दीपावली पर घर जाने वालों को नहीं मिली बसें:घंटों इंतजार करते रहे यात्री, दिल्ली-पंजाब से आए लोगों को घर जाने में हुई परेशानी
रामपुर में दीपावली पर घर जाने वाले यात्रियों को रोडवेज बसों की कमी से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज प्रशासन पर्याप्त बसों के संचालन का दावा कर रहा है, लेकिन शनिवार शाम 5:30 बजे बस अड्डे की स्थिति कुछ और ही नजर आई। परिसर में बसों का अभाव था। यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। बाहर से आने वाली बसें पहले से फुल शनिवार शाम करीब 5:30 बजे रोडवेज परिसर पहुंचे यात्रियों ने बताया कि बाहर से आने वाली बसें पहले से ही खचाखच भरी पहुंच रही हैं। जो बसें रुक भी रही हैं, उनमें बैठने तक की जगह नहीं मिल रही है। कई यात्री हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से आसानी से रामपुर पहुंच गए, लेकिन यहां से अपने कस्बे और तहसील तक जाने के लिए बस नहीं मिल रही है। कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्हें बरेली और मीरगंज जाने के लिए बसों में बैठाया गया था, लेकिन रामपुर में ही उतार दिया गया। इसके बाद से वे बस अड्डे पर बस आने का इंतजार कर रहे हैं। परिसर में बस नहीं होने से यात्रियों के सामने इंतजार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। किसी को मीरगंज तो किसी को मिलक जाना मीरगंज जाने वाली शिवानी ने बताया कि उन्हें घर पहुंचना है, लेकिन बस नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। राजेश ने बताया कि वह पंजाब से रामपुर आसानी से पहुंच गए, लेकिन अब बरेली जाने के लिए बस नहीं मिल रही है। वहीं, हरियाणा से आए किशनपाल ने बताया कि उन्हें मिलक जाना है, लेकिन बस नहीं मिलने से घर नहीं पहुंच पा रहे हैं। एआरएम बोले- बसों का संचालन बढ़ाने का प्रयास रोडवेज के एआरएम रामप्रकाश ने बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इससे समस्या होना स्वाभाविक है। इसके बावजूद बसों का संचालन बढ़वाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी बसों का संचालन कराया जा रहा है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कोई न कोई रास्ता जरूर निकाला जाएगा।

