कार्यकारिणी समिति की बैठक में कार्यकाल पूरा करने वाले छह सदस्यों को दी भावभीनी विदाई

विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा

बाबा न्यूज 

आगरा। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के 18वें अधिवेशन की बैठक में नगर विकास, सफाई व्यवस्था और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान कार्यकाल पूरा करने वाले आधा दर्जन सदस्यों को माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने की।
बैठक में सदस्यों द्वारा कुल चार प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिनमें से दो प्रस्तावों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित समिति को भेज दिया गया, जबकि एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को सदन में पारित करते हुए तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए।एक अन्य प्रस्ताव में निर्माण विभाग को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
कार्यकारिणी सदस्य राकेश जैन द्वारा प्रत्येक वार्ड में दस-दस सफाई कर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव रखा गया।यह प्रस्ताव सदन से पारित हो चुका था।इस पर महापौर ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में अविलंब सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
बैठक में सदस्य गौरव शर्मा ने सेक्टर-14 से सेक्टर-15 की ओर जाने वाले नाले की ऊंचाई में अंतर के कारण सेक्टर-15 क्षेत्र में नाले के बैक मारने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि नाले का स्तर ऊंचा होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है और क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर महापौर ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सूरसदन चौराहे पर लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने तथा लोहा मंडी जोनल कार्यालय की ओर से परशुराम चौक जाने वाले मार्ग पर महाराजा अग्रसेन प्रवेश द्वार निर्माण के प्रस्तावों को विचारार्थ समिति को भेज दिया गया।
बैठक के दौरान सदस्यों ने एमएनटी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी द्वारा डीजल पर्ची काटे जाने पर आपत्ति जताई तथा विभिन्न विभागों को भेजे जाने वाले प्रस्तावों का समयबद्ध अनुपालन न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। इस पर अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी बृजेश सिंह, लेखाधिकारी विपिन कुमार यादव, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इन सदस्यों को दी गई विदाई

कार्यकाल पूर्ण होने पर उपसभापति अमित पटेल, आशिष सिंह, गौरव शर्मा, मीनाक्षी वर्मा, बंटी माहौर तथा मुरारीलाल अग्रवाल को विदाई दी गई। हालांकि मुरारीलाल अग्रवाल बैठक में उपस्थित नहीं थे। महापौर एवं अन्य सदस्यों ने सभी निवर्तमान सदस्यों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने को उत्साहित किया जाए

राष्ट्रीय व्यापारी सामाजिक महासंघ की बैठक में हुई चर्चा
बाबा न्यूज
आगरा। राष्ट्रीय व्यापारिक सामाजिक महासंघ द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित माया होटल में व्यापारियों की एक बैठक का आयोजन किया गया। व्यापारियों की बैठक में कई बिंदुओं पर भी चर्चा हुई बैठक में मुख्य रूप से मुख्य अतिथि शोभा पोरवाल अध्यक्ष लोक अदालत दीवानी आगरा उपस्थिति रही। उन्होंने अपने प्रेरणादायक विचारों से महिलाओं को सामाजिक आर्थिक एवं नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित किया । संस्थापक संजीव पोरवाल ने बताया कि ऐसी सार्थक एवं जागरूकता से परिपूर्ण कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है हम सभी ने हमारे मुख्य अतिथि का बुके देकर शॉल उड़ाकर उन्हें सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचरण पोरवाल उपाध्यक्ष राजू गोयल ,महासचिव आनंद पोरवाल ,राजकुमार यादव, गिरीश सिंगल ,मनोज कुमार, मनोज गुप्ता, गिरीश गोयल, राजू गुप्ता, सोनू पोरवाल, विभाग पोरवाल, निखिल पोरवाल, महेश चंद शर्मा, राजेश गुप्ता जवाहरलाल अग्रवाल ,इलियास सिद्दीकी, मनीष भारद्वाज आदि शामिल रहे।

आंगन नन्द के भई बधाई, सकल ब्रजवासी दौड़े आए….

श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में नन्दोत्सव का आयोजन
बाबा न्यूज
आगरा। श्रीमथुराधीश जी के मंदिर में आज भव्य उत्सव था। नन्द के यहां नन्दलाल होने की बधाईयों की स्वरलहरियां गूंज रही थीं। पुष्पों से महकते मंदिर परिसर में पालने में विराजमान यसोदा के लाला की एक छवि पर हर भक्त बलिहारी था। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित मनोरथ उत्सव श्रृंखला के अंतर्गत आज प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्योत्सव के उपरान्त मनाए जाने वाले नंदोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में आंगन नन्द के भई बधाई, सकल ब्रजवासी दौड़े आए, ग्वालिन सब मिलि मंगल गावें, सोने चांदी नेग लुटावें… जैसे पदों की गूंज रही।
नंदोत्सव के अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से पुष्पों और सतरंगी रोशनी से सजाया गया। ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया गया। बाल स्वरूप में विराजमान भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। उत्सव की शुरूआत वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जैसे भजनों और बधाई गीतों का सामूहिक गायन किया। ढोलक मंजीरों संग बधाईयां गाकर भक्तों ने भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति को व्यक्त किया। भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे मंदिर परिसर में उत्साह का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं के बीच माखन-मिश्री, पंचामृत और अन्य प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय व जुगल श्रोत्रिय ने अपने प्रवचन में नंदोत्सव के धार्मिक, सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतरण केवल अधर्म के नाश के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन को प्रेम, करुणा और धर्म का संदेश देने के लिए हुआ था। इस अवसर पर चरण सेवक के रूप में अंकित खंडेलवाल, निहारिका उपस्थित थे। भक्तों में मुख्य रूप से ब्रज खंडेलवाल, आव्या श्रोत्रिय, अपाला, पतस्या शर्मा, ओज,वी भारद्वाज, अथर्व, क्षमा दीक्षित, वैभव कक्कड़, तरुण आदि उपस्थित थीं।

गौ सेवा कर लिया गाय माता का आशीर्वाद

बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद् ‘समर्पण ‘ शाखा की ओर से फाउंडरी नगर स्थित श्री राधा कृष्ण गौशाला में बुधवार को संस्था के पदाधिकारियो ने गौ सेवा की े अध्यक्ष नितिन गोयल ने बताया कि सर्वप्रथम गौ माता का चुनरी और रोली लगाकर पूजन किया। गौ सेवा में चोकर, हरा चारा, हरी सब्जी, चना दाल, गुड़ आदि खिलाकर गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त किया े गाय के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व को बताते हुए गाय से दैनिक जीवन में प्राप्त किए जाने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी।
सेवा संयोजक उत्सव मित्तल ने कहा कि गोवंश जिसमे गाय और बैल दोनो ही शामिल है इन पर कभी भी क्रोध नही करना चाहिए। गौ में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास है। इस अवसर पर अनित गोयल, आशीष अग्रवाल, अनिल कुमार गुप्ता, निशि दौनेरिया, लवली जैन, सोनम मित्तल, संजीव दौनेरिया आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

 

अन्नपूर्णा ने लगाया पंचदिवसीय बाल संस्कार शिविर

बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद अन्नपूर्णा’ शाखा कि ओर से पाँच दिवसीय बाल संस्कार शिविर कमला नगर स्थित विद्या स्वरूप फाउंडेशन के प्रांगण में लगाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनीष मंगल, आकांक्षा मंगल, प्रांतीय उपाध्यक्ष धर्म गोपाल मित्तल, प्रकल्प प्रभारी गुंजन अग्रवाल, शाखा कोषाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल, फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास अग्रवाल एवं सचिव मोनिका अग्रवाल दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्थापक धर्मगोपाल मित्तल ने कहा कि नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों और सनातन परंपराओं से जोड़ने के लिए पहले दिन बच्चों की रचनात्मकता निखारने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई तथा उन्हें परिषद के राष्ट्रीय गीत “देश हमें देता है सब कुछ…” का स्वर-अभ्यास कराकर आकर्षक उपहार दिए गए। शिविर में मुख्य आकर्षण पाश्चात्य संस्कृति को छोड़, नन्ही बिटिया नव्या अग्रवाल का जन्मोत्सव सनातन पद्धति से मनाया। पदाधिकारियों ने बिटिया व माता-पिता को अंग वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। आगामी दिनों में सिखाए जाने वाले विषयों (गीता श्लोक, रामायण चौपाई व कुटुंब प्रबोधन) की रूपरेखा बताई।