बुर्जीवाले मंदिर में पुरुषोत्तम मास में बहेगी भक्ति ज्ञान की गंगा

बाबा न्यूज
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर जयपुर हाउस प्रताप नगर स्थित श्री बुजीर्वाला मंदिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर होने जा रहा है। श्री बुजीर्वाला मंदिर संचालन समिति की ओर से 18 से 25 मई तक भव्य सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कथा में वृंदावन धाम से पधार रहे कथावाचक आचार्य राजेश शास्त्री महाराज अपने श्रीमुख से भक्तों को श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान कराएंगे। शुक्रवार को कथा के आमंत्रण-पत्र का विमोचन समिति पदाधिकारियों ने श्रद्धा भाव के साथ किया गया।
मुख्य यजमान गौरव बंसल व निधि बंसल ने बताया कि कथा महोत्सव का शुभारंभ 18 मई की सुबह सात बजे जयपुर हाउस स्थित चिंताहरण मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। 551 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति और आस्था की अनुपम छटा बिखेरेंगी। कलश यात्रा का मार्ग में आठ स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात शाम को श्री बुजीर्वाला मंदिर में कथा का शुभारंभ होगा। प्रतिदिन शाम चार से सात बजे तक दिव्य कथा का रसपान कराया जाएगा।
समन्वयक विजय बंसल ने बताया कि आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तों के बीच विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल है। कथा में 19 मई को मंगलाचरण एवं कुंती-भीष्म स्तुति, 20 मई को सती, ध्रुव एवं प्रहलाद चरित्र, 21 मई को समुद्र मंथन, रामचरित्र और नंदोत्सव, 22 मई को श्रीकृष्ण बाल लीलाएं एवं गोवर्धन पूजन, 23 मई को कंस उद्धार, रासलीला और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह तथा 24 मई को सुदामा चरित्र के साथ कथा विश्राम होगा। 25 मई को पूणार्हुति एवं विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा। कथा स्थल पर प्रतिदिन आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां भी सजाई जाएंगी, जिनके दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठेंगे। इस अवसर पर रंजीत सामा, ओम स्वरूप गर्ग, जेठा भाई, राजकुमार अग्रवाल, केशव अग्रवाल, निधि अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, राजेश जिंदल, जय कुमार, गोपाल अग्रवाल, शकुन बंसल, संदीप गोयल, ज्योति मोहन जिंदल, पियूष सिंघल, अलोक जैन, सुनील मित्तल, पूजा जिंदल, दीपक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

विद्यार्थियों की यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम का परिणाम : भूप सिंह इन्दौलिया

नेमीचंद एजुकेशनल एकेडमी में मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
राजकुमार/ बाबा न्यूज
किरावली। नेमीचंद एजुकेशनल एकेडमी विद्यालय पुरामना किरावली में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए बुधवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रबंधक भूप सिंह इन्दौलिया ने न केवल मेधावी छात्रों को माला पहनाकर सम्मानित किया, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।
कार्यक्रम में प्राचार्य हरी कांत शर्मा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन और नियमित परिश्रम बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को भी छात्रों की सफलता का महत्वपूर्ण कारण बताया।
प्रबंधक भूपसिंह इन्दौलिया ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।ह्व उन्होंने छात्रों को आगे भी इसी लगन से पढ़ाई जारी रखने और उच्च लक्ष्यों का निर्धारण करने की प्रेरणा दी।
सम्मानित छात्रों की सूची में पालेंद्र, गौरव, अंशिका, भावना, रोहित, पार्थ, देवराज, मोहित, हर्षित, यश, मयंक, अंश, आयुष, पलक, कामिनी, साक्षी, वंश और दिव्यांशी प्रमुख रहे। विद्यालय प्रशासन और शिक्षक-समूह ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिए और आवश्यक मार्गदर्शन की पेशकश भी की।
समारोह के अंत में विद्यालय ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल प्रदर्शन का जश्न मनाया और आने वाले समय में छात्रों की और प्रगति के लिए विभिन्न शैक्षिक तथा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया।

मस्ती की पाठशाला से बच्चों में बढ़ेगी शारीरिक सक्रियता

 

कमला अरुण इंटर कॉलेज में छात्रों के लिए हुआ फन गेम्स और विशेष सत्र का आयोजन
बाबा न्यूज
आगरा । भारत की अग्रणी आयुर्वेदिक और प्राकृतिक स्वास्थ्य देखभाल कंपनियों में से एक, डाबर इंडिया लिमिटेड ने अपने महत्वाकांक्षी अभियान हाजमोला मस्ती की पाठशाला की घोषणा की। यह विशाल कार्यक्रम स्कूली बच्चों के बीच शारीरिक खेल-कूद और मनोरंजन के महत्व को समझाने के लिए बनाया गया है, जो हाजमोला ब्रांड की खुशमिजाज और मजेदार पहचान के बिल्कुल अनुकूल है।
मस्ती की पाठशाला अभियान उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में एक बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। जिसके क्रम में कमला अरुण इंटर कॉलेज कालेज, में हाजमोला मस्ती की पाठशाला का आयोजन किया गया। जिसमें स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए फन गेम्स का आयोजन किया गया ताकि छात्र सुस्ती और आलस छोड़कर शारीरिक खेलों में हिस्सा ले सकें और स्वस्थ रह सकें। इसके साथ ही, इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य और फिटनेस विशेषज्ञों के विशेष सत्र भी हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. श्वेता कौशिक ने छात्रों को स्वास्थ्य और फिटनेस से शरीर को होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर डाबर इंडिया लिमिटेड कारपोरेट कम्युनिकेशन मैनेजर दिनेश कुमार, कमला अरुण इंटर कॉलेज के प्रबन्धक भारतेन्द्र अरुण और कई प्रमुख लोग मौजूद थे। यह अभियान 20 प्रमुख शहरों के कुल 550 स्कूलों में होगा, जिसका लक्ष्य 2.5 लाख से अधिक छात्रों को फायदा पहुँचाना है। इस अभियान को मनोरंजक और शिक्षाप्रद गतिविधियों के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें विशेष रूप से ‘फन गेम्स’ (मजेदार खेल) के सत्र रखे गए हैं, ताकि छात्र सुस्ती और आलस छोड़कर शारीरिक खेलों में हिस्सा ले सकें और स्वस्थ रह सकें। इसके साथ ही, इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य और फिटनेस विशेषज्ञों के विशेष सत्र भी होंगे।

लोकहितम लगाएगा महारक्तदान,नि:शुल्क जांच शिविर

स्थापना दिवस समारोह में 60 संस्थाएं और दुर्लभ रक्तदाता होंगे सम्मानित,300 यूनिट संग्रह का लक्ष्य
बाबा न्यूज
आगरा। लोकहितम चैरिटेबल ब्लड सेंटर का 16वां स्थापना दिवस समारोह 17 मई को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित किया जाएगा। स्थापना दिवस पर महारक्तदान शिविर, नि:शुल्क परामर्श, स्वास्थ्य जाँच एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा। गुरुवार को कमला नगर स्थित लोकहितम भवन में स्थापना दिवस समारोह के आमंत्रण पत्र का विमोचन संस्था पदाधिकारियों ने किया।
अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान के समान है। गर्मियों के मौसम में अक्सर रक्त की कमी हो जाती है, ऐसे में स्थापना दिवस पर महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में करीब 20 सहयोगी संस्थाओं और युवाओं की भागीदारी से प्रात: 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर में 300 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

महासचिव अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि डायलिसिस मरीजों के लिए दूसरा शिविर लोकहितम भवन में नि:शुल्क परामर्श एवं जांच शिविर भी लगाया जाएगा। जिसमे डॉ. रजत मंगल मरीजों को परामर्श देंगे और शिविर में बॉडी कंपोजिशन मॉनिटर (बीसीएम) मशीन के माध्यम से मरीजों की नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति का सटीक सम्पूर्ण आकलन किया जा सकेगा।

संरक्षक राकेश मंगल ने बताया कि शाम सात बजे स्थापना दिवस समारोह में समाजसेवा, रक्तदान और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली 60 संस्थाओं एवं पांच दुर्लभ रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संगठन संजय विनायक जोशी, आशीर्वचन संत लोकेशानंद जी महाराज और विशिष्ट अतिथि डॉ. मुनीश्वर गुप्ता रहेंगे। संस्था का वर्षभर के सेवा कार्य का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया जायेगा। इस अवसर पर संरक्षक कोषाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, ब्लड बैंक निदेशक संजीव जैन, डायलिसिस सेंटर निदेशक भुवेश अग्रवाल, सुनील गोयल, महेंद्र सिंघल, रोहित अग्रवाल, श्रीराम अग्रवाल, केके अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, अशोक अग्रवाल फरह वाले, शरद मित्तल, अर्पित गोयल, मयंक गोयल आदि उपस्थित रहे।

टीडीए के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र गुप्ता और सचिव बने डॉ. पंकज गुप्ता

अधिष्ठापन समारोह में नयी टीम ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
चिकित्सकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर जताई चिंता, एकजुटता का दिया संदेश
बाबा न्यूज
आगरा। ताज डॉक्टर्स एसोसिएशन (टीडीए) की नई कार्यकारिणी ने गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। फतेहाबाद रोड स्थित होटल गोल्डन टूलिप मे आयोजित अधिष्ठापन समारोह में संगठनात्मक एकता के संदेश के बीच चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और समाज सेवा को नई दिशा देने की घोषणा भी की गई। समारोह का शुभारंभ आईएमए अध्यक्ष इलेक्ट डॉ. हरेंद्र गुप्ता, वक्ता डॉ. रश्मि मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष राजीव उपाध्याय और डॉ. आरती गुप्ता शर्मा ने दीप प्रवज्जलित कर किया।

मंच से नवीन सत्र 2026-27 की कार्यकारणी में अध्यक्ष पद पर डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता, सचिव पद पर डॉ. पंकज गुप्ता, कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. समीर शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर डॉ. सविता त्यागी, डॉ. दिलीप सोनी, संयुक्त सचिव पद पर डॉ. अमिता सिंह, डॉ. प्रखर मोहनिया और सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. भावना सिंह व डॉ. रूचि अग्रवाल को संरक्षक डॉ. हरेंद्र मोहनिया ने शपथ ग्रहण करायी।

मुख्य अतिथि डॉ. हरेंद्र गुप्ता ने कहा कि संगठन की मजबूती ही डॉक्टरों की सबसे बड़ी शक्ति है। चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। वर्तमान समय में डॉक्टरों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि उनकी टीम चिकित्सकों की सुरक्षा, युवा डॉक्टरों के मार्गदर्शन, नैतिकता, अनुशासन और समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम सकारात्मक सोच के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। समारोह में एसोशिएशन ने चिकित्सकों के विरुद्ध बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमिता व भावना ने किया। इस अवसर पर संजय बंसल, डॉ माला यादव, डॉ विजया सोनी, डॉ. गोपाल कृष्ण, डॉ. संजना महेश, मनोज शर्मा, एमएल दीक्षित, विजय खुराना, नवीन जनवेजा, प्रांजल गुप्ता, उन्नत कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।

2202 करोड़ के प्रस्तावित बजट को नगर निगम कार्यकारिणी की मंजूरी

 

शहर के विकास कार्यों पर होगा 1425.77 करोड़ खर्च

सड़क, पार्क, नाले और सीएम ग्रिड पर फोकस, आम सदन में रखा जाएगा चर्चा के लिए

बाबा न्यूज 

आगरा। हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 2202.86 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट को मंजूरी प्रदान कर दी गई। अब इस प्रस्तावित बजट को चर्चा एवं अंतिम स्वीकृति के लिए नगर निगम सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। बजट में शहर के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
प्रस्तावित बजट के अनुसार शहर के विकास कार्यों पर कुल 1425.77 करोड़ रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान किया गया है। शासन के निर्देशों के बाद टोरंट पावर से ट्रांसफार्मर आदि मदों में प्राप्त किए जाने वाले 431 करोड़ रुपये के किराये को अनावश्यक अधिभार मानते हुए बजट से हटा दिया गया है।
बैठक में बताया गया कि सड़क अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्यों पर 212 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं सीएम ग्रिड योजना के तहत 200 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। शहर के पार्कों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। नगर निगम ने पहली बार डॉग शेल्टर के लिए भी एक करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है।
इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण पर पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नाले-नालियों के निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए 44 करोड़ रुपये तथा शहर की लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 30 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है।
बैठक के दौरान एक ओ विपिन यादव ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था से निगम की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 की तुलना में निगम को इस मद में आठ गुना अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं विज्ञापन मद में भी निगम को 9.68 करोड़ रुपये की आय हुई है।
बैठक में 13वें,14वें और 15वें अधिवेशन की स्थगित बैठकों के साथ 16वें अधिवेशन की बैठक के कार्यवृत्त की भी पुष्टि की गई। इसके अलावा जलकल विभाग के मूल बजट 2026-27 के आय-व्यय पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उपनगर आयुक्त डॉ सरिता सिंह, ए ओ विपिन यादव, मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता विद्युत एव यांत्रिक अजय कुमार राम, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा, कार्यवाहक महाप्रबंधक जलकल संघ भूषण आदि सहित सभी कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।

