Breaking News
सकलडीहा बीज गोदाम पर नहीं मिल रहा जिप्सम:खरीफ सीजन में किसान परेशान: खाली हाथ लौट रहे अन्नदाता

चंदौली में खरीफ सीजन में खेती की तैयारियों के बीच सकलडीहा कस्बे स्थित राजकीय बीज गोदाम पर भूमि सुधारक जिप्सम की किल्लत से किसान परेशान हैं। खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के लिए जिप्सम लेने पहुंच रहे किसानों को गोदाम से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द जिप्सम उपलब्ध कराने की मांग की है। खेती के लिए जरूरी है जिप्सम किसानों के अनुसार, जिप्सम का उपयोग खेतों की मिट्टी सुधारने के लिए किया जाता है। खासकर ऊसर और कमजोर भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने में यह काफी उपयोगी होता है। खेतों की जुताई के समय इसका प्रयोग करने से मिट्टी की संरचना बेहतर होती है और फसल उत्पादन में भी सुधार की उम्मीद रहती है। खरीफ सीजन में इसकी मांग बढ़ जाती है। गोदाम पहुंचे किसान लौटे मायूस सकलडीहा क्षेत्र के किसान इन दिनों जिप्सम की तलाश में राजकीय बीज गोदाम पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां उपलब्धता नहीं होने से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। किसान बच्चा सिंह, राकेश सिंह, श्यामसुंदर सिंह और श्यामबिहारी सिंह ने बताया कि गोदाम पर काफी समय से जिप्सम उपलब्ध नहीं है। किसानों का आरोप है कि जानकारी लेने पर भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने की जल्द आपूर्ति की मांग किसानों का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में जिप्सम नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द राजकीय बीज गोदाम पर जिप्सम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान समय पर इसका उपयोग कर सकें। मार्च से खत्म है स्टॉक राजकीय बीज गोदाम के प्रभारी गौतम मौर्या ने बताया कि जिप्सम का स्टॉक मार्च महीने से समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जिप्सम की आपूर्ति होने की उम्मीद है और उपलब्ध होते ही किसानों को वितरण शुरू कर दिया जाएगा। किसानों की निगाहें विभाग पर टिकीं खरीफ सीजन में जिप्सम की बढ़ती मांग के बीच किसान अब विभागीय आपूर्ति का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते जिप्सम उपलब्ध नहीं हुआ तो खेती की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *