Breaking News
मैनपुरी के आयुर्वेदिक चिकित्सालय में धन्वन्तरि पूजा हुई:धनतेरस पर स्वामी हरिहरानन्द सरस्वती ने सभी के सुखी और निरोगी जीवन की कामना की

मैनपुरी के श्री एकरसानन्द आश्रम स्थित धर्मार्थ आयुर्वेदिक चिकित्सालय में शुक्रवार को भगवान धन्वन्तरि की पूजा हुई। वैद्य संजीव मिश्रा ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान के शोडशोपचार विग्रह का पूजन किया। धनतेरस के मौके पर महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानन्द सरस्वती महाराज ने ‘सर्वे भवन्तु सुखिन: सर्वे सन्तु निरामया’ की कामना के साथ सभी के सुखी और निरोगी जीवन का आशीर्वाद दिया। पूजा के बाद वैद्य संजीव मिश्रा ने सभी के मंगल और निरोगी रहने की कामना की। इसके बाद आरती हुई और प्रसाद बांटा गया। इस मौके पर सूर्यकांत त्रिपाठी, आचार्य श्याम जी दीक्षित, संदीप चतुर्वेदी, डॉ. आराध्य देव मिश्र, डॉ. केशव देव मिश्र, प्रवीण पालीवाल, विवेक पालीवाल, दीपक वर्मा, लक्ष्मण पचौरी, शेर बहादुर सिंह चौहान, दीपू मिश्रा और निखिल पाल सहित कई लोग मौजूद रहे।

बड़े हनुमान मंदिर में चौथे दिन मूलमंत्र हवन हुआ VIDEO:पांच दिवसीय जन्मोत्सव अनुष्ठान में चार दिन से वैदिक मंत्र गूंज रहे

प्रयागराज के संगम स्थित श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान हो रहा है। छह नवंबर को चौथे दिन हनुमान जी के मूलमंत्रों के साथ हवन किया गया। यह आयोजन बाघंबरी मठ के महंत बलबीर गिरि जी महाराज के सानिध्य में हो रहा है। दक्षिण भारत से आए ब्राह्मण और उत्तर भारत के विद्वान पंडित वैदिक मंत्रों के साथ पूजा और हवन करा रहे हैं। अनुष्ठान तीन नवंबर को शुरू हुआ। पहले दिन, तीन नवंबर को शाम को प्राकार शुद्धि, सुधा कलश स्थापना, राक्षोघ्न हवन और अघोरास्त्र हवन-पूजन किया गया। दूसरे दिन, चार नवंबर को सुबह भगवान धन्वंतरि हवन-पूजन हुआ। इसमें आम की लकड़ी, देसी घी, कपूर, रोली, अक्षत, पुष्प, गंगाजल, शहद और 108 तरह की आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों की आहुति दी गई। हवन के बाद महाआरती हुई। शाम को महा सुदर्शन हवन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया। पांच नवंबर को तीसरे दिन सुबह पंच दुर्गा हवन हुआ। शाम को वास्तु पूजा हवन और दिग्बली का अनुष्ठान किया गया। छह नवंबर को चौथे दिन सुबह श्री हनुमान मूलमंत्र हवन हुआ। इस दौरान हनुमान जी के मूलमंत्रों के साथ हवन कुंड में आहुतियां दी गईं। श्रद्धालु भी मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। अनुष्ठान के अंतिम दिन, सात नवंबर को विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में चल रहे पांच दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।

धनतेरस पर सपा नेता ने खरीदी 3 लाख की गाय-भैंस:बोले- यही मेरे लिए ब्लैक थार और फॉर्च्यूनर, माला पहनाकर और आरती उतारकर किया स्वागत

प्रयागराज में धनतेरस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेता संदीप यादव ने करीब 3 लाख रुपए की गाय और भैंस खरीदी। वह स्कॉर्पियो से गाय और भैंस खरीदने पहुंचे थे। पशुओं को खरीदने के बाद जब वह उन्हें लेकर अपने घर पहुंचे तो परिवार के लोगों ने माला पहनाकर और आरती उतारकर उनका स्वागत किया। इस दौरान संदीप यादव ने कहा कि उनके लिए यही ब्लैक थार और ब्लैक फॉर्च्यूनर है। उन्होंने कहा कि जब लोग धनतेरस पर गाड़ी, घर और बंगला खरीद सकते हैं तो गाय और भैंस क्यों नहीं खरीद सकते? गाय और भैंस पालना भी उनके लिए खुशी और समृद्धि का प्रतीक है। संदीप यादव गाय और दूध के लिए भी जाने जाते हैं। वह माघ मेले के दौरान संगम क्षेत्र में कैंप लगाकर लोगों को दूध बांटते हैं। इसके अलावा वह माघ मेले में गंगा किनारे भैंस भी रखते हैं। पशुपालन के प्रति उनका लगाव इस बार धनतेरस पर भी देखने को मिला, जब उन्होंने तीन लाख रुपए खर्च कर गाय और भैंस खरीदी।

राजकीय बाल गृह में दीपोत्सव:संस्थान ने बच्चों और ग्रामीणों संग दीप जलाकर बांटीं दीपावली की खुशियां

वाराणसी में सेवाज्ञ संस्थानम्, काशी महानगर की ओर से रामनगर स्थित राजकीय बाल गृह (किशोर) और डाफी की सेवा बस्ती में दीपोत्सव मनाया गया। इस दौरान संस्थान के कार्यकर्ताओं ने बच्चों और ग्रामीणों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। राजकीय बाल गृह में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिठाई वितरित की और उनके साथ दीपावली मनाई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अशोक भी मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डाफी की सेवा बस्ती में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर दीप जलाए। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। संस्थान के कार्यकर्ताओं ने कहा कि दीपावली का आनंद समाज के सभी वर्गों के साथ खुशियां बांटने में है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में महानगर संयोजक शिवम् पाण्डेय, माधव कुमार, पीयूष मणि त्रिपाठी सहित संस्थान के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर भट्ठा संचालक को धमकी:फोन पर जान से मारने की चेतावनी देने का आरोप, केस दर्ज

बुलंदशहर के खुर्जा नगर क्षेत्र में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक ईंट भट्ठा संचालक को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद से पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है। पीड़ित ने खुर्जा नगर कोतवाली में तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोन पर गैंग का नाम लेकर दी धमकी खुर्जा के जेवर रोड स्थित मदनपुर गांव निवासी कल्याण सिंह ईंट भट्ठे का संचालन करते हैं। आरोप है कि हाल ही में उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से कल्याण सिंह और उनके परिवार के सदस्य भयभीत हैं। कोतवाली पहुंचकर मांगी सुरक्षा धमकी से परेशान कल्याण सिंह खुर्जा नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर दी। उन्होंने अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। सर्विलांस की मदद से कॉल करने वाले की तलाश एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि खुर्जा क्षेत्र में ईंट भट्ठा संचालक को धमकी मिलने का मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें तकनीकी सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं। कॉल करने वाले की लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।