धनतेरस पर सपा नेता ने खरीदी 3 लाख की गाय-भैंस:बोले- यही मेरे लिए ब्लैक थार और फॉर्च्यूनर, माला पहनाकर और आरती उतारकर किया स्वागत
प्रयागराज में धनतेरस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेता संदीप यादव ने करीब 3 लाख रुपए की गाय और भैंस खरीदी। वह स्कॉर्पियो से गाय और भैंस खरीदने पहुंचे थे। पशुओं को खरीदने के बाद जब वह उन्हें लेकर अपने घर पहुंचे तो परिवार के लोगों ने माला पहनाकर और आरती उतारकर उनका स्वागत किया। इस दौरान संदीप यादव ने कहा कि उनके लिए यही ब्लैक थार और ब्लैक फॉर्च्यूनर है। उन्होंने कहा कि जब लोग धनतेरस पर गाड़ी, घर और बंगला खरीद सकते हैं तो गाय और भैंस क्यों नहीं खरीद सकते? गाय और भैंस पालना भी उनके लिए खुशी और समृद्धि का प्रतीक है। संदीप यादव गाय और दूध के लिए भी जाने जाते हैं। वह माघ मेले के दौरान संगम क्षेत्र में कैंप लगाकर लोगों को दूध बांटते हैं। इसके अलावा वह माघ मेले में गंगा किनारे भैंस भी रखते हैं। पशुपालन के प्रति उनका लगाव इस बार धनतेरस पर भी देखने को मिला, जब उन्होंने तीन लाख रुपए खर्च कर गाय और भैंस खरीदी।

