Breaking News
भाजपा नेताओं ने फिरोज गांधी की कब्र पर चढ़ाए फूल:सिद्धार्थ नाथ बोले, राहुल गांधी पूर्वजों का सम्मान नहीं करते Zen G को क्या सिखाएंगे

प्रयागराज में शुक्रवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित कई भाजपा नेताओं ने पारसी कब्रिस्तान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी की कब्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और “फिरोज गांधी अमर रहें” के नारे लगाए। मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसी प्रकार की राजनीति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और अपने पूर्वजों के सम्मान का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान पारसी समाज के एक प्रतिनिधि ने उन्हें प्रयागराज स्थित पारसी कब्रिस्तान की बदहाल स्थिति के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को कब्रिस्तान के रखरखाव और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। सिंह ने यह भी कहा कि वह जिलाधिकारी से बात कर कब्रिस्तान की बेहतर देखरेख सुनिश्चित कराएंगे। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी वह प्रयागराज आते हैं, तो अपने दादा फिरोज गांधी की कब्र पर श्रद्धांजलि देने नहीं जाते। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई व्यक्ति अपने पूर्वजों का सम्मान नहीं करता, तो वह नई पीढ़ी को संस्कारों का संदेश कैसे देगा। उन्होंने भाजपा के सिद्धांत “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” का जिक्र करते हुए कहा कि सभी समाजों के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का सम्मान करना पार्टी का उद्देश्य है। सिंह ने जोर दिया कि पारसी समाज भी देश का अभिन्न हिस्सा है, इसलिए उनके कब्रिस्तान की देखभाल भी सरकार की जिम्मेदारी है। राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम पर भी सिद्धार्थ नाथ सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उनके संवाद से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है और राहुल गांधी लंबे समय से खुद को युवा नेता बताते आ रहे हैं, लेकिन जनता अब उनके राजनीतिक संदेश को गंभीरता से नहीं लेती। सिंह ने अंत में कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को कार्यक्रम करने का अधिकार है, लेकिन इससे भाजपा को कोई चिंता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *