Breaking News
एकादशी पर कमल के पुष्पों से सजे श्याम बाबा

दिव्य श्रृंगार के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

स्वर्ण मुकुट व कुंडल धारण कर दिए अलौकिक दर्शन

श्री खाटू श्याम जी मंदिर जीवनी मंडी में दिनभर चला भजन, पूजन एवं सेवा का क्रम

बाबा न्यूज 

आगरा। योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भगवान श्री श्याम बाबा का कमल के पुष्पों से भव्य एवं मनोहारी विशेष श्रृंगार किया गया। स्वर्ण मुकुट और स्वर्ण कुंडल धारण कर विराजमान श्याम बाबा के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रातःकाल से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और देर रात तक भक्तों ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने योगिनी एकादशी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म में इस एकादशी का विशेष महत्व है। श्रद्धापूर्वक व्रत, पूजन और भगवान के स्मरण से व्यक्ति के पापों का क्षय होता है तथा जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
मंदिर में दिवस विशेष पर श्रृंगार सेवा, इत्र सेवा एवं संध्या भोग सेवा का आयोजन श्रद्धाभाव के साथ किया गया। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा विशेष पोशाक सेवा संपन्न हुई, जबकि श्री श्याम नगरी मासिक पोशाक सेवा की ओर से मासिक पोशाक सेवा एवं राजभोग सेवा नीरज बंसल द्वारा अर्पित की गई।
पूरे दिन मंदिर परिसर श्याम नाम के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विकास, विपिन बंसल आदि उपस्थित रहे।

योगिनी एकादशी पर गौ सेवा कर मनाई भगवान जगन्नाथ के स्वास्थ्य लाभ की खुशी

बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार ने गौ पूजन कर खिलाई हरी सब्जियां

रथ यात्रा महोत्सव की सफलता की कामना

बाबा न्यूज 

आगरा। बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार द्वारा प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर, बेलनगंज, यमुना किनारा में आयोजित होने जा रहे श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ के स्वास्थ्य लाभ (अनसर काल की पूर्णता) की खुशी में वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन गौशाला में गौ सेवा एवं गौ पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गौ माता का पूजन कर उन्हें हरी सब्जियां खिलाईं तथा समस्त मानव समाज के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।
ट्रस्ट के अध्यक्ष तरंग सिंघल ने बताया कि बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार नियमित रूप से सेवा कार्यों में सक्रिय रहता है। प्रत्येक माह गौ सेवा के साथ-साथ विभिन्न आश्रमों में भोजन प्रसादी की व्यवस्था कर जरूरतमंदों की सेवा की जाती है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है तथा इससे सेवा और संवेदना की भावना मजबूत होती है।
प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर, बेलनगंज से लक्ष्मण शर्मा, सरिता शर्मा, स्नेहा शर्मा एवं चिराग शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई को 200 वर्ष प्राचीन श्री जगन्नाथ जी मंदिर में रथ यात्रा महोत्सव दर्शन एवं प्रसादी होगी। सभी ने भगवान जगन्नाथ के भजन-कीर्तन एवं गुणगान कर भक्तिमय वातावरण बनाया और सभी के उज्ज्वल भविष्य तथा विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक पवन सिंघल, कोषाध्यक्ष जितेश सिंघल, सचिव पवन सजनानी, जेठानंद सजनानी, आनंद अग्रवाल (खुले पंख), चन्द्र प्रकाश अग्रवाल, डॉ. शुभम गर्ग, सारंग सिंघल, प्रीति गोयल, मिनी गोयल, सीए अमित मित्तल, शशि मित्तल, कनिष्क मित्तल, अनन्या मित्तल, अमन गंगवानी, आशीष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

32 साल बाद मिले सेंट जॉन्स कालेज के साथी

यादों और उल्लास से सराबोर रहा एलुमनाई मिलन

बैच-1994 के पूर्व विद्यार्थियों ने साझा किए संस्मरण

गीत-संगीत और केक कटिंग के साथ मनाया पुनर्मिलन उत्सव

बाबा न्यूज 

आगरा। सेंट जॉन्स इंटर कॉलेज, आगरा के वर्ष 1994 बैच का एलुमनाई मिलन समारोह संजय प्लेस स्थित अर्बन डेक में हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। लगभग 32 वर्षों बाद एक मंच पर जुटे पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने स्कूली दिनों की यादों को ताजा करते हुए मित्रता के अटूट बंधन को और मजबूत बनाया।
समारोह में उपस्थित सभी साथियों ने विद्यालय जीवन के खट्टे-मीठे अनुभवों और यादगार पलों को साझा किया। इस दौरान उन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन, पारिवारिक उपलब्धियों तथा सामाजिक अनुभवों पर भी चर्चा की। लंबे समय बाद मिले मित्रों के बीच पुरानी यादों का सिलसिला देर तक चलता रहा और पूरा वातावरण भावनाओं एवं अपनत्व से भर उठा।
इसके बाद सभी ने एलुमनाई मिलन समारोह का केक काटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। गीत, संगीत, नृत्य और शेर-ओ-शायरी के दौर ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विद्यार्थियों ने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए कई रोचक प्रसंग भी साझा किए।
समारोह में सीए निर्भय मित्तल, अजय अग्रवाल, राज कुमार वर्मा, सीए प्रवीण गोयल, उमेश टिन्ना, सुनील, संजय अरोड़ा, सचिन गर्ग, विशाल बंसल, मनीष गोयल आदि उपस्थित रहे।