उत्तर प्रदेश की ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का सशक्त माध्यम बनेगा फूड प्रोसेसिंग सेक्टर : भूपेंद्र चौधरी

 

आगरा में सजा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग का विश्वस्तरीय मंच, सात राज्यों की 150 से अधिक स्टॉलों ने बिखेरी नवाचार और उद्यमिता की चमक

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने किया शुभारंभ, ‘लोकल टू ग्लोबल’ की अवधारणा को मिला सशक्त मंच

तेल, आटा, मसाले, ड्राई फ्रूट्स, पेठा, आइसक्रीम, बबल टी और आधुनिक फूड टेक्नोलॉजी के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

एक जनपद-एक व्यंजन, निर्यात संवर्धन और फूड सेफ्टी पर विशेष सत्रों ने आकर्षित किया उद्योग जगत का ध्यान

बाबा न्यूज 

आगरा। उत्तर प्रदेश को देश की सबसे मजबूत औद्योगिक और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एवं कॉन्क्लेव 2026 का भव्य शुभारंभ होटल जेपी पैलेस में हुआ। खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, तकनीक, पैकेजिंग, निर्यात, कोल्ड चेन और एमएसएमई क्षेत्र को समर्पित इस विशाल आयोजन में देशभर के उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक, नीति-निर्माता और विशेषज्ञ एक मंच पर जुटे। उद्घाटन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने में एमएसएमई और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, आगरा द्वारा आयोजित इस एक्सपो को भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय, एपीडा, खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, यूपीएसआईडीसी सहित अनेक संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है।
मुख्य अतिथि भारत सरकार के राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल तथा विशिष्ट अतिथि एवं प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न उद्योगों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।

सरकार समृद्धि का वातावरण बनाती है, विकास उद्यमी और युवा करते हैं” : भूपेंद्र चौधरी
अपने उद्बोधन में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि देश के विकास का मार्ग केवल खेत-खलिहानों से ही नहीं बल्कि एमएसएमई इकाइयों और उद्यमिता से भी होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि सरकार की भूमिका अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की होती है, जबकि वास्तविक विकास उद्यमियों, व्यापारियों, किसानों और युवाओं के सामूहिक प्रयासों से होता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य है। आधुनिक सड़क नेटवर्क, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, औद्योगिक पार्क और बेहतर कनेक्टिविटी ने निवेश के नए द्वार खोले हैं, जिसका सीधा लाभ एमएसएमई और फूड प्रोसेसिंग उद्योगों को मिल रहा है।
96 लाख एमएसएमई इकाइयां, चार करोड़ लोगों को रोजगार
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां पंजीकृत हैं, जिनसे चार करोड़ से अधिक लोग प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। प्रदेश से होने वाले निर्यात का बड़ा हिस्सा इन्हीं इकाइयों से आता है। जब कोई युवा उद्योग स्थापित करता है तो वह केवल स्वयं आगे नहीं बढ़ता बल्कि समाज के अनेक लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों ने देश में उद्यमिता की नई संस्कृति विकसित की है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में एमएसएमई क्षेत्र की भूमिका निर्णायक होगी।

फूड प्रोसेसिंग उद्योग बनेगा किसानों और उद्यमियों की समृद्धि का आधार
राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन का सबसे प्रभावी माध्यम है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी, रोजगार सृजित होंगे और भारतीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी। उन्होंने आयोजन को कृषि और उद्योग के बीच सशक्त सेतु बताया।

सात राज्यों की 150 से अधिक स्टॉल बनीं आकर्षण का केंद्र
तीन दिवसीय फूड एक्सपो में उत्तर प्रदेश सहित सात राज्यों की 150 से अधिक स्टॉलों ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में खाद्य तेल, आटा एवं अनाज उत्पाद, मसाले, ड्राई फ्रूट्स, पेठा, आइसक्रीम, बबल टी, बेकरी उत्पाद, फूड प्रोसेसिंग मशीनरी, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग उद्योग, आधुनिक रसोई उपकरण, फूड टेक्नोलॉजी और निर्यात से जुड़े उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया गया।

