढह गया था। हादसे के वक्त परिवार के सात सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। मकान गिरने से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन श्रीवास्तव सुरक्षित बच गए। अमन की हालत अब पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 26 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। यह सहायता राशि अमन श्रीवास्तव को सौंप दी गई है। हादसे के बाद से अमन श्रीवास्तव के घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। जनप्रतिनिधि, नेता और स्थानीय लोग लगातार पीड़ित परिवार से मिलकर दुख साझा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *