Breaking News
अधूरे आंगनबाड़ी केंद्रों और CDPO कार्यालयों पर डीएम नाराज:लखीमपुर में जिला पोषण समिति की बैठक, डीएम ने निर्माण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश

लखीमपुर खीरी में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और सीडीपीओ कार्यालयों के अधूरे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताई। डीएम ने सभी निर्माण कार्यों की परियोजनावार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने निर्माणाधीन 11 सीडीपीओ कार्यालयों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल की पांच परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं में जो भी कमियां हैं, उन्हें तत्काल दूर कराया जाए और सत्यापन के बाद हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी की जाए। देखें, 2 तस्वीरें… उन्होंने शेष छह निर्माणाधीन परियोजनाओं को भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। पूरे काम को लंबित न रखने के निर्देश बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की वित्तीय वर्षवार स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि जो निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय के भीतर जरूरी कार्रवाई पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी परियोजनाओं को समय से पूरा कराया जाए।

फरीदाबाद में सास-बहू से जेवर लूटने वाला डिलीवरी बॉय अरेस्ट:कर्ज चुकाने के लिए बनाया प्लान, ऑनलाइन मंगवाया चाकू, यूपी का रहने वाला

फरीदाबाद में सूरजकुंड थाना क्षेत्र की ग्रीन फील्ड चौकी इलाके में महिलाओं को चाकू की नोक पर डराकर लाखों रुपए के सोने के गहने लूटने वाले आरोपी डिलीवरी बॉय को पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए चाकू भी ऑनलाइन ऑर्डर करके मंगवाया था। आरोपी पर काफी कर्ज था और इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने लूट की वारदात को अंजाम देने का कदम उठाया। एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने शनिवार को प्रेसवार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय वीर प्रताप उर्फ विरू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फतेहाबाद, आगरा का रहने वाला है और वर्तमान में फरीदाबाद के पल्ला क्षेत्र स्थित रोशन नगर में रह रहा था। आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम कर रहा था। डिलीवरी देने के बहाने मकान में घुसा पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को सुबह करीब 10:30 बजे वीर प्रताप डिलीवरी देने के बहाने ग्रीनफील्ड कॉलोनी के एक मकान में पहुंचा। आरोपी पहले भी इस घर में डिलीवरी देने जाता था, इसलिए उसे घर की गतिविधियों की जानकारी थी। उसे पता था कि दिन के समय घर में कौन मौजूद रहता है। इसी जानकारी को उसने अपने अपराध की योजना में इस्तेमाल किया। डिलीवरी देने के बाद आरोपी वहां से चला गया। लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी नीयत सामने आ गई। करीब एक घंटे बाद वह कपड़े बदलकर, चेहरा ढककर और ऑनलाइन मंगवाए गए चाकू को लेकर दोबारा उसी घर में पहुंच गया। घर में मौजूद महिला और उसकी सास को चाकू दिखाकर उसने दोनों को डराया और धमकी देकर उनके सोने के गहने उतरवा लिए। लाखों रुपए कीमत के जेवर कब्जे में लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पकड़े जाने के डर से बदले कपड़े आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए भी पूरी चाल चली। उसे डर था कि जिस ड्रेस में वह पहली बार डिलीवरी देने पहुंचा था, उसी कपड़े में दोबारा जाने पर महिलाएं उसे पहचान सकती हैं। इसलिए उसने कपड़े बदल लिए और चेहरे को भी ढक लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी पर काफी कर्ज था। कर्ज के दबाव में उसने जल्दी पैसा हासिल करने के लिए लूट की साजिश रची और उसी घर को निशाना बनाया, जहां वह पहले कई बार डिलीवरी दे चुका था। घर की जानकारी और वहां मौजूद लोगों की दिनचर्या से परिचित होने के कारण उसने इस मकान को वारदात के लिए चुना। पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उससे लूटे गए सोने के गहनों की बरामदगी के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसके ऊपर कितना कर्ज था और उसने इस वारदात की योजना कब से बना रखी थी। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और किसी अन्य वारदात में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

मैनपुरी में दो बाइकों की भिड़ंत:पति-पत्नी और बच्चा घायल, तीनों जिला अस्पताल में भर्ती

मैनपुरी में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में पति-पत्नी और उनका बच्चा घायल हो गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना मैनपुरी किसान मार्ग पर कटरा सामान के समीप हुई। निशु अपने पति मनोज कुमार और छोटे बेटे कार्तिक के साथ मोटरसाइकिल से अपने भाइयों को राखी बांधकर घर लौट रही थीं। तभी सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज कुमार के पैर में गंभीर चोट आई है। उनकी पत्नी निशु के शरीर पर भी गंभीर चोटें लगी हैं। उनके साथ बैठे छोटे बच्चे कार्तिक को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।

रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम ने एडमिन टीम को 3-0 से हराया:राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ वॉलीबॉल मुकाबला, डीआरएम ने किया शुभारंभ

बरेली के इज्जतनगर मंडल स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को वॉलीबॉल मुकाबला हुआ। रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने एडमिन टीम को सीधे तीन सेटों में 3-0 से हराकर मुकाबला जीत लिया। प्रतियोगिता मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने किया शुभारंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वीणा सिन्हा ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और मैच की शुरुआत कराई। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। स्टेडियम टीम ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और आक्रामक खेल के दम पर तीनों सेट अपने नाम किए। एडमिन टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। डीआरएम वीणा सिन्हा ने कहा कि खेल शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। उन्होंने रेलकर्मियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल क्रीड़ाधिकारी, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, कोच, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

मेयर उमेश गौतम के रक्षाबंधन कार्यक्रम का मामला फिर गरमाया:बरेली में जनसत्ता दल ने की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग, धरने की चेतावनी

बरेली में 27 अगस्त को बरेली क्लब मैदान में रक्षाबंधन कार्यक्रम में एक महिला की मौत के मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने इस घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के जिला महामंत्री सोनू ठाकुर ने शनिवार को प्रशासन को एक शिकायती पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने कार्यक्रम की अनुमति, भीड़ नियंत्रण और चिकित्सा व्यवस्था की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं ली सोनू ठाकुर ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में लगभग 20 हजार महिलाएं मौजूद थीं, लेकिन इतनी बड़ी भीड़ के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कार्यक्रम के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी, जिसकी पुष्टि संबंधित अधिकारियों से होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। सोनू ठाकुर ने कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था, स्वयंसेवकों, एंबुलेंस और चिकित्सा सहायता की पर्याप्त उपलब्धता की जांच की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घायल लोगों को कथित तौर पर टेंपो से अस्पताल ले जाया गया, जिससे आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। शिकायती पत्र में मृतका की मौत की परिस्थितियों की गहन जांच, पोस्टमार्टम प्रक्रिया की समीक्षा और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड तथा इमरजेंसी रजिस्टर को सुरक्षित रखने की मांग की गई है। अस्पताल की भूमिका को लेकर लगाए गए गंभीर आरोपों की भी जांच की मांग की गई है, हालांकि इन आरोपों की भी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बल की तैनाती की भी जांच हो इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था, बसों व अन्य वाहनों की उपलब्धता और पुलिस बल की तैनाती की भी जांच की मांग की है। आरोप लगाया कि कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों और आयोजकों के बयानों में विरोधाभास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी, आयोजक या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करेगी।

108 रुद्राभिषेक की पूणार्हुति, पूर्णिमा की महाआरती में गूंजा हर-हर महादेव

श्वेत पुष्पों से सजे बाबा श्याम, सावन महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब
बाबा न्यूज
आगरा। जीवनी मंडी परिसर स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर के श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे सावन महोत्सव के अंतर्गत एक माह से प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे 108 रुद्राभिषेक का सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर विशेष महा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोष से गूंज उठा।
सावन मास के प्रारंभ से ही श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया जा रहा था। सावन के प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं परिवार की मंगलकामना की। सावन पूर्णिमा पर इस धार्मिक अनुष्ठान की पूणार्हुति विशेष महाआरती के साथ हुई।
समापन अवसर पर मंदिर के मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल एवं सीमा अग्रवाल ने विधि-विधान के साथ महा रुद्राभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव के जयकारों के बीच हुए अभिषेक से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। पंडित मुकेश शर्मा और अनंत उपाध्याय ने विधि विधान से पूजन संपन्न कराया।
मंदिर के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि सावन महोत्सव के अंतर्गत विगत एक माह से प्रतिदिन रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा था। सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इसी धार्मिक भावना के साथ मंदिर में पूरे सावन माह श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति और रुद्राभिषेक से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि 108 रुद्राभिषेक की पूणार्हुति के अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन किया गया।
सावन पूर्णिमा के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्वेत पुष्पों से श्रृंगार किया गया। सफेद पुष्पों से सजे बाबा श्याम का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर में बाबा श्याम के मनोहारी दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही। श्वेत पुष्पों की मनमोहक सजावट और दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर का वातावरण अत्यंत आकर्षक और आध्यात्मिक नजर आया।
सावन पूर्णिमा की विशेष महाआरती में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भाग लिया। घंटा-घड़ियाल और शंखनाद के बीच भगवान श्यामेश्वर महादेव एवं बाबा श्याम की आरती उतारी गई।
इस अवसर पर संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल आदि उपस्थित रहे।

रक्षाबंधन पर ठाकुर श्याम बिहारी को धराई राखी

यशोदा मैया के वात्सल्य भाव में रंगा प्रेमनिधि मंदिर
सफेद घटा के हिंडोले में विराजे बाल कृष्ण
हरिनाम संकीर्तन से गूंजा नाई की मंडी का श्री प्रेमनिधि जी मंदिर
बाबा न्यूज
आगरा। नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में सावन पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पुष्टिमार्गीय सेवा-परंपरा के अनुरूप हिंडोला उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्याम बिहारी जी को सफेद घटा का मनोहारी श्रृंगार धारण कराकर हिंडोले पर विराजित किया गया और रक्षाबंधन के विशेष भाव के अनुरूप उन्हें रक्षा-सूत्र अर्थात राखी धराई गई। बाल स्वरूप ठाकुरजी के प्रति वात्सल्य, ममत्व और उनकी रक्षा की कामना से जुड़ा यह प्रसंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष भाव-विभोर करने वाला रहा।
सफेद घटा के मध्य हिंडोले पर विराजमान ठाकुरजी के दिव्य स्वरूप के दर्शन के साथ मंदिर में हरिनाम संकीर्तन एवं पुष्टिमार्गीय पद गायन हुआ। पदों और कीर्तन में यशोदा मैया के वात्सल्य भाव, अपने लाल कन्हैया की बलैया लेने और उन्हें बुरी नजर एवं समस्त बाधाओं से बचाने के प्रसंगों का भावपूर्ण गायन हुआ। दिनेश पचौरी और अमित शर्मा द्वारा किए गए संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियों से पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय हो उठा।
पुष्टिमार्ग में रक्षाबंधन का भाव भाई-बहन के रिश्ते से अलग
मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी और सुमित गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में रक्षाबंधन का भाव सामान्य रूप से प्रचलित भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है। यहां इस उत्सव का मूल भाव ठाकुरजी के बाल स्वरूप के प्रति वात्सल्य और उनकी रक्षा की मंगलकामना से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के दिन वैष्णव माँ यशोदा के भाव से ठाकुरजी की सेवा करते हैं। जिस प्रकार यशोदा मैया अपने लाल कन्हैया और बलदाऊ की बुरी नजर, बाधा एवं किसी भी अपशकुन से रक्षा के लिए उनकी कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधती थीं, उसी वात्सल्य भाव से ठाकुरजी को राखी धराई जाती है। इसमें भक्त स्वयं को यशोदा मैया के वात्सल्य भाव में अनुभव करते हुए ठाकुरजी के सुख, मंगल और रक्षा की कामना करता है।
सेवायतों ने बताया कि पुष्टिमार्गीय सेवा में ठाकुरजी को केवल आराध्य मानकर पूजा नहीं की जाती, बल्कि उन्हें बालक के रूप में प्रेम, ममता और वात्सल्य से सेवा-सुख दिया जाता है। रक्षाबंधन पर राखी धराना भी इसी आत्मीय सेवा का हिस्सा है।
इस अवसर पर गाए जाने वाले कीर्तन और पदों में मैया यशोदा द्वारा अपने लाल की बलैया लेने, नजर उतारने और उन पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने का भाव प्रकट होता है। यही वात्सल्य भाव रक्षाबंधन को पुष्टिमार्ग में विशिष्ट आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान करता है।
रक्षाबंधन के अवसर पर सफेद घटा के हिंडोले में ठाकुर श्याम बिहारी जी के दर्शन और राखी की सेवा ने मंदिर परिसर में वात्सल्य एवं कृष्ण प्रेम की अनुपम अनुभूति कराई। श्रद्धालु ठाकुरजी के बाल स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते रहे।