Breaking News
यमुना की सफाई सिर्फ हर दिल्लीवासी की जिम्मेदारी- मंत्री वर्मा:बोले- विशेष अवसरों को मां यमुना से जोड़ें, तीन साल में नदी को स्वच्छ बनाने का संकल्प

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दिल्लीवासियों से यमुना के पुनर्जीवन को जनआंदोलन बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की आस्था, संस्कृति और जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इसे स्वच्छ और निर्मल बनाना केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर दिल्लीवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प से जोड़ते हुए जल मंत्री ने वासुदेव घाट पर मां यमुना की आरती की। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसर यमुना के किनारे मनाएं। इससे लोगों का नदी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा और इसके संरक्षण में जनभागीदारी मजबूत होगी। जल मंत्री ने कहा कि सरकार अगले तीन वर्षों में वजीराबाद से कालिंदी कुंज तक यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इसके लिए सीवेज प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और नदी के पुनर्जीवन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यमुना के किनारों पर रिवरफ्रंट विकसित करने की भी योजना है, ताकि लोग नदी और प्रकृति से जुड़ सकें। सरकार का प्रयास यमुना संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर स्थायी बदलाव लाना है। अपने खास दिन मां यमुना के नाम करें जल मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन के यादगार अवसरों को यमुना संरक्षण से जोड़ें। नदी के प्रति आस्था केवल आरती तक सीमित न रहे, बल्कि उसकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास भी हों। सरकार और नागरिकों की साझेदारी से ही यमुना को निर्मल बनाने का संकल्प पूरा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *