Breaking News
भावना एस्टेट में इस बार मनायी जाएगी जनकपुरी

बाबा न्यूज
आगरा। रामलीला महोत्सव के अंतर्गत जनकपुरी महोत्सव की जिम्मेदारी इस बार भावना एस्टेट सिकंदरा क्षेत्र को मिलने जा रही है। इस बारे में रामलीला कमेटी द्वारा रविवार 12 जुलाई को आधिकारिक घोषणा करने जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, रामलीला कमेटी की जनकपुरी आवंटन समिति की शनिवार को हुई बैठक में इस बारे में सहमति बन गई।
कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनकपुरी के लिए आए आवेदनों पर विचार किया गया। जनकपुरी आवंटन समिति ने अपने द्वारा किए गए सर्वेक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सभी आवेदनों पर गम्भीरता से विचार किया गया। महामंत्री राजीव अग्रवाल के बैठक का संचालन करते हुए महोत्सव को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने पर जोर दिया।
बैठक में तय किया गया कि रविवार 12 जुलाई को शाम छह बजे रामलीला मैदान के निकट स्थित राम हनुमान मंदिर पर जनकपुरी महोत्सव के आवंटन की विधिवत की घोषणा की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि इस बार भावना एस्टेट सिकंदरा क्षेत्र के निवासियों को यह अवसर मिलने जा रहा है।
बैठक में भगवान दास बंसल, ताराचन्द अग्रवाल, विजय गाेयल, टी एन अग्रवाल, संजय तिवारी, मुकेश जौहरी, संजय सिंघल, प्रवीण बंसल, अंजुल बंसल, मनोज अग्रवाल, आनंद मंगल, राहुल गौतम उपस्थित थे।

बैंकिंग ज्ञान से मिली सफलता की नई राह, महिला उद्यमियों ने सीखे वित्तीय प्रबंधन के गुर

 

शी विल इंस्पायर संस्था के वित्तीय जागरूकता सत्र में व्यवसायिक ऋण, निवेश, बचत और सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

हर महिला को वित्तीय रूप से जागरूक होना जरूरी : अंजू मित्तल

बाबा न्यूज 

आगरा। महिला उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें बैंकिंग व्यवस्था की बेहतर समझ प्रदान करने के उद्देश्य से शी विल इंस्पायर संस्था द्वारा “बैंकिंग ऑन हर” विषय पर विशेष वित्तीय जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
होटल हॉलीडे इन में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक की जोनल हेड अंजू मित्तल ने महिलाओं को बैंकिंग, निवेश, ऋण, सरकारी योजनाओं और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी। पूरे सत्र के दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एक रोचक एवं इंटरैक्टिव गतिविधि के साथ हुआ, जिसमें महिला उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय परिस्थितियों से जुड़े प्रश्न दिए गए। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव और निर्णय साझा किए, जिससे उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि सही वित्तीय निर्णय व्यवसाय की सफलता और भविष्य की सुरक्षा के लिए कितने महत्वपूर्ण होते हैं। इस गतिविधि ने महिलाओं के आत्मविश्वास को भी नई ऊर्जा प्रदान की।
मुख्य वक्ता पंजाब नेशनल बैंक की जोनल हेड अंजू मित्तल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रत्येक महिला का वित्तीय रूप से जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीवन में तीन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए—परिवार एवं पारिवारिक व्यवसाय की वित्तीय जानकारी स्वयं के पास भी रखें, नियमित बचत करें और उस बचत का सही दिशा में पुनर्निवेश करें।
उन्होंने सलाह दी कि कभी भी अपनी पूरी पूंजी केवल एक ही निवेश योजना में न लगाएं। निवेश को फिक्स्ड डिपॉजिट, शेयर बाजार, सोना और प्रॉपर्टी जैसे विभिन्न माध्यमों में विभाजित करना अधिक सुरक्षित और लाभकारी होता है।
अंजू मित्तल ने बताया कि अधिकांश लोगों को यह जानकारी नहीं होती कि बैंक खातों के साथ-साथ एटीएम कार्ड सहित कई बैंकिंग सेवाओं पर बीमा सुरक्षा भी उपलब्ध होती है। उन्होंने महिलाओं को पति के साथ संयुक्त बैंक खाता रखने की सलाह देते हुए कहा कि इससे आवश्यकता पड़ने पर वित्तीय कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक खाते और लॉकर के लिए नॉमिनी का चयन पूरी सावधानी से करना चाहिए।
उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं वित्तीय मामलों में काफी जागरूक हैं और उन्हें अपने परिवार के बैंक खातों एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं की अच्छी जानकारी रहती है। शहरी महिलाओं को भी इस दिशा में आगे आने की आवश्यकता है।
पंजाब नेशनल बैंक की मैनेजर (मार्केटिंग) मीनू गुप्ता ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बैंक की विभिन्न योजनाओं, व्यवसायिक ऋण, मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया सहित केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बैंक खातों पर मिलने वाली सुविधाओं, डिजिटल बैंकिंग, क्रेडिट स्कोर के महत्व तथा समय पर ऋण चुकाने के लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
सत्र के दौरान महिला उद्यमियों ने खुलकर बैंकिंग प्रक्रियाओं, व्यवसायिक ऋण, निवेश, वित्तीय अनुशासन और आय-व्यय प्रबंधन से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने सभी प्रश्नों के सरल एवं व्यावहारिक उत्तर देते हुए महिलाओं को व्यवसाय और व्यक्तिगत खातों को अलग रखने तथा व्यवस्थित वित्तीय प्रबंधन अपनाने की सलाह दी।
शी विल इंस्पायर की संस्थापक राशि गर्ग ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रेरित करना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक ज्ञान और अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि “वित्तीय जागरूता” जैसे कार्यक्रम महिलाओं को आत्मविश्वास देने के साथ-साथ उनके व्यवसाय को नई दिशा प्रदान करते हैं। भविष्य में भी संस्था इसी प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं अपने उद्यमों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें।
कार्यक्रम का संचालन पूजा लूथरा, दिव्या गुप्ता, रोली रस्तोगी एवं दीपिका ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय दीक्षा असवानी ने कराया।
वित्तीय सत्र में कृतिका खन्ना, डॉ. भास्कर ज्योति, हरमीत कौर, सीएस चांदनी जैन, एड नम्रता मिश्रा, आस्था, डॉ. अरुजा लूथरा, पूजा असवानी, मीतू, राशि, शिवांगी जैन, श्रुति, तनु आदि ने सक्रिय सहभागिता करते हुए बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।

 

यमुना तट पर गूंजेगा ‘जय जगन्नाथ’, रथयात्रा महोत्सव का हुआ आगाज

 

आगरा  में पहली बार रथयात्रा निकालने वाले प्राचीन श्री जगन्नाथ महाराज मंदिर में हुआ आमंत्रण पत्र का विमोचन

14 जुलाई को नवयौवन दर्शन एवं नयन उत्सव, 16 जुलाई को होंगे श्री जगन्नाथ जी के रथयात्रा दर्शन और महाप्रसादी

48 वर्ष पुरानी परंपरा को संजोए है यमुना तट का श्री जगन्नाथ मंदिर

बाबा न्यूज 

आगरा। यमुना किनारा, बेलनगंज स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ जी महाराज मंदिर में शनिवार को श्री जगन्नाथ जी रथयात्रा महोत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं उत्साह का वातावरण रहा। मंदिर के सेवायत, पदाधिकारी एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ जी के जयघोष के साथ आगामी महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ किया।
मंदिर के सेवायत पंडित लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि 14 जुलाई (मंगलवार) को भगवान श्री जगन्नाथ जी के नवयौवन दर्शन एवं नयन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक महाहवन एवं विशेष पूजा संपन्न होगी। इसके उपरांत सायं 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालुओं को भगवान के नवयौवन स्वरूप के दर्शन कराए जाएंगे। स्नान यात्रा के बाद भगवान के विश्राम उपरांत होने वाले ये दर्शन विशेष धार्मिक महत्व रखते हैं।
मंदिर की मुखिया सरिता शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई (गुरुवार) को श्री जगन्नाथ जी के रथयात्रा दर्शन सायं 4 बजे से रात्रि 11 बजे तक होंगे। इस दौरान श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के दिव्य रथ स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सीए राकेश अग्रवाल एवं संजीव अग्रवाल ने बताया कि यह मंदिर लगभग दो सौ वर्ष पुराना है और आगरा की प्राचीन धार्मिक धरोहरों में प्रमुख स्थान रखता है। उन्होंने बताया कि सन 1978 में आगरा में पहली बार श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा इसी मंदिर से निकाली गई थी। उस समय भगवान का रथ नगर भ्रमण करता था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते थे।
उन्होंने बताया कि बाद के वर्षों में विभिन्न परिस्थितियों एवं स्थान के अभाव के कारण रथयात्रा का नगर भ्रमण नियमित रूप से नहीं हो सका। उस ऐतिहासिक रथ को आज भी मंदिर परिसर में सुरक्षित एवं सहेजकर रखा गया है, जो इस मंदिर की गौरवशाली परंपरा का साक्षी है।
उन्होंने यह भी बताया कि श्री जगन्नाथ पुरी (उड़ीसा) के बाद आगरा में स्थापित यह पहला श्री जगन्नाथ मंदिर माना जाता है, जहां आज भी प्राचीन परंपराओं के अनुसार भगवान की पूजा-अर्चना एवं उत्सव आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री जगन्नाथ के नवयौवन दर्शन, रथयात्रा दर्शन एवं महाप्रसादी का लाभ लेने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर आनंद अग्रवाल, तरंग सिंघल, पवन सिंघल, आदर्श नंदन गुप्त, सारंग सिंघल, चिराग शर्मा, स्नेहा शर्मा आदि उपस्थित रहे।