कन्नौज में 9 वाहन चोर गिरफ्तार:पुलिस मुठभेड़ में एक चोर के पैर में लगी गोली, 10 बाइकें बरामद
कन्नौज में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के 9 सदस्यों को अरेस्ट कर लिया। माल बरामदगी के दौरान एक चोर ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो उसने तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने भी फायर किया। इस दौरान एक गोली उसके पैर में लग गई। पुलिस ने चोरी की 10 बाइकें और पुर्जे बरामद किए हैं। सौरिख थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह चौधरी की टीम द्वारा हरिभानपुर स्टेडियम के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्ध व्यक्ति दिखाए दिए। उन्हें रोककर पूछताछ की गई। उन्होंने अपने नाम श्याम पुत्र रविशचन्द्र व राजा उर्फ अभिजीत वर्मा पुत्र सुरेशचन्द्र निवासीगण ग्राम उमरैन जिला औरैया, अनुज गुप्ता पुत्र रामशरण गुप्ता व गोविन्द पुत्र सुनील गुप्ता निवासीगण ग्राम ब्रह्मनगर जिला इटावा तथा जानू गुप्ता पुत्र झब्बूलाल निवासी अधिनी जिला इटावा बताए। पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि उनके अन्य साथी जंगल में चोरी की मोटरसाइकिलों को काट रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम उन अभियुक्तों को साथ लेकर दबिश देने पहुंची। जहां से पुलिस टीम ने चार अन्य अभियुक्त अमन पुत्र रामपाल व अंकुर पुत्र विजयपाल निवासीगण ग्राम उमरैन जिला औरैया, नागेश्वर पुत्र राकेश सिंह व शिवपाल पुत्र गजराज पाल निवासीगण ग्राम सुमेरपुर जिला हरदोई को गिरफ्तार कर लिया। इन चोरों के कब्जे से पुलिस ने 10 बाइक, मोटर साइकिल के 4 इंजन व कटे हुए पार्ट्स, 4 अदद देशी तंमचा, 4 जिन्दा कारतूस, 4 एण्ड्रायड मोबाइल बरामद किए। जिस समय पुलिस पूछताछ कर गुनाह कबूल करवा रही थी, तभी बदमाश श्याम ने बताया कि उसने 4 जुलाई को त्रिपाठी बुक डिपो से मोबाइल चोरी किया था। जिसकी बरामदगी के लिए श्याम को पुलिस उसके बताए गए स्थान पर लेकर जाने लगी। तभी अचानक से उसने पुलिसकर्मियों से अपना हाथ छुड़ा लिया और भागने का प्रयास किया। झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखे गए तमंचे से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। थाना सौरिख पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। जिससे श्याम के पैर पर एक गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