स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का प्रयास
पैकेजिंग और निर्यात पर विशेषज्ञों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एवं कॉन्क्लेव 2026 के दूसरे तकनीकी सत्र में “लोकल टू ग्लोबल” विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। सत्र का संचालन मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल ‘रावी’ ने किया। सत्र में खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, निर्यात संभावनाओं एवं वैश्विक बाजार तक पहुंच के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।
खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण विभाग के प्रधानाचार्य लोकेश सेंगर ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME), खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए उपलब्ध अनुदान, कृषि आधारित योजनाओं तथा फूड साइंस ट्रेनिंग सेंटर की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रेडी-टू-ईट उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है, लेकिन कोरोना काल के बाद उपभोक्ता स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आकर्षक पैकेजिंग हमेशा से बाजार की आवश्यकता रही है, किंतु पैकेजिंग सामग्री खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। वर्तमान में बायोडिग्रेडेबल एवं बैक्टीरिया-फ्री पैकेजिंग की मांग तेजी से बढ़ रही है।
एपीडा के प्रतिनिधि आलोक मिश्रा ने निर्यात संवर्धन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि एपीडा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने के लिए लक्षित देशों का चयन, गुणवत्ता मानकों का अनुपालन तथा व्यवस्थित विपणन रणनीति आवश्यक है। उन्होंने उद्यमियों को एपीडा के विभिन्न कार्यक्रमों और पोर्टल पर पंजीकरण कर निर्यात के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
युवा उद्यमी सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में प्रवेश करने से पहले बाजार का गहन अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता का हर उत्पाद बिकता है, लेकिन सफलता उसी उत्पाद को मिलती है जिसकी गुणवत्ता उत्कृष्ट हो, प्रस्तुति प्रभावशाली हो और पैकेजिंग आकर्षक हो।
आईएफसीआई लिमिटेड की नीता प्रसाद ने एमएसएमई इकाइयों के लिए एसएमई आईपीओ की उपयोगिता और इसके माध्यम से पूंजी जुटाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एसएमई आईपीओ छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए विस्तार और विकास का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आशीष गर्ग ने बताया कि वैश्विक खाद्य प्रसंस्करण बाजार में भारत की हिस्सेदारी लगभग 8.02 प्रतिशत है, जबकि उत्तर भारत का योगदान लगभग 2.8 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि आगरा की भागीदारी अभी सीमित है, लेकिन संभावनाएं अत्यंत व्यापक हैं। खाद्य उद्योग केवल व्यापार नहीं बल्कि विश्वास और गुणवत्ता का क्षेत्र है, और पिछले कुछ वर्षों में यह उद्योग कई गुना तेजी से विकसित हुआ है।

दुबई तक पहुंची भारतीय लीची, विश्व बाजार में मजबूत हो रही भारत की खाद्य उपस्थिति
एपीडा के क्षेत्रीय प्रमुख सीबी सिंह ने कहा कि भारत तेजी से वैश्विक खाद्य आपूर्ति श्रृंखला में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि भारत में लगभग 40 रुपये प्रति किलोग्राम बिकने वाली भिंडी ऑस्ट्रेलिया में ऊँचे दाम में बिक रही है। इसी प्रकार भारतीय लीची का निर्यात पहली बार दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आने वाले समय में एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभरेगा और इस दिशा में आगरा की भौगोलिक स्थिति उसे विशेष महत्व प्रदान करती है।

उद्योग, निवेश और नवाचार का संगम
चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई दिशा देने वाला मंच सिद्ध होगा। मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि तीन दिनों तक विभिन्न तकनीकी, नीतिगत और व्यावसायिक विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे।

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन रीनेश मित्तल ने किया। कार्यक्रम में चैंबर के संरक्षक अजय अग्रवाल, निदेशक एमएसएमई-डीएफओ वीके वर्मा, एपीडा के क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. सीबी सिंह, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, उप आयुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह, डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री के अध्यक्ष पूरन दावर, आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भूवेश अग्रवाल, महासचिव अनुज सिंघल, पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, विनय अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

अभिनन्दन मित्र मण्डली आगरा ने पुरुषोत्तम मास में की गौसेवा

 

गौ माता को अर्पित की हरी सब्जी, गुड़ और शर्बत

बाबा न्यूज 

आगरा। अभिनन्दन मित्र मण्डली ने पुरुषोत्तम मास में 17 मई से 15 जून तक जल सेवा आयोजित की है, इसी कड़ी में आज वाटर वर्क्स स्थिति अतिथिवन गौशाला में भव्य गौसेवा के माध्यम से पुण्य अर्जित किया।

अभिनन्दन मित्र मण्डल के सदस्यों ने गौशाला में पहॅुकर गौमाता की पूजा करते हुए गौमाता को हरी सब्जियां, गुड़ और शर्बत अर्पिए किए। कुन्तलों में खाद्य सामग्री सदस्यों द्वारा गौ माता को खिलाते हुए हर्ष व्यक्त किया।

गौसेवा की अगली कड़ी में गौमाता को शर्बत की सेवा भी की गई। जहां सभी सदस्यों ने गौ पात्र में जल भरकर शर्बत मिलाया और गौवंश को भीषण गर्मी में शर्बत पिलाकर राहत प्रदान की।

इस अवसर पर संजय अग्रवाल.गोपाल बंसल हुंडी ओम प्रकाश अग्रवाल, प्रदीप गोयल, जौनी गोयल, प्रतीक अग्रवाल हुण्डी, विक्की गोयल, सचिन गोयल, नीरज अग्रवाल गोटे वाले, बाल मुकुन्द अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल, दीपक जैन, अंशुल, चिराग, अशोक गोयल और बन्टू अग्रवाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

नवज्योति ने 54 बालिकाओं को वितरित कीं साइकिलें

संस्था का उद्देश्य समाज में शिक्षा और संस्कारों की मजबूत नींव रखना भी है : सीए दीपिका मित्तल

बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद ‘नवज्योति’ द्वारा सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सुभाष पार्क में निशुल्क साइकिल वितरण सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं कन्या पूजन के साथ संस्थापक सतीश गोयल (गुड्डन भाई) एवं संजीव अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 54 मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को निशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं। संस्था का उद्देश्य बालिकाओं को विद्यालय एवं ट्यूशन आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना, उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षा को सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एड बसंत गुप्ता ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और बेटियों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने नवज्योति द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि साइकिलें बालिकाओं के लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि उनके सपनों को गति देने का माध्यम हैं। अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा और संस्कारों की मजबूत नींव रखना भी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को साइकिल उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा की राह को सरल बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जब एक बेटी शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है।
सचिव नितिन अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने बताया कि इससे पूर्व भी 51 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से यह सेवा अभियान निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं को इसका लाभ मिल सके।
महिला संयोजिका मंजू रजनीश गुप्ता ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “हर बेटी पढ़े, सुरक्षित बढ़े” अभियान के माध्यम से शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की यह ज्योति निरंतर प्रज्वलित रहेगी।
विशिष्ट सेवा कार्य में सतीश सीमा गोयल, संजय लक्ष्मी गोयल, संदीप अंजू मित्तल, पंकज वृंदा खंडेलवाल, सुरेश नीलम अग्रवाल, अंकुश शिल्पी मित्तल, नितिन प्रीति अग्रवाल, संजीव शशि अग्रवाल, डॉ अमित जूही सिंघल, प्रवीण सुषमा गोयल का विशेष सहयोग रहा। हमारे आदरणीय सदस्य मनोज मंगल जी का भी इस कार्य में विशेष सहयोग रहता है इस अवसर पर पुष्पा गुप्ता,सीमा गोयल, शशि अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुराग सोनल भटनागर, भावना भार्गव,अशोक लालवानी, अमित अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

गोंडा में 4.90 करोड़ का घोटाला, जांच शुरू:इंडियन बैंक सोसाइटी सचिव से 1997-2020 के साक्ष्य मांगे

गोंडा जिले में इंडियन बैंक इंप्लाइज क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड की शाखा में हुए 4 करोड़ 90 लाख रुपये के घोटाले के मामले में आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद विवेचक उपनिरीक्षक सोनू कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक सोनू कुमार ने इंडियन बैंक कर्मचारी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी के सचिव रविंद्र कुमार श्रीवास्तव से मामले से संबंधित साक्ष्य मांगे हैं। यह साक्ष्य 1997 से लेकर 2020 के बीच के हैं। विवेचक ने उन सभी लोगों से संबंधित कागजी, इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा है, जिन्होंने इस अवधि के दौरान घोटाले को अंजाम दिया। इसका उद्देश्य यह जानना है कि घोटाला किस तरीके से किया गया। सचिव रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने विवेचक द्वारा मांगे गए कागजातों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया है। उपनिरीक्षक सोनू कुमार ने जल्द से जल्द सभी साक्ष्य उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है ताकि विवेचना पूरी कर मामले में नामजद 69 अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। सचिव रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बीते 12 जून को मुकदमा दर्ज करवाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि 1997 से 2020 के बीच तैनात रहे बैंक प्रबंधकों, कैशियर सहित विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों ने वित्तीय अनियमितता करते हुए अपने पद और अधिकारों का दुरुपयोग किया और सोसाइटी की धनराशि का गबन किया। गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद लोगों ने 4 करोड़ 90 लाख रुपये की घोटाले की राशि जमा नहीं की। विवेचक सोनू कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वादी रविंद्र कुमार श्रीवास्तव से साक्ष्य मांगे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही जांच पूरी कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और वित्तीय रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं ताकि घोटाले की सही राशि का पता चल सके।

कुठौंद के निजी अस्पताल में प्रसूता-नवजात की मौत:परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया, थाने पर हंगामा

जालौन के कुठौंद थाना कस्बे में संचालित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए आई महिला और उसके नवजात शिशु की मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने अस्पताल संचालक एवं कथित झोलाछाप डॉक्टर ब्रजेश तिवारी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल संचालक के फरार होने की भी चर्चा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम नौराजेपुर पिपरी निवासी जितेंद्र पुत्र सुरेश अपनी गर्भवती पत्नी रश्मि देवी को प्रसव के लिए 13 जून को कुठौंद कस्बे स्थित राधे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टर द्वारा उपचार किया गया, लेकिन प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन स्थिति को नियंत्रित नहीं कर सका। जब प्रसूता की हालत गंभीर हो गई तो उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए औरैया जनपद के चिचोली स्थित 100 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने महिला और नवजात को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पति जितेंद्र ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते सही उपचार मिलता तो उसकी पत्नी और नवजात की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग भी की है। जच्चा-बच्चा की मौत की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण कुठौंद थाने पहुंच गए, जहां उन्होंने डॉक्टर बृजेश तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। आरोप है कि अस्पताल संचालक ब्रजेश तिवारी गौरक्षा दल से जुड़े होने का दावा करता था और उसी की आड़ में अस्पताल का संचालन कर रहा था। घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ भी रातों-रात सामान समेटकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है

हरदोई में अटेवा की जन जागरण यात्रा का स्वागत:निजीकरण और एनपीएस के खिलाफ आवाज बुलंद

हरदोई में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर ‘अटेवा’ (ऑल टीचर्स एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन) और ‘नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम’ (NMOPS) की जन जागरण यात्रा रविवार को चौथे दिन टड़ियावां, गोपामऊ और पिहानी पहुंची। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य निजीकरण और नई पेंशन योजना (एनपीएस) का विरोध करना है। विभिन्न ब्लॉकों में संगठन के कार्यकर्ताओं और शिक्षकों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। टड़ियावां में ब्लॉक अध्यक्ष अजय वशिष्ठ और महामंत्री आनंद पाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार ‘बंधु’ का अभिनंदन किया। यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने सरकार की निजीकरण नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि निजीकरण देश के युवाओं को अंधकार और कुंठा की ओर धकेल रहा है, जिसके कारण सरकारी नौकरियां समाप्त हो रही हैं और युवा बेरोजगार हो रहे हैं। बंधु ने पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त करने को भी निजीकरण का ही एक हिस्सा बताया। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि वे इस व्यवस्था को खत्म करके ही रहेंगे और पुरानी पेंशन की बहाली सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विनीत मिश्रा ने सेवारत शिक्षकों पर जबरन टीईटी (TET) थोपे जाने को गैरकानूनी बताया और सरकार के इस कदम की निंदा की। ब्लॉक अध्यक्ष अजय वशिष्ठ ने एनपीएस (NPS) और यूपीएस (UPS) को शिक्षकों, कर्मचारियों और देश के हित के लिए हानिकारक बताते हुए पुरानी पेंशन को तुरंत बहाल करने की मांग की। जिला संगठन मंत्री कीर्ति आनंद ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों से विजय कुमार बंधु को सदन में भेजने का आह्वान किया, ताकि उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जैनुल खान, जिला संयोजिका कुसुमलता, जिला मंत्री डिम्पल वर्मा, शाहाबाद अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, कछौना अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह, बावन अध्यक्ष राजेश अग्निहोत्री और भरावन अध्यक्ष संदीप आर्य सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त, जिला कैडर प्रभारी महेंद्र कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र दिवाकर, शरीफुद्दीन, रामाधार, कृष्णकुमार, कर्मरूचि सिंह, ललित राजवंशी, संजय और सुभाष चंद्र समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी भी मौजूद थे।

मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सोनभद्र में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां:राम मंदिर, नल-जल और नेटवर्क समस्या पर भी की बात

सोनभद्र के चुर्क स्थित सर्किट हाउस में रविवार को एक मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने हिस्सा लिया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए जिले से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। राम मंदिर दानपात्र चोरी मामले पर मंत्री विश्वकर्मा ने बताया कि इस संबंध में गठित एसआईटी जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गाजीपुर के कथित फर्जी एनकाउंटर मामले पर मंत्री ने कहा कि जांच के बाद यदि कोई कार्रवाई गलत पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद ने इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की थी। हर घर नल योजना के तहत कई गांवों में जलापूर्ति न होने की समस्या पर भी मंत्री ने बात की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सभी पात्र परिवारों तक पेयजल पहुंचाना है। मंत्री ने दावा किया कि 28 जून तक पूरे सोनभद्र को इस योजना से संतृप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले में लगातार उठ रही मोबाइल नेटवर्क की समस्या पर प्रभारी मंत्री ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे एक गंभीर विषय बताते हुए कहा कि संबंधित विभागों से सर्वे कराकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि विधानसभा चुनाव से पहले नेटवर्क व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयास किए जाएंगे। सोनभद्र में प्रस्तावित बिजली परियोजनाओं और उनके कारण लाखों पेड़ों की संभावित कटाई को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां पेड़ों की कटाई होगी, वहां बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण और उनके संरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों की वजह से होने वाली मौतों के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि किसी अवैध अस्पताल या चिकित्सक की लापरवाही से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

खेल सुविधाओं को लेकर प्रभारी मंत्री ने बताया कि सोनभद्र में एक आधुनिक स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव है। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से बातचीत की गई है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत है। राम मंदिर दानपात्र चोरी मामले पर मंत्री ने कहा कि इस मामले में गठित एसआईटी जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गाजीपुर के कथित फर्जी एनकाउंटर मामले में उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि कोई कार्रवाई गलत पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी,बता दे कि मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद ने इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए जांच की मांग और कार्रवाई की बात कही है। इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

हरदोई में पेट्रोल पंपकर्मी से 60 हजार की साइबर ठगी:बैंक खाता फ्रीज कर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

हरदोई जिले की सुरसा पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने पेट्रोल पंपकर्मी के बैंक खाते को फ्रीज कर 60 हजार रुपये ठगने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। यह मामला 12 जून 2026 को सामने आया, जब थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के सिनेमा चौराहा निवासी शरद कश्यप ने सुरसा थाने में तहरीर दी। शरद कश्यप सुरसा क्षेत्र के ग्राम महेलिया स्थित सार्थक फ्यूल्स नायरा पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार, 25 मई 2026 को दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाइकिल में 600 रुपये का पेट्रोल डलवाया। उन्होंने नकद भुगतान की बात कही और बातों में उलझाकर शरद कश्यप को 60 हजार रुपये की रकम बैंक खाते में ट्रांसफर कराने का झांसा दिया। बाद में पीड़ित को पता चला कि उसका बैंक खाता फ्रीज हो गया है और उससे कोई लेन-देन नहीं हो पा रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने तकनीकी तरीके से खाते को नियंत्रित कर साइबर ठगी की थी। इस संबंध में सुरसा थाने में मुकदमा संख्या 183/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान धारा 61(2), 336(3), 338 और 340(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। सुरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहकमपुर निवासी अनुज (पुत्र मायाराम), फर्रुखाबाद जनपद के फतेहाबाद स्थित गुढ़ेरा निवासी रमन कुमार (पुत्र वीर सिंह) और चपरा निवासी वीरेंद्र कुशवाहा (पुत्र जबर सिंह) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि तीनों एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। वीरेंद्र कुशवाहा बैंक अकाउंट फ्रीज कराने जैसे तकनीकी कार्य करता था, जबकि अनुज और रमन लोगों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सीए क्रिकेट प्रीमियर लीग का हुआ शुभारम्भ

नाइट टूर्नामेंट में चार्टर्ड अकाउंटेंट ने खूब लगाए छक्के-चौके
बाबा न्यूज
आगरा। द इंस्टिट्यूट आॅफ चार्टर्ड अकाउंटेंट आॅफ इंडिया की आगरा शाखा की ओर से 78वें सीए स्थापना दिवस के अवसर पर सीए क्रिकेट प्रीमियर लीग के दसवे संस्करण का आयोजन कुबेरपुर स्थित कैप्टन अनेक सिंह स्टेडियम पर किया गया। तीन दिवसीय नाईट टूनार्मेंट का शुभारम्भ पंजाब व सिंध बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अगम कुमार, व्यवसायी नितिन गुप्ता और दक्षिणांचल डीजीएम सीए अशोक वर्मा ने किया।
शाखा अध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना ने बताया कि सीए क्रिकेट प्रीमियर लीग के पहले दिन चार मैच मैदान पर खेले गए। 10 ओवर के मैच में खिलाड़ियों ने जमकर छक्के-चौके लगाए। लीग के विजेता टीम को 21 हजार और उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। मैच की एम्पायरिंग शुभम सिंह व मानवेन्द्र चौधरी ने की। इस अवसर पर सचिव सीए सचिन बुबना, उपाध्यक्ष सीए आयुष गोयल, कोषाध्यक्ष अंकित मित्तल, सीए गौरव सिंघल, सीए आशीष जैन, सीए अभिषेक बंसल, सीए राजीव अग्रवाल, सीए अजय गोयल, सीए विनय बंसल, सीए अभिषेक अग्रवाल, सीए विकास जैन, जितेंद्र पोपटानी आदि मौजूद रहे।

ये हुए मुकाबले
सचिव सीए सचिन बुबना ने बताया कि पहला मैच उद्द्घाटन मैच में बंसल सुपर स्ट्राइकर्स की टीम ने टॉस जीतकर निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट के खोकर 91 बनाये बनाये और जबाब देने मैदान में उतरी सब्सिडी कमांडोज की टीम ने 10 ओवर में सभी विकेट खो कर महज 49 ही बना सकी और बंसल सुपर स्ट्राइकर्स 42 से विजेता बनी। दूसरे मैच में एसजे स्पार्टन्स ने टॉस जीतकर पुरे दस ओवर खेलकर 4 विकेट खोकर 76 रन बनाये और फिरोजाबाद फाइटर ने मात्र 5 विकेट के नुकसान पर महज 8.2 ओवर में ही 77 रन बना कर 5 विकेट से जीत हासिल की। तीसरे मैच में रजत रॉयल्स ने टॉस जीतकर 10 ओवर में सभी विकेट गवा कर 51 रन बनाये और लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर किंग्स एमजीसीओ की टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 54 रन बना कर 7 विकेट से जीत दर्ज की। चौथे मैच में गोयल धुरंधर ने टॉस जीतकर 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 67 रन बनाये। दूसरी पारी में दस ओवर में सब्सिडी कमांडोज ने 3 विकेट खोकर 68 रन बना कर 7 विकेट से मैच अपने नाम किया। पहले दिन के मेन आॅफ द मैच सीए गौरव सिंघल, सीए नितिन अग्रवाल, सीए हर्षित जैन और सीए कुमार गौरव बने।

पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी

संगोष्ठी में संरक्षण का संकल्प, मेधावियों का हुआ सम्मान
बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद निकुंज शाखा की ओर से पर्यावरण संगोष्ठी एवं मेधावी छात्र सम्मान कार्यक्रम का आयोजन कमलनगर स्थित मंगलम बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत विकास परिषद आदर्श कुमार गोयल क्षेत्रीय संरक्षक पूरण डावर, प्रांतीय अध्यक्ष उमेश बंसल प्रांतीय महासचिव राजीव गोयल, क्षेत्रीय संरक्षक केशव दत्त गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार गर्ग और शाखा संरक्षक प्रमोद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि आदर्श कुमार गोयल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हम आज से ही जल, वायु और वृक्षों के संरक्षण के प्रति जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
पूरन डावर ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं। पर्यावरण का संतुलन बिगड़ने से जल संकट, प्रदूषण और प्राकृतिक आपदाओं जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, जिनसे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। जल बचत, ऊर्जा संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और नियमित पौधरोपण जैसे कदम पर्यावरण सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। गोष्ठी में युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़कर समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
शाखा अध्यक्ष राजेश कुमार गर्ग और सचिव श्रीभगवान सिंघल ने बताया कि पर्यावरण संगोष्ठी में पर्यावरण बचाओ, जीवन बचाओ का संदेश गोष्ठी के माध्यम से दिया गया। दूसरे सत्र में नौवीं, दसवीं और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओ को मेधावी सम्मान से सम्मानित किया गया। सभी का स्वागत विनय सिंघल ने किया। धन्यवाद सुभाष कुमार वर्मा ने दिया। संचालन प्रमोद कुमार अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. तरुण शर्मा, एडवोकेट बसंत गुप्ता, राहुल गर्ग, प्रवीण गर्ग, सपना गर्ग, सीए विवेक अग्रवाल, धर्मगोपाल मित्तल, प्रवीण मित्तल, अमित मित्तल, अंजू सिंघल, पूनम सिंघल, कपिल गर्ग, दिनेश भाटिया, दिलीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।