Breaking News
एचआईवी संक्रमित के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं हो

बीडी जैन गर्ल्स पीजी कालेज में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
बाबा न्यूज
आगरा। आइक्यूएसी , सघन जागरूकता अभियान उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति लखनऊ, एसएन हॉस्पिटल आगरा एवं बालिका हेल्थ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती बी डी जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज, में एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी /एडस के प्रति जागरूक करना, इससे संबंधित भ्रांतियों को दूर करना तथा बचाव एवं सावधानियों के प्रति सजग करना था।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। छात्राओं ने प्रभावशाली संवाद एवं अभिनय के माध्यम से एचआईवी /एडस के कारणों, बचाव के उपायों तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उसके प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखना चाहिए।
नुक्कड़ नाटक ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें एड्स से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करने तथा जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। एचआईवी /एडस के प्रति वैज्ञानिक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। एस एन मेडिकल कॉलेज की काउंसलर शबनम खान ने छात्राओं को एड्स से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी दी।
संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर वंदना अग्रवाल एवं बालिका हेल्थ क्लब की प्रभारी प्रोफेसर शुभलेश कुमारी के निर्देशन में संपन्न हुआ । कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवम् शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम में प्रोफेसर अनुपम शेरी ,प्रोफेसर किरण सिंह, प्रोफेसर शिखा श्रीधर ,प्रोफेसर अनुराधा गुप्ता, प्रोफेसर अनीता रानी , प्रोफेसर नीलम कांत,डॉ प्रविषा पांडे, डॉ अमिता वर्मा, डॉ प्रियंका रानी, डॉ पल्लवी दास गुप्ता, डॉ सुरभि सत्याभा एवं कुमारी अंजली उपस्थित रहीं । कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर अजरा के द्वारा किया गया।

शिक्षाविद् भास्कर बासु की याद में रंजन देवनाथ रंज ने मनमोहक गजलों से दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बाबा न्यूज
आगरा। रंजन संगीत फाउंडेशन द्वारा रंजन संगीत का आयोजन ग्रांड होटल में आयोजि किया गया। जिसमें गजल गायक रंजन देबनाथ रंज ने स्वरचित व स्वसंगीतबद्ध गजल व भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल मनहर शर्मा रहे। अध्यक्षता डॉ डी वी शर्मा ने की। गणपति वंदना से रंजन देबनाथ रंज ने महफिल की शुरूआत की। बोल थे दयालु गणपति कृपालु गणपति। निर्बल के श्री राम दुर्बल के घनश्याम भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। उसके बाद शुरू हुआ गजलों का दौर। मुस्कुराने के दिन आ गए, गुनगुनाते के दिन आ गए सुनाकर श्रोताओं को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। रंजन देबनाथ रंज की इस गजल को भी पसंद किया गया बोल थे जिंदगी खूबसूरत है बस इक तेरी जरूरत है। रंजन संगीत बहार दो घंटे तक अनवरत चलता रहा। शिक्षाविद भास्कर बासु को श्रद्धांजलि देने के मकसद से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। तबले पर बखूबी साथ राज मेसी ने दिया। गजलों के इस संगीतमय कार्यक्रम में प्रमुख रूप के कर्नल मनहर शर्मा,डॉ डी वी शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार महेश धाकड़, ओम ठाकुर, दिनेश संन्यासी, डॉ अशोक विज, अमित लवानिया,चतुर्भुज तिवारी, अजय रंगीला, राकेश सक्सेना,संजय खिरवार,चंद्रशेखर शर्मा,डॉ मनोज कुमार शर्मा,रवि चौहान,पंडित देवाशीष गांगुली, अंजुल कुलश्रेष्ठ, भास्कर बासु की पुत्री शर्मिष्ठा बासु,ऋतु उपाध्याय,खमान सिंह,यशस्वी लवानिया,अनिल जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सेंट जॉन्स कॉलेज में “यूथ अनप्लग्ड” ग्रुप डिस्कशन में हुआ विचारों का आदान प्रदान

 

 

 

बाबा न्यूज़
आगरा। सेंट जॉन्स कॉलेज के बी.कॉम. वोकेशनल विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर “ यूथ अनप्लग्ड – अनफिल्टर्ड थॉट्स, पावरफुल वॉयसेस” ग्रुप डिस्कशन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विषय “स्नातकों में रोजगार का संकट पाठ्यक्रम की विफलता है, छात्रों की नहीं” रहा। छात्रों ने स्नातकों की रोजगार क्षमता, पाठ्यक्रम की प्रासंगिकता और उद्योग की आवश्यकताओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच, संचार कौशल और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। शिक्षकों की उपस्थिति में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने विचार प्रभावी ढंग से व्यक्त किए।

आगरा की धरती पर फिर गूंजेगी मुरारी बापू की अमृतवाणी

15 सितंबर से नौ दिवसीय रामकथा, हजारों श्रद्धालुओं को मिलेगा श्रीराम भक्ति और कथा रस का दिव्य संयोग

बाबा न्यूज़ 

आगरा। श्रीराम की भक्ति, मर्यादा और प्रेम का संदेश लेकर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रामकथावाचक मुरारी बापू एक बार फिर आगरा की पावन धरती पर पधारने जा रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद बापू की अमृतवाणी का लाभ आगरा के श्रद्धालुओं को मिलने जा रहा है। आगामी 15 सितंबर से 23 सितंबर तक फतेहाबाद रोड स्थित जेपी वेडिंग ग्राउंड में नौ दिवसीय भव्य रामकथा का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आध्यात्मिक उमंग दिखाई दे रही है।
रामकथा के आयोजन की घोषणा को लेकर हरी पर्वत, दिल्ली गेट स्थित चोखो जीमन रेस्टोरेंट में उद्घोषणा समारोह आयोजित किया गया। उद्घोषणा समारोह का शुभारंभ श्री हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर आयोजन से जुड़े ललित गुप्ता और सतीश कुमार शाह ने बताया कि आगामी 15 सितंबर को शाम 4 बजे अंतरराष्ट्रीय संत मुरारी बापू आगरा पधारेंगे और श्री राम कथा का शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात 16 सितंबर से 23 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से बापू श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे।
उन्होंने बताया कि मुरारी बापू की कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को प्रेम, करुणा, सत्य, सेवा और मानवीय मूल्यों से जोड़ने वाला आध्यात्मिक अनुभव होती है। बापू अपनी सहज, सरल और भावपूर्ण शैली में श्रीराम के चरित्र के माध्यम से यह संदेश देते हैं कि राम केवल आराध्य नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा हैं। रामकथा के प्रत्येक प्रसंग में परिवार, समाज और मानवता के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा मिलती है।

2003 के बाद अब होगा बापू का आगरा आगमन
अंशुल गुप्ता और कार्तिक गुप्ता ने बताया कि मुरारी बापू इससे पूर्व वर्ष 2003 में आगरा आए थे। इसके बाद से ही आगरा के श्रद्धालु उनकी रामकथा सुनने के लिए प्रतीक्षारत थे। लगभग दो दशक से अधिक समय बाद एक बार फिर बापू की वाणी आगरा में गूंजेगी। ऐसे में यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर बन गया है।
मनीष मित्तल और मनोज त्रिपाठी ने बताया कि कथा से पूर्व 2 सितंबर को सुबह 8:30 बजे कथा स्थल पर भूमि पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही कथा स्थल को भव्य और आध्यात्मिक स्वरूप देने की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं।

32 बाई 40 फीट का भव्य मंच, विराजेंगे हनुमान जी
देवेश शाह और संजीव जैन के अनुसार कथा स्थल पर 32 बाई 40 फीट के भव्य मंच का निर्माण किया जा रहा है। इसी मंच पर कथा व्यास पीठ बनाई जाएगी। व्यास पीठ पर हनुमान जी का दिव्य एवं भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंच सज्जा में धार्मिक और आध्यात्मिक भावनाओं को विशेष रूप से ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि कथा स्थल पर प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को रामभक्ति और आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति हो।
कथा में आगरा सहित विभिन्न स्थानों और अन्य प्रदेशों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन को व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।

राम के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश
मुरारी बापू की रामकथा की विशेषता उनकी सहज और आत्मीय कथन शैली है। श्रीराम के चरित्र के माध्यम से वे प्रेम, समर्पण, त्याग, मर्यादा, करुणा और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाते हैं। उनकी कथा में धर्म के साथ-साथ जीवन के व्यावहारिक पक्षों को भी सहज भाषा में समझाया जाता है।
आयोजकों ने कहा कि वर्तमान समय में जब मनुष्य भौतिक उपलब्धियों के बीच मानसिक शांति और आत्मिक संतोष की तलाश कर रहा है, ऐसे समय में रामकथा जीवन को भीतर से समृद्ध करने का माध्यम बनती है। श्रीराम का आदर्श मनुष्य को कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने, परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा प्रेम और सद्भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
आयोजन समिति ने आगरा के सभी रामभक्तों और श्रद्धालुओं से इस नौ दिवसीय रामकथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम की भक्ति और मुरारी बापू की अमृतवाणी का लाभ लेने का आह्वान किया।
उद्घोषणा समारोह के अवसर पर ललित गुप्ता, सतीश कुमार शाह, मनीष मित्तल, मनोज त्रिपाठी, अंशुल गुप्ता, कार्तिक गुप्ता, देवेश शाह, दिव्या गुप्ता, रीटा शाह संजीव जैन, राकेश गुप्ता, विजय सिंह, अमित पोद्दार, लता गुप्ता, निराली शाह, सीताराम अग्रवाल, रैलेश अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

मंदी की मार से बेहाल लोहा व्यापार

जीएसटी कार्रवाई और एमसीएक्स ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता
घाटे में बिक रहा लोहा, व्यापारियों ने उठाई नई मंडी और जीएसटी राहत की मांग
बाबा न्यूज
आगरा। आगरा लोहा व्यापारी एसोशिएशन की ओर से दालवाटी और साधारण सभा की बैठक का आयोजन शनिवार को पथौली स्थित दी ग्रांड हेरिटेज रेसॉर्ट में किया गया। अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि साधारण सभा की बैठक में जिले भर के व्यापारियों ने लोहे के व्यापार में आ रही मंदी, जीएसटी में व्यापारियों के साथ पारदर्शिता तथा आॅनलाइन ट्रेडिंग से प्रभावित होते व्यापार पर मंथन किया। आज लोहा व्यापार के बाजार में नकदी का संकट है और व्यापारी भारी घाटे में कारोबार करने को मजबूर हैं। कई बड़े व्यापारियों ने नुकसान के चलते अपने जीएसटी पंजीकरण तक सरेंडर कर दिए हैं। जीएसटी विभाग की जांच और कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में भय का माहौल है। अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर कागजात तैयार करने, हस्ताक्षर के लिए दबाव बनाने और अनावश्यक वसूली के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे समय में विभाग को व्यापारी का उत्पीड़न नहीं, बल्कि सहयोग करना चाहिए।
महासचिव दिनेश अग्रवाल ने कहा कि लोहा व्यापारियों की सबसे बड़ी समस्या कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव है। एमसीएक्स व्यवस्था के कारण व्यापारी जिस कीमत पर माल खरीदता है, उससे कम कीमत पर बेचने को मजबूर हो जाता है। सरकार को इस व्यवस्था की समीक्षा कर व्यापारियों को राहत देनी चाहिए।इसके साथ ही पिछले करीब 25 वर्षों से आगरा में नई लोहा मंडी की मांग की जा रही है। इस सम्बन्ध में मंडलायुक्त समेत कई अधिकारीयों को ज्ञापन भी दिए जा चुके है। यदि सभी लोहा व्यापारियों को एक व्यवस्थित मंडी में स्थान उपलब्ध कराया जाए तो व्यापार को सुरक्षा, सुविधा और नई गति मिल सकती है। शाम के समय व्यापारिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाकर व्यापारियों, विशेषकर बुजुर्ग व्यापारियों को सुरक्षा दी जानी चाहिए।
कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गोयन ने कहा कि हम सरकार से यह भी मांग करते हैं कि जो व्यापारी जीवनभर ईमानदारी से सरकार को टैक्स देता रहा है और बुढ़ापे में व्यापार करने में सक्षम नहीं रहता, उसके लिए टैक्स योगदान के आधार पर व्यापारी पेंशन योजना बनाई जाए। व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है, इसलिए उसके सम्मान और सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी सरकार की होनी चाहिए। सरकार और प्रशासन लोहा व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुने और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए। इस अवसर पर नरेंद्र मंगल, अंजुल जैन, संजय गोयल, आशीष अग्रवाल, मोहित गोयल, सिद्धार्थ जैन, विपुल जैन, सोमल जैन, बादाम अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, गिरीश घर, रामसेवक, पॉपी भाई आदि मौजूद रहे।

डीईआई में मात्रात्मक डेटा विश्लेषण पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ

बाबा न्यूज
आगरा। एसोसिएशन आॅफ इंडियन यूनिवर्सिटीज-दयालबाग शिक्षण संस्थान- एकेडमिक एंड एडमिनिस्ट्रेटिव डेवलपमेंट सेंटर (एआईयू-डीईआई-एएडीसी) के तत्वावधान में मात्रात्मक डेटा विश्लेषण पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ दयालबाग शिक्षण संस्थान में हुआ। कार्यशाला में लगभग 119 शिक्षक एवं शोधकर्ता प्रतिभागिता कर रहे हैं। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को समकालीन मात्रात्मक शोध पद्धतियों की व्यापक समझ प्रदान करने के साथ-साथ उनके विश्लेषणात्मक एवं शोध कौशल को सुदृढ़ करना है। कार्यशाला के विभिन्न तकनीकी सत्रों में विभिन्न आधुनिक मात्रात्मक तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यशाला का उद्घाटन प्रो. सी. पटवर्धन, निदेशक, डीईआई ने किया। उद्घाटन संबोधन में उन्होंने वर्तमान समय में उपलब्ध डेटा की प्रचुरता का उल्लेख करते हुए कहा कि आज चुनौती केवल डेटा की उपलब्धता नहीं, बल्कि सार्थक निष्कर्षों और तकनीकी शब्दाडंबर के बीच अंतर करने की क्षमता विकसित करना है। डेटा की तीव्र वृद्धि, कम्प्यूटेशनल तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती क्षमताओं के संदर्भ में उन्होंने ऐसे विशेषज्ञों की आवश्यकता पर बल दिया, जो डेटा को सार्थक ज्ञान और प्रभावी कार्यवाही में परिवर्तित कर सकें। कार्यशाला की संयोजक डॉ. पूर्णिमा भटनागर ने कार्यशाला का परिचय देते हुए इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों एवं शोधकतार्ओं की विश्लेषणात्मक एवं शोध क्षमताओं को विकसित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. पमी दुआ, पूर्व निदेशक, दिल्ली स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स तथा प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की अंशकालिक सदस्य ने ह्लमात्रात्मक डेटा विश्लेषण और अर्थमिति: अल्केमी या विज्ञान? विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने मात्रात्मक डेटा विश्लेषण एवं अर्थमिति में मॉडल निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। डेविड हेंड्री के अर्थमिति के तीन स्वर्णिम नियमों—परीक्षण करें, परीक्षण करें, परीक्षण करें —का उल्लेख करते हुए उन्होंने मॉडल निर्माण के विभिन्न चरणों में कठोर परीक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन का समापन करते हुए उन्होंने कहा कि स्वचालन को शोधकर्ता की अंतर्दृष्टि एवं विवेक का स्थान नहीं लेना चाहिए।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रो. रूपाली सत्संगी ने की। धन्यवाद ज्ञापन में डॉ. रेशम चोपड़ा, कार्यशाला सह-संयोजक, ने प्रतिभागियों से आगामी तकनीकी सत्रों में सक्रिय सहभागिता करने तथा देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के अनुभव एवं विशेषज्ञता का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में डॉ. अनुराग मूर्ति नारदेला, मैनिटोबा यूनिवर्सिटी, कनाडा; प्रो. सी. गणेशकुमार, हैदराबाद यूनिवर्सिटी; प्रो. पुष्पेंद्र कुमार एवं डॉ. दिव्या तुटेजा, दिल्ली यूनिवर्सिटी; प्रो. विनीता सिंह, डॉ. बी.आर. अंबेडकर यूनिवर्सिटी तथा डॉ. अगम प्रसाद त्यागी, डीईआई अपने व्याख्यान एवं तकनीकी सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
प्रो. ज्योति गोगिया, नोडल आॅफिसर, (एआईयू-डीईआई-एएडीसी, ने कार्यशाला के आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को समकालीन मात्रात्मक विश्लेषण तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा तथा डेटा-आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए उनकी क्षमताओं को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।

समझौता वार्ता के बाद रोडवेज कर्मियों का आन्दोलन स्थगित

बाबा न्यूज
आगरा। रोडवेज कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर यूपी रोडवेज इम्प्लॉइज यूनियन द्वारा सात अगस्त को दिए गए नोटिस के क्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक , सेवा प्रबंधक, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त एवं सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के साथ यूनियन के शिष्टमंडल की वार्ता हुई।
दोनों पक्षों के मध्य यह वार्ता पांच घंटे चली। वार्ता के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल सेवा प्रबंधक तुलाराम के साथ सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में विस्तार से चर्चा की गई।
प्रबंधन द्वारा कर्मचारी हित से जुड़े मांगों के समाधान के संबंध में सकारात्मक आश्वासन एवं सहमति प्रदान की गई। यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष/श्रमिक नेता पं. सत्य नारायण शर्मा , क्षेत्रीय अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, क्षेत्रीय मंत्री रवेंद्र कुमार द्वारा बताया कि निगम हित, जनहित एवं कर्मचारी हित को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन के साथ हुए समझौते एवं सकारात्मक वार्ता के उपरान्त प्रस्तावित एक दिवसीय आंदोलन को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यूनियन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा प्रबंधन से अपेक्षा है कि पांच घंटे चली इस लम्बी वार्ता में बनी सहमति के अनुसार सभी बिंदुओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उम्र नहीं, उमंग है जिंदगी की पहचान

 

रंग-ए-जिंदगी में वरिष्ठजनों ने गीत-नृत्य से बिखेरे खुशियों के रंग
आई सर्व खुशियों के पल संस्था ने अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस को सेलिब्रेटिंग द पास्ट, एनरिचिंग द प्रेजेंट, इंस्पायरिंग द फ्यूचर थीम पर मनाया
बाबा न्यूज
आगरा। अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस की पूर्व संध्या पर आई सर्व खुशियों के पल संस्था द्वारा खंदारी बाईपास रोड स्थित होटल लेमन ट्री में रंग-ए-जिंदगी—द ब्यूटीफुल जर्नी आॅफ लाइफ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक ने अपनी प्रतिभा के रंग बिखेरते हुए गीत, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। प्रीति डांस एकेडमी ने भी अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी, कार्यक्रम का संदेश रहा कि उम्र जीवन की रफ्तार को थामने का नाम नहीं, बल्कि अनुभवों के साथ हर पल को नए उत्साह से जीने का नाम है।
कार्यक्रम की थीम द ब्यूटीफुल जर्नी आॅफ लाइफ के अनुरूप बचपन, किशोरावस्था, मध्य आयु और वृद्धावस्था के विभिन्न पड़ावों को प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया गया। वरिष्ठजनों ने कभी बचपन की मासूमियत को याद किया तो कभी युवावस्था की उमंगों को गीत और नृत्य के माध्यम से मंच पर उतारा। भावपूर्ण गीतों, आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों ने सभी को अपनी जीवन यात्रा के सुनहरे पलों में वापस पहुंचा दिया।
कार्यक्रम में फन एंड लाफ्टर, मीनिंगफुल कन्वर्सेशन, टुगेदरनेस एंड सेलिब्रेशन का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा किए और बताया कि जीवन के हर पड़ाव में खुश रहने के लिए सकारात्मक सोच और अपनों का साथ सबसे बड़ी ताकत है। गीतों की मधुर धुनों पर थिरकते वरिष्ठजन देखकर पूरा वातावरण तालियों और मुस्कुराहटों से गूंज उठा।
संयोजक अनुराग जैन ने बताया कि संस्था से सभी उम्र के लोग जुड़े हुए है, संस्था विशेष रूप के सीनियर्स 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए कार्य करती हैं। संस्था का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों को एक-दूसरे से जोड़कर ऐसा आत्मीय परिवार तैयार करना है, जहां सुख-दुख में सभी एक-दूसरे का हाथ थामकर साथ खड़े रहें। समय-समय पर संस्था द्वारा सदस्यों को पिकनिक एवं अन्य गतिविधियों पर ले जाया जाता है। किसी सदस्य के बीमार होने अथवा परेशानी में होने पर एक फोन कॉल पर संस्था के सदस्य उसके साथ पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ होना जीवन का विराम नहीं, बल्कि अनुभवों से समृद्ध एक नया अध्याय है। जीवन के बीते वर्षों को याद करते हुए वर्तमान को उत्साह से जीना और आने वाली पीढ़ी को सकारात्मक सोच की प्रेरणा देना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि खुश रहने के लिए किसी उम्र की आवश्यकता नहीं होती, जरूरत होती है तो बस अपने भीतर के उत्साह को जीवित रखने की।
अनुराग जैन ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के विभिन्न संगठन या ग्रुप को भी संस्था से जोड़ने की पहल की जा रही है ।
कार्यक्रम की थीम सेलिब्रेटिंग द पास्ट, एनरिचिंग द प्रेजेंट, इंस्पायरिंग द फ्यूचर को प्रस्तुतियों के माध्यम से सार्थक किया गया। कार्यक्रम ने यह प्रेरक संदेश दिया कि बीता कल हमारी पूंजी है, आज हमारा अवसर है और आने वाला कल हमारी प्रेरणा।

आगरा के योगेश चंद्र शर्मा ‘योगी’ को मिला ‘रामायणी सम्मान’

रामायण रिसर्च काउंसिल ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में किया भव्य आयोजन

भजन सम्राट अनूप जलोटा सँग 28 विभूतियों को मिला रामायणी सम्मान
बाबा न्यूज
आगरा। रामायण रिसर्च काउंसिल के तत्वावधान में गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के अवसर पर देश भर से चयनित 28 विभूतियों को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में रामायणी सम्मान से सम्मानित किया गया।
सम्मान पाने वालों में भजन सम्राट अनूप जलोटा और अन्य विभूतियों के साथ पाँच दशक से देश भर में सुंदरकांड का सुमधुर गायन कर राम नाम और राम भक्ति रस को जन जन तक पहुँचाने वाले आगरा के श्री राम उपासक, मानस मर्मज्ञ तथा राम काव्य-शिल्पी, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया से सेवानिवृत्त लॉयर्स कॉलोनी निवासी 81 वर्षीय वरिष्ठ कवि-साहित्यकार योगेश चंद्र शर्मा ‘योगी’ भी शामिल रहे।

मंच पर ये विभूतियाँ रहीं मौजूद

मंच पर मौजूद महर्षि योग आश्रम हरिद्वार के संस्थापक महर्षि योगी मधुसूदन जी, श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष पद्मश्री आचार्य डॉ. हरिहर कृपालु त्रिपाठी जी महाराज, प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय जी, श्रीजानकी कथा-मर्मज्ञ बाल-व्यास वैदेहीनंदन पंडित वेदांत जी, काउंसिल के ट्रस्टी एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता भरत नागर, वाराणसी जोन के एडीजी पुलिस नवीन अरोड़ा, नैनीताल-उधमसिंह नगर, उत्तराखंड के सांसद एवं रामायण रिसर्च काउंसिल के बोर्ड आॅफ ट्रस्टी के अध्यक्ष अजय भट्ट, छत्तीसगढ़ के सरगुजा से सांसद चिंतामणि महाराज, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, अध्यक्षता कर रहे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित चतुवेर्दी, भजन सम्राट अनूप जलोटा, रामायण रिसर्च काउंसिल की प्रभारी एवं आध्यात्मिक गुरु साध्वी प्रज्ञा भारती, रामायण रिसर्च काउंसिल के ट्रस्टी एवं ह्यरामायणी सम्मानह्ण के संयोजक सेवानिवृत्त आईएएस देवदत्त शर्मा और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. शरदिन्दु कुमार तिवारी ने रामकाज में लगीं 28 विभूतियों को रामायणी सम्मान प्रदान किया।
पीतांबर मिश्र ने संचालन किया। कार्यक्रम में आगरा से कवि कुमार ललित, एडवोकेट अजय पाठक और प्रॉपर्टी डीलर अतुल कुमार भी शामिल रहे।

उत्कृष्ट योगदान करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है उद्देश्य

रामायण रिसर्च काउंसिल के ट्रस्टी एवं रामायणी सम्मान के संयोजक अशोक नगर, आगरा निवासी सेवानिवृत्त आईएएस देवदत्त शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, साहित्य, शोध, रामकथा, संगीत एवं सामाजिक जागरण के क्षेत्र में रामायण से प्रेरित उत्कृष्ट योगदान करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है।

योगी जी की राम नाम सेवा है सराहनीय

प्रतिष्ठित रामायणी सम्मान पाने वाली देशभर से चयनित 28 विभूतियों में आगरा से एकमात्र चयनित पं. योगेश चंद्र शर्मा योगी जी की राम नाम सेवा सराहनीय रही है। विगत पाँच दशक से आप सुंदरकांड का समुधुर और हृदय स्पर्शी गायन कर रहे हैं। रामचरितमानस के विविध प्रसंगों पर आधारित अपनी अनूठी रचनाओं से आप राम भक्ति का रस जन-जन तक निरंतर पहुंचा रहे हैं। आपके द्वारा रचित काव्य-ग्रंथों:- श्रीराम चरितामृत और श्रीराम चरणामृत को राम रसिकों, राम कथा वाचकों, साहित्य-समीक्षकों और राम भक्तों की खासी सराहना मिल चुकी है। लोक भाषा, ब्रजभाषा और खड़ी बोली हिंदी में आपका अधिकार और आपका लेखन सराहनीय है।

इन विशिष्ट जनों को मिला रामायणी सम्मान

अनूप जलोटा (भजन सम्राट), अनुराधा पौडवाल (मुंबई), आर.के. सिन्हा (बिहार), किशोर कुणाल (पटना, मरणोपरांत), डॉ. अर्चना प्रकाश (लखनऊ), भगवान दास (नई दिल्ली), डॉ. उदय प्रताप सिंह (वाराणसी), डॉ. अवधी हरि (लखनऊ), योगेश्वर प्रसाद देवरानी (नैनीताल), आदित्य जैन (नीमच, मध्य प्रदेश), अभय माणके (इंदौर), संत हरिओम (हाथरस), नरेंद्रनाथ गगन (बिहार), योगेश चंद्र शर्मा योगी (आगरा), संजीव कुमार (बिहार), डॉ. आशा ओझा (बिहार), मद्गुल्ला प्रफुल्ला (आंध्र प्रदेश), विनोद कुमार तिवारी (झारखंड), डॉ. चंद्र प्रभा मदान (हरियाणा), आचार्य संतोष पांडेय (राजस्थान), अजय याग्निक (दिल्ली), विंध्याचल मणि त्रिपाठी (उत्तर प्रदेश), राजराधे कृष्ण शर्मा (महाराष्ट्र), प्रेम प्रकाश दुबे (महाराष्ट्र), त्रिलोकी नाथ पांडेय (उत्तर प्रदेश), रामभनी विवेदी (उत्तर प्रदेश), डॉ. रविशंकर पांडेय (उत्तर प्रदेश) एवं रेखा मेहरा (नई दिल्ली)।

 

रोडवेज के आरएम करेंगे कर्मचारियों की समस्याएं दूर : सत्यनारायन शर्मा

यूनियन का शिष्ट मंडल आज रोडवेज प्रबंधन से समस्याओं को लेकर करेगा वार्ता

बाबा न्यूज
आगरा। रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक ने अपने कार्यालय में यूपी रोडवेज इम्प्लॉइज यूनियन के शिष्ट मंडल को वार्ता के लिए आमन्त्रित किया है। बता दें कि यूनियन ने सात अगस्त को रोडवेज कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर आरएम को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनात्मक नोटिस दिया था। यूनियन की मांगों में चालक- परिचालकों का स्थाई रूप से बस मार्ग को आवंटन , समय सारिणी से बसों का संचालन , महिला परिचालकों के लिए रैस्ट रूम और बाथरूम का निर्माण , महिला परिचालकों को समय से ड्यूटी , लोड फैक्टर एवं डीजल औसत के नाम पर वेतन से कटौती व प्रताड़ना बन्द ,अनुशासनिक कार्यवाहियों में विलम्ब व मनमानी बन्द आदि शामिल हैं। यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष/ श्रमिक नेता पं. सत्य नारायन शर्मा ने बताया हैं कि प्रस्तावित आन्दोलन को जिले के विभिन्न विभागों के दर्जन भर संगठनों से भरपूर समर्थन मिल रहा है। फिर भी निगम हित व जनहित एवं कर्मचारी हित में क्षेत्रीय प्रबंधक क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए 21 अगस्त को यूनियन शिष्ट मंडल कर्मचारी समस्याओं पर रोडवेज प्रबंधन से वार्ता करेगा । कर्मचारी समस्याओं का समाधान नहीं होने की स्थिति में प्रस्तावित आन्दोलन यथावत रहेगा ।