Breaking News
श्री मन:कामेश्वर मंदिर के हाथी घाट स्थित सीमा द्वार का लोकार्पण

आकर्षक बनी एलईडी लाइटिंग, दूर से ही दिख रहा नाम
बाबा न्यूज
आगरा। प्राचीन श्री मन:कामेश्वर मंदिर, हाथी घाट, यमुना किनारा पर नवनिर्मित सीमा द्वार (जीर्णोद्धार उपरांत) का लोकार्पण श्रद्धा एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। मंदिर के श्री महंत योगेश पुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर सीमा द्वार का लोकार्पण किया तथा भगवान शिव से मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि मंदिर के मुख्य प्रवेश सीमा द्वार का जीर्णोद्धार कर उसे भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। द्वार पर मंदिर के नाम को प्रमुखता से प्रदर्शित करते हुए अत्याधुनिक एलईडी लाइटिंग की व्यवस्था गौरव शर्मा एवं निशांत सिकरवार के सहयोग से कराई गई है, जिससे रात्रि के समय मंदिर का प्रवेश द्वार अत्यंत मनोहारी दिखाई देता है।
उन्होंने बताया कि इस सीमा द्वार का सबसे बड़ा आकर्षण इसके शीर्ष पर स्थापित भगवान शिव के प्रतीक डमरू और त्रिशूल हैं, जो शिवभक्ति, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक आस्था का संदेश देते हैं। आकर्षक निर्माण एवं प्रकाश व्यवस्था के कारण यह द्वार श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है।
लोकार्पण के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने नव-निर्मित सीमा द्वार के दर्शन कर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे श्री मन:कामेश्वर मंदिर की भव्यता एवं धार्मिक गरिमा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कुष्ठ आश्रम में सेवा कार्य कर समर्पण ने बांटी खुशियां

बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा की ओर से ताजगंज स्थित कुष्ठ आश्रम में सेवा कार्य का आयोजन किया गया। अध्यक्ष नितिन गोयल ने बताया कि हमारा उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज के उपेक्षित एवं जरूरतमंद लोगों के जीवन में अपनत्व और सम्मान का भाव जगाना भी है। कुष्ठ रोगियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है तथा ऐसे सेवा कार्य सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। आश्रम में रह रहे 120 कुष्ठ रोगियों के साथ समय बिताकर उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया और आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम प्रभारी आशीष कंसल, विशाल मित्तल, रोहित बंसल, नविता मित्तल, श्वेता कंसल और अल्पिका बंसल ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन किया। इस अवसर पर सचिव समीर जैन, कोषाध्यक्ष उमंग गोयल, संजीव दौनेरिया, अनिल कुमार गुप्ता, निशी दौनेरिया, सचिन गोयल, अनित गोयल, अनुभव अग्रवाल, रिंकेश मित्तल आदि उपस्थित रहे।

 

विद्युत शवदाह गृह के वातानुकूलित प्रतीक्षालय का लोकार्पण

बाबा न्यूज
आगरा। समाज सेवा का वास्तविक स्वरूप वही है, जो बिना किसी अपेक्षा के जनकल्याण के लिए समर्पित हो। इसी भावना को साकार करते हुए श्याम बंसल एवं डॉ. सुशील गुप्ता विभव के सौजन्य से श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी (रजि.), आगरा द्वारा संचालित विद्युत शवदाह गृह, ताजगंज के प्रतीक्षालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया।
प्रतीक्षालय में 2 टन क्षमता के 6 वातानुकूलित (ए.सी.) सिस्टम स्थापित किए गए तथा भीषण गर्मी, धूल एवं वर्षा से बचाव के लिए पूरे प्रतीक्षालय को एल्यूमीनियम फ्रेम एवं टफन्ड ग्लास से चारों ओर से कवर किया गया है। साथ ही कांच के आधुनिक दरवाजे लगाए गए हैं, जिससे प्रतीक्षालय में बैठने वाले शोकाकुल परिजनों एवं आगंतुकों को हर मौसम में आरामदायक, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
इस जनहितकारी सुविधा का लोकार्पण महापौर हेमलता दिवाकर ने किया। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब सक्षम लोग आगे बढ़कर जनहित के कार्यों में अपना योगदान दें। विद्युत शवदाह गृह में विकसित यह आधुनिक एवं वातानुकूलित प्रतीक्षालय मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी एक अत्यंत सराहनीय पहल है। इससे कठिन परिस्थितियों में आने वाले लोगों को राहत, सम्मान और बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी। ऐसे कार्य समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को सशक्त बनाते हैं।

डॉ. सुशील गुप्ता एवं श्याम बंसल लंबे समय से शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्थान एवं जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले जनहितकारी कार्य समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता, सेवा-भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचायक हैं।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में नरेश जैन एवं राजीव अग्रवाल की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। उनके सहयोग, समर्पण एवं सक्रिय प्रयासों से यह जनोपयोगी परियोजना सफलतापूर्वक पूर्ण हो सकी। पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल ने इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर समाज के प्रतिष्ठित समाजसेवी विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, अनिल जिंदल, संजीव गुप्ता, सुरेश गोयल, ओम टंडन, राजीव अग्रवाल, जगदीश बागला, टी. एन. अग्रवाल आदि की सराहनीय उपस्थिति रही।

 

इंडियन आइडल फेम मोहित लालवानी की आवाज पर झूमे शहरवासी

 

 

 

सिंधी समाज की बारह विभूतियों को किया एक मंच पर सम्मानित
बाबा न्यूज
आगरा। सिंधु एंटरप्रेनॉर वर्ल्ड कनेक्ट संस्था की ओर से सिंधी सम्मान एवं सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विशिष्ट अतिथि रोमसंस के संस्थापक किशोर खन्ना, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल और आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

संस्थापक अमित मोरयानी व दीपक मोरयानी ने कहा कि सिंधी समाज अपनी उद्यमशीलता, सेवा भावना और सामाजिक समर्पण के लिए विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 12 प्रतिष्ठित सिंधी विभूतियों को ह्यसिंधी सर्वोच्च सम्मानह्ण से सम्मानित किया है, जिन्होंने अपने कार्यों से न केवल सिंधी समाज बल्कि देश का भी गौरव बढ़ाया है। समारोह में सिन्धी समाज के उद्यमियों ने अपने-अपने व्यवसाय का परिचय दिया तथा आपसी सहयोग, व्यापारिक समन्वय और वोकल फॉर लोकल की भावना के साथ मिलकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने सिंधी समाज की एकजुटता और आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया।

मुख्य आकर्षण इंडियन आइडल फेम गायक मोहित लालवानी की संगीतमय प्रस्तुति रही। उन्होंने बॉलीवुड और सिंधी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक गीतों ने समारोह को यादगार बना दिया। संचालन जागृति चतुवेर्दी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन दिवाकर पंजवानी ने दिया। इस अवसर पर दीपक दयलानी, पुनीत कालरा, विकास दुलानी, कमल अखिल मंगवानी, रोहित हेमदेव, गौरव सुखवानी, जितेंद्र हूतवानी, सीए करन पंजवानी, धीरज गवालानी, जयंत मंगरानी, राजेश विजय, कपिल मीरचंदानी, पलाश मंगरानी आदि उपस्थित रहे।

इन 12 विभूतियों को मिला सिंधी सर्वोच्च सम्मान
समारोह में मुरलीधर ज्ञानचंदानी(घड़ी व रेड चीफ), राकेश लधानी , गुलाब लधानी, महेश मंगलानी, अशोक मंगवानी, शंकरलाल धुलानी, रोचलदास नागरानी, पारितोष लधानी, एकांश लधानी, राजेश हेमदेव, दीपक पोपटानी तथा अंजु दयलानी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक, व्यावसायिक एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए सिंधी सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया।

 

प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए : प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह

महाअभियान: आरबीएस टेक्निकल कैंपस में किया पौधारोपण
बाबा न्यूज
आगरा। राजा बलवंत सिंह इंजीनियरिंग टेक्निकल कैंपस, बिचपुरी, आगरा में पौधारोपण महाअभियान – 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था। पौधारोपण महाअभियान – 2026 के अंतर्गत एक पेड़ माँ के नाम अभियान नागरिकों को अपनी माताओं के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित करता है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थान के निदेशक , डीन छात्र कल्याण, डीन होस्टल्स, कंट्रोलर आॅफ एग्जामिनेशन, समस्त विभागाध्यक्ष, शिक्षक गण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र छात्राओं द्वारा पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
संस्थान के निदेशक (अकादमिक) प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखरेख भी करनी चाहिए। उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम अभियान को प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने की एक प्रेरणादायक पहल बताया।
संस्थान के निदेशक (वित्त एवं प्रशासन) प्रो. पंकज गुप्ता ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम समाज में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. शचिपति पांडेय ने बताया कि इस अवसर पर परिसर में छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि इस मानसून ऋतु में संस्थान का लक्ष्य कुल 1000 पौधों का रोपण करने का रखा गया है।
इस पौधरोपण कार्यक्रम में नोडल अधिकारी इंजी अलोक सिंह जादौन, प्रो. अपूर्व विहारी लाल, प्रो. श्रद्धारानी सिंह, प्रो. विवेक श्रीवास्तव, प्रो. दुष्यंत सिंह, प्रो. नितिन अग्रवाल, डॉ. प्रमोद शर्मा, डॉ. अमित अग्रवाल मीडिया प्रभारी डॉ. आशीष शुक्ला आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

——————

भावना एस्टेट में इस बार मनायी जाएगी जनकपुरी

बाबा न्यूज
आगरा। रामलीला महोत्सव के अंतर्गत जनकपुरी महोत्सव की जिम्मेदारी इस बार भावना एस्टेट सिकंदरा क्षेत्र को मिलने जा रही है। इस बारे में रामलीला कमेटी द्वारा रविवार 12 जुलाई को आधिकारिक घोषणा करने जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, रामलीला कमेटी की जनकपुरी आवंटन समिति की शनिवार को हुई बैठक में इस बारे में सहमति बन गई।
कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनकपुरी के लिए आए आवेदनों पर विचार किया गया। जनकपुरी आवंटन समिति ने अपने द्वारा किए गए सर्वेक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सभी आवेदनों पर गम्भीरता से विचार किया गया। महामंत्री राजीव अग्रवाल के बैठक का संचालन करते हुए महोत्सव को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने पर जोर दिया।
बैठक में तय किया गया कि रविवार 12 जुलाई को शाम छह बजे रामलीला मैदान के निकट स्थित राम हनुमान मंदिर पर जनकपुरी महोत्सव के आवंटन की विधिवत की घोषणा की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि इस बार भावना एस्टेट सिकंदरा क्षेत्र के निवासियों को यह अवसर मिलने जा रहा है।
बैठक में भगवान दास बंसल, ताराचन्द अग्रवाल, विजय गाेयल, टी एन अग्रवाल, संजय तिवारी, मुकेश जौहरी, संजय सिंघल, प्रवीण बंसल, अंजुल बंसल, मनोज अग्रवाल, आनंद मंगल, राहुल गौतम उपस्थित थे।

बैंकिंग ज्ञान से मिली सफलता की नई राह, महिला उद्यमियों ने सीखे वित्तीय प्रबंधन के गुर

 

शी विल इंस्पायर संस्था के वित्तीय जागरूकता सत्र में व्यवसायिक ऋण, निवेश, बचत और सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

हर महिला को वित्तीय रूप से जागरूक होना जरूरी : अंजू मित्तल

बाबा न्यूज 

आगरा। महिला उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें बैंकिंग व्यवस्था की बेहतर समझ प्रदान करने के उद्देश्य से शी विल इंस्पायर संस्था द्वारा “बैंकिंग ऑन हर” विषय पर विशेष वित्तीय जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
होटल हॉलीडे इन में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक की जोनल हेड अंजू मित्तल ने महिलाओं को बैंकिंग, निवेश, ऋण, सरकारी योजनाओं और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी। पूरे सत्र के दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एक रोचक एवं इंटरैक्टिव गतिविधि के साथ हुआ, जिसमें महिला उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय परिस्थितियों से जुड़े प्रश्न दिए गए। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव और निर्णय साझा किए, जिससे उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि सही वित्तीय निर्णय व्यवसाय की सफलता और भविष्य की सुरक्षा के लिए कितने महत्वपूर्ण होते हैं। इस गतिविधि ने महिलाओं के आत्मविश्वास को भी नई ऊर्जा प्रदान की।
मुख्य वक्ता पंजाब नेशनल बैंक की जोनल हेड अंजू मित्तल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रत्येक महिला का वित्तीय रूप से जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीवन में तीन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए—परिवार एवं पारिवारिक व्यवसाय की वित्तीय जानकारी स्वयं के पास भी रखें, नियमित बचत करें और उस बचत का सही दिशा में पुनर्निवेश करें।
उन्होंने सलाह दी कि कभी भी अपनी पूरी पूंजी केवल एक ही निवेश योजना में न लगाएं। निवेश को फिक्स्ड डिपॉजिट, शेयर बाजार, सोना और प्रॉपर्टी जैसे विभिन्न माध्यमों में विभाजित करना अधिक सुरक्षित और लाभकारी होता है।
अंजू मित्तल ने बताया कि अधिकांश लोगों को यह जानकारी नहीं होती कि बैंक खातों के साथ-साथ एटीएम कार्ड सहित कई बैंकिंग सेवाओं पर बीमा सुरक्षा भी उपलब्ध होती है। उन्होंने महिलाओं को पति के साथ संयुक्त बैंक खाता रखने की सलाह देते हुए कहा कि इससे आवश्यकता पड़ने पर वित्तीय कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक खाते और लॉकर के लिए नॉमिनी का चयन पूरी सावधानी से करना चाहिए।
उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं वित्तीय मामलों में काफी जागरूक हैं और उन्हें अपने परिवार के बैंक खातों एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं की अच्छी जानकारी रहती है। शहरी महिलाओं को भी इस दिशा में आगे आने की आवश्यकता है।
पंजाब नेशनल बैंक की मैनेजर (मार्केटिंग) मीनू गुप्ता ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बैंक की विभिन्न योजनाओं, व्यवसायिक ऋण, मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया सहित केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बैंक खातों पर मिलने वाली सुविधाओं, डिजिटल बैंकिंग, क्रेडिट स्कोर के महत्व तथा समय पर ऋण चुकाने के लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
सत्र के दौरान महिला उद्यमियों ने खुलकर बैंकिंग प्रक्रियाओं, व्यवसायिक ऋण, निवेश, वित्तीय अनुशासन और आय-व्यय प्रबंधन से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने सभी प्रश्नों के सरल एवं व्यावहारिक उत्तर देते हुए महिलाओं को व्यवसाय और व्यक्तिगत खातों को अलग रखने तथा व्यवस्थित वित्तीय प्रबंधन अपनाने की सलाह दी।
शी विल इंस्पायर की संस्थापक राशि गर्ग ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रेरित करना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक ज्ञान और अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि “वित्तीय जागरूता” जैसे कार्यक्रम महिलाओं को आत्मविश्वास देने के साथ-साथ उनके व्यवसाय को नई दिशा प्रदान करते हैं। भविष्य में भी संस्था इसी प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं अपने उद्यमों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें।
कार्यक्रम का संचालन पूजा लूथरा, दिव्या गुप्ता, रोली रस्तोगी एवं दीपिका ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय दीक्षा असवानी ने कराया।
वित्तीय सत्र में कृतिका खन्ना, डॉ. भास्कर ज्योति, हरमीत कौर, सीएस चांदनी जैन, एड नम्रता मिश्रा, आस्था, डॉ. अरुजा लूथरा, पूजा असवानी, मीतू, राशि, शिवांगी जैन, श्रुति, तनु आदि ने सक्रिय सहभागिता करते हुए बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।

 

यमुना तट पर गूंजेगा ‘जय जगन्नाथ’, रथयात्रा महोत्सव का हुआ आगाज

 

आगरा  में पहली बार रथयात्रा निकालने वाले प्राचीन श्री जगन्नाथ महाराज मंदिर में हुआ आमंत्रण पत्र का विमोचन

14 जुलाई को नवयौवन दर्शन एवं नयन उत्सव, 16 जुलाई को होंगे श्री जगन्नाथ जी के रथयात्रा दर्शन और महाप्रसादी

48 वर्ष पुरानी परंपरा को संजोए है यमुना तट का श्री जगन्नाथ मंदिर

बाबा न्यूज 

आगरा। यमुना किनारा, बेलनगंज स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ जी महाराज मंदिर में शनिवार को श्री जगन्नाथ जी रथयात्रा महोत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं उत्साह का वातावरण रहा। मंदिर के सेवायत, पदाधिकारी एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ जी के जयघोष के साथ आगामी महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ किया।
मंदिर के सेवायत पंडित लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि 14 जुलाई (मंगलवार) को भगवान श्री जगन्नाथ जी के नवयौवन दर्शन एवं नयन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक महाहवन एवं विशेष पूजा संपन्न होगी। इसके उपरांत सायं 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालुओं को भगवान के नवयौवन स्वरूप के दर्शन कराए जाएंगे। स्नान यात्रा के बाद भगवान के विश्राम उपरांत होने वाले ये दर्शन विशेष धार्मिक महत्व रखते हैं।
मंदिर की मुखिया सरिता शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई (गुरुवार) को श्री जगन्नाथ जी के रथयात्रा दर्शन सायं 4 बजे से रात्रि 11 बजे तक होंगे। इस दौरान श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के दिव्य रथ स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सीए राकेश अग्रवाल एवं संजीव अग्रवाल ने बताया कि यह मंदिर लगभग दो सौ वर्ष पुराना है और आगरा की प्राचीन धार्मिक धरोहरों में प्रमुख स्थान रखता है। उन्होंने बताया कि सन 1978 में आगरा में पहली बार श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा इसी मंदिर से निकाली गई थी। उस समय भगवान का रथ नगर भ्रमण करता था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते थे।
उन्होंने बताया कि बाद के वर्षों में विभिन्न परिस्थितियों एवं स्थान के अभाव के कारण रथयात्रा का नगर भ्रमण नियमित रूप से नहीं हो सका। उस ऐतिहासिक रथ को आज भी मंदिर परिसर में सुरक्षित एवं सहेजकर रखा गया है, जो इस मंदिर की गौरवशाली परंपरा का साक्षी है।
उन्होंने यह भी बताया कि श्री जगन्नाथ पुरी (उड़ीसा) के बाद आगरा में स्थापित यह पहला श्री जगन्नाथ मंदिर माना जाता है, जहां आज भी प्राचीन परंपराओं के अनुसार भगवान की पूजा-अर्चना एवं उत्सव आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री जगन्नाथ के नवयौवन दर्शन, रथयात्रा दर्शन एवं महाप्रसादी का लाभ लेने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर आनंद अग्रवाल, तरंग सिंघल, पवन सिंघल, आदर्श नंदन गुप्त, सारंग सिंघल, चिराग शर्मा, स्नेहा शर्मा आदि उपस्थित रहे।

एकादशी पर कमल के पुष्पों से सजे श्याम बाबा

दिव्य श्रृंगार के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

स्वर्ण मुकुट व कुंडल धारण कर दिए अलौकिक दर्शन

श्री खाटू श्याम जी मंदिर जीवनी मंडी में दिनभर चला भजन, पूजन एवं सेवा का क्रम

बाबा न्यूज 

आगरा। योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भगवान श्री श्याम बाबा का कमल के पुष्पों से भव्य एवं मनोहारी विशेष श्रृंगार किया गया। स्वर्ण मुकुट और स्वर्ण कुंडल धारण कर विराजमान श्याम बाबा के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रातःकाल से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और देर रात तक भक्तों ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने योगिनी एकादशी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म में इस एकादशी का विशेष महत्व है। श्रद्धापूर्वक व्रत, पूजन और भगवान के स्मरण से व्यक्ति के पापों का क्षय होता है तथा जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
मंदिर में दिवस विशेष पर श्रृंगार सेवा, इत्र सेवा एवं संध्या भोग सेवा का आयोजन श्रद्धाभाव के साथ किया गया। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा विशेष पोशाक सेवा संपन्न हुई, जबकि श्री श्याम नगरी मासिक पोशाक सेवा की ओर से मासिक पोशाक सेवा एवं राजभोग सेवा नीरज बंसल द्वारा अर्पित की गई।
पूरे दिन मंदिर परिसर श्याम नाम के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विकास, विपिन बंसल आदि उपस्थित रहे।

योगिनी एकादशी पर गौ सेवा कर मनाई भगवान जगन्नाथ के स्वास्थ्य लाभ की खुशी

बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार ने गौ पूजन कर खिलाई हरी सब्जियां

रथ यात्रा महोत्सव की सफलता की कामना

बाबा न्यूज 

आगरा। बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार द्वारा प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर, बेलनगंज, यमुना किनारा में आयोजित होने जा रहे श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ के स्वास्थ्य लाभ (अनसर काल की पूर्णता) की खुशी में वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन गौशाला में गौ सेवा एवं गौ पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गौ माता का पूजन कर उन्हें हरी सब्जियां खिलाईं तथा समस्त मानव समाज के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।
ट्रस्ट के अध्यक्ष तरंग सिंघल ने बताया कि बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार नियमित रूप से सेवा कार्यों में सक्रिय रहता है। प्रत्येक माह गौ सेवा के साथ-साथ विभिन्न आश्रमों में भोजन प्रसादी की व्यवस्था कर जरूरतमंदों की सेवा की जाती है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है तथा इससे सेवा और संवेदना की भावना मजबूत होती है।
प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर, बेलनगंज से लक्ष्मण शर्मा, सरिता शर्मा, स्नेहा शर्मा एवं चिराग शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई को 200 वर्ष प्राचीन श्री जगन्नाथ जी मंदिर में रथ यात्रा महोत्सव दर्शन एवं प्रसादी होगी। सभी ने भगवान जगन्नाथ के भजन-कीर्तन एवं गुणगान कर भक्तिमय वातावरण बनाया और सभी के उज्ज्वल भविष्य तथा विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक पवन सिंघल, कोषाध्यक्ष जितेश सिंघल, सचिव पवन सजनानी, जेठानंद सजनानी, आनंद अग्रवाल (खुले पंख), चन्द्र प्रकाश अग्रवाल, डॉ. शुभम गर्ग, सारंग सिंघल, प्रीति गोयल, मिनी गोयल, सीए अमित मित्तल, शशि मित्तल, कनिष्क मित्तल, अनन्या मित्तल, अमन गंगवानी, आशीष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।