Breaking News
आकाश सोनकर सुसाइड केस- 1 महीने बाद FIR दर्ज:अयोध्या पुलिस ने युवती और उसकी मां पर SC/ST की धाराएं लगाईं

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के वेटनरी छात्र आकाश सोनकर की आत्महत्या के मामले में करीब एक महीने बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के चाचा आनंद प्रकाश सोनकर की तहरीर पर कुमारगंज पुलिस ने एक युवती और उसकी मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकी देने और अनुसूचित जाति उत्पीड़न सहित अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आकाश सोनकर ने 5 जून 2026 को विश्वविद्यालय के कालिंदी छात्रावास के कमरा नंबर-59 में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की थी। परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा घटना के बाद परिजनों ने कुछ लोगों पर छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। प्रारंभिक जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने सोमवार को बताया कि जांच के दौरान मृतक छात्र के मोबाइल की कॉल डिटेल और चैट का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि आकाश सोनकर की आकांक्षा नाम की युवती से बातचीत होती थी। वहीं मृतक के चाचा आनंद प्रकाश सोनकर का आरोप है कि संबंधित युवती एक बार उनके घर भी आई थी। सीओ बोले- साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई सीओ पीयूष पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना वह स्वयं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर और छात्र संगठनों में भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि छात्र की आत्महत्या के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *