श्रद्धालुओं से भरे टेंपो को कार ने मारी टक्कर:बरसाना में एक की मौत, कई महिलाएं गंभीर घायल
मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र में शनिवार को श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो को तेज रफ्तार वैगनआर कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, रिफाइनरी थाना क्षेत्र के शमशाबाद निवासी 50 वर्षीय दशरथ तिवारी अपने परिवार के साथ शनिवार सुबह कोकिलावन शनिदेव मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद पूरा परिवार टेंपो में सवार होकर बरसाना स्थित राधारानी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुआ था। संकेत गांव के पास हुआ भीषण हादसा रास्ते में बरसाना क्षेत्र के संकेत गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में सवार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को टेंपो से बाहर निकाला। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दशरथ तिवारी को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भांजे सुधीर रावत ने बताया कि हादसे में उनके मामा की हालत मौके पर ही गंभीर हो गई थी। उन्होंने बताया कि हादसे में अनीता, लक्ष्मी, रजनी और गजल गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार में पसरा मातम दशरथ तिवारी की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

