सोनभद्र में भीषण गर्मी, आंगनबाड़ी और मदरसे बंद:बच्चों के लिए 22 मई से 15 जून तक आंगनबाड़ी, मदरसे 31 मई तक स्थगित
सोनभद्र में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का अवकाश 22 मई से 15 जून तक रहेगा, जबकि मदरसों में शिक्षण कार्य 31 मई तक स्थगित किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले छोटे बच्चों को गर्मी और लू से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, इस अवधि में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जिनकी ड्यूटी बीएलओ में लगी है, वे अपना कार्य यथावत करती रहेंगी। साथ ही, सभी आंगनबाड़ी केंद्र खुले रहेंगे और कार्यकर्ता व सहायिकाएं गृह भ्रमण, सामुदायिक गतिविधियां, टीकाकरण, अनुपूरक पुष्टाहार वितरण और पोषण ट्रैकर ऐप पर फीडिंग जैसे सभी शासकीय कार्य पूर्ववत करेंगी।
दूसरी ओर, जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और मौसम विभाग द्वारा जारी हीटवेव चेतावनी के मद्देनजर छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सोनभद्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त और संचालित सभी मदरसों में शिक्षण कार्य तत्काल प्रभाव से 31 मई तक स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय रजिस्ट्रार, उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा बोर्ड और जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान ग्रीष्म ऋतु में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को देखते हुए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने सभी अनुदानित और मान्यता प्राप्त मदरसों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