जरूरतमंद तीन सौ बच्चों को बांटी गई शिक्षण सामग्री

 

राष्ट्रीय भीम व्यापार संगठन ने किया वितरण कार्यक्रम का आयोजन

बाबा न्यूज 

आगरा। राष्ट्रीय भीम व्यापार संगठन की ओर से ग्यासपुरा शाहगंज स्थित सागर धर्मशाला में शिक्षा का भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम संयोजक व उपाध्यक्ष राहुल सागर ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस आयोजन के तहत करीब 300 बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। बच्चों को किताबें, कॉपियां, पेंसिल, रबड़, नोटबुक एवं स्कूल बैग भेंट किए गए, जिससे नए शैक्षणिक सत्र में उनकी पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके।

संरक्षक सुभाष सागर ने कहा कि संस्था की यह पहल भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के शिक्षा संबंधी विचारों से प्रेरित है। बाबा साहेब का मानना था कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वह दहाड़ेगा।” इसी सोच को साकार करने के लिए संगठन लगातार समाजहित में कार्य कर रहा है। अतिथियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। इस अवसर पर संजीव चौबे, विकास भारद्वाज, हेमंत भोजवानी, बंटी कर्दम, वीर प्रकाश बंटी, महेंद्र सागर, देवेंद्र सागर, मंजू सागर, मीनाक्षी सागर, सुरेंद्र कौर, संजय कुमार, ब्रजेश कुमार, शिवमोहन सागर, उपासना सागर, हीरो राना, अवधेश आदि मौजूद रहे।

सत्य मेव जयते ट्रस्ट ने जिला जेल को भेंट किये सीलिंग फैन बाबा न्यूज 

 

बाबा न्यूज 
आगरा। सत्यमेव जयते ट्रस्ट ने जेल के कैदियों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए आज गुरुवार को बीस सीलिंग फैन जिला जेल को भेंट किये। इसमें राजीव गुप्ता व विनीत अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। जेल अधीक्षक हरीओम शर्मा ने सत्यमेव जयते ट्रस्ट से इन पंखों के सहयोग की अपेक्षा की थी। जेलर नागेश सिंह ने कैदियों के प्रति ट्रस्ट की सकारात्मक सोच व सहयोग की सराहना करते हुए इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जेलर नागेश सिंह, शम्भू नाथ चतुर्वेदी, पूर्व महासचिव गौतम सेठ, महामंत्री अनिल गोयल एडवोकेट, डा:मोहित गुप्ता,अनिल जैन,रविन्द्र अग्रवाल, हरीश वासवानी,मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल मौजूद रहे।

एसजी पब्लिक स्कूल की प्रियांशी 97.8% अंक प्राप्त बनी विद्यालय टॉपर

 

जुगल किशोर/बाबा न्यूज
अकोला। सीबीएससी परीक्षा इंटरमीडिएट 2026 का परीक्षा फल घोषित होने पर एसजी पब्लिक स्कूल अकोला की छात्रा प्रियांशी पुत्री ओमकार सिंह 97.8% अंक प्राप्त कर विद्यालय की टॉपर पर बन गयी है। वहीं 95.2% अंक प्राप्त कर साक्षी दूसरे स्थान पर रही। निधि 94%, प्रियंका 94%, नितिन प्रताप सिंह 93.4 % एवं कृष्णा रावत 92.2% अंक प्राप्त किए। जिससे सभी छात्र – छात्राओं में खुशी का माहौल है।
इन छात्र – छात्राओं की सफलता पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अजीत सिंह मालान ने हर्ष व्यक्त किया है तथा छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

गणेशराम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा ने 98.6% अंक किये हासिल

 


बाबा न्यूज
आगरा। सीबीएसई बोर्ड ने इंटरमीडिएट का परीक्षाफल घोषित कर दिया है। आगरा स्थित गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा खुशी गुप्ता ने 98.6% अंक प्राप्त कर विद्या मंदिर का नाम रोशन किया है। परीक्षाफल घोषित होते ही विद्या मंदिर में छात्राओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। शिक्षिकाए भी स्कूल में थी। उन्होंने भी सभी पास होने वाली छात्राओं को बधाई दी। विद्यालय की नोट छात्राओं ने इस वर्ष 95% से अधिक अंक हासिल किए हैं। विद्यालय की प्रबंध के डॉक्टर बीना शर्मा, कोषाध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश शर्मा, प्रधानाचार्य श्रीमती चारु पटेल समेत सभी शिक्षिकाओं ने छात्राओं का स्वागत कर उनका हौसला बढ़ाया।