गर्मी से ताजमहल पर बिगड़ी दो बच्चों की तबियत:डिहाइड्रेशन और हीटस्ट्रोक का हुए शिकार, महाराष्ट्र से ताजमहल देखने आए थे पर्यटक

पिछले दिनों हुई बारिश के बाद शहर में तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों पर भारी पड़ रही है। इसका असर विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पर आने वाले पर्यटकों पर भी देखने को मिल रहा है। शनिवार को महाराष्ट्र के चंद्रपुर से ताजमहल घूमने आए एक पर्यटक के दो छोटे बच्चे अत्यधिक गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन और सनस्ट्रोक का शिकार हो गए। सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हुए बच्चों को उपचार के लिए पर्यटक सुविधा केंद्र भिजवाया। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के चंद्रपुर निवासी प्रदीप अपने परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे। ताजमहल के पश्चिमी गेट क्षेत्र में भ्रमण के दौरान उनके 6 वर्षीय पुत्र सुयोग और 3 वर्षीय पुत्री कृष्णवेणी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। तेज धूप और उमस के कारण दोनों बच्चों में डिहाइड्रेशन और सनस्ट्रोक के लक्षण दिखाई दिए। पर्यटक द्वारा सूचना दिए जाने पर ताजमहल के पश्चिमी गेट पर तैनात थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में टीम ने बच्चों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद ताजमहल पश्चिमी पार्किंग स्थित पर्यटन सुविधा केंद्र से एम्बुलेंस बुलाकर बच्चों और उनके परिजनों को पर्यटक सुविधा केंद्र भेजा गया, जहां उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई। समय पर उपचार मिलने से बच्चों की हालत में सुधार हुआ। पर्यटक प्रदीप ने आगरा पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। सहायता कार्य में उपनिरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु तथा महिला आरक्षी सुलेखा शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *