प्रयागराज में स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण शुरू:15 जुलाई तक 10% अधिक नामांकन का लक्ष्य,बीएसए ने दिए निर्देश
प्रयागराज विकासखंड भगवतपुर में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में सोमवार को स्कूल चलो अभियान का द्वितीय चरण और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कार्यक्रम में नव प्रवेशी बच्चों को पुस्तकें वितरित कर उनका स्वागत किया गया और विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर रैली को हरी झंडी दिखाई। साथ ही बीएसए अनिल कुमार ने नए बच्चों के नामांकन कराने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि स्कूल चलो अभियान का द्वितीय चरण 1 से 15 जुलाई तक चलेगा और इसका लक्ष्य है कि एक भी बच्चा नामांकन से वंचित न रहे तथा परिषदीय विद्यालयों में पिछले सत्र की तुलना में 10% अधिक नामांकन सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत सभी शिक्षकों और कर्मचारियों से अपने-अपने विद्यालयों व क्षेत्रों में अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि वे क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हैं। सड़कों, पेयजल, बिजली के ढांचे के साथ क्षेत्र में राजकीय आईटीआई की स्थापना, नुमायंदाही तालाब का पर्यटन विकास तथा स्थानीय उद्योग स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लाने के प्रयास चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होने से विकास कार्य नीचे तक पहुंच पा रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी भगवतपुर राकेश कुमार यादव ने कहा कि भगवतपुर ब्लॉक के शिक्षक नामांकन लक्ष्य और वृक्षारोपण के लक्ष्यों को पूरा करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह जबकि विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रयागराज अनिल कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा शंखधर ने किया। विभिन्न विभागीय पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों तथा कई शिक्षकों-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया।

