मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सोनभद्र में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां:राम मंदिर, नल-जल और नेटवर्क समस्या पर भी की बात

सोनभद्र के चुर्क स्थित सर्किट हाउस में रविवार को एक मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने हिस्सा लिया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए जिले से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। राम मंदिर दानपात्र चोरी मामले पर मंत्री विश्वकर्मा ने बताया कि इस संबंध में गठित एसआईटी जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गाजीपुर के कथित फर्जी एनकाउंटर मामले पर मंत्री ने कहा कि जांच के बाद यदि कोई कार्रवाई गलत पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद ने इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की थी। हर घर नल योजना के तहत कई गांवों में जलापूर्ति न होने की समस्या पर भी मंत्री ने बात की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सभी पात्र परिवारों तक पेयजल पहुंचाना है। मंत्री ने दावा किया कि 28 जून तक पूरे सोनभद्र को इस योजना से संतृप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले में लगातार उठ रही मोबाइल नेटवर्क की समस्या पर प्रभारी मंत्री ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे एक गंभीर विषय बताते हुए कहा कि संबंधित विभागों से सर्वे कराकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि विधानसभा चुनाव से पहले नेटवर्क व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयास किए जाएंगे। सोनभद्र में प्रस्तावित बिजली परियोजनाओं और उनके कारण लाखों पेड़ों की संभावित कटाई को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां पेड़ों की कटाई होगी, वहां बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण और उनके संरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों की वजह से होने वाली मौतों के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि किसी अवैध अस्पताल या चिकित्सक की लापरवाही से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

खेल सुविधाओं को लेकर प्रभारी मंत्री ने बताया कि सोनभद्र में एक आधुनिक स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव है। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से बातचीत की गई है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत है। राम मंदिर दानपात्र चोरी मामले पर मंत्री ने कहा कि इस मामले में गठित एसआईटी जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गाजीपुर के कथित फर्जी एनकाउंटर मामले में उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि कोई कार्रवाई गलत पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी,बता दे कि मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद ने इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए जांच की मांग और कार्रवाई की बात कही है। इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *