Breaking News
लव-कुश जन्मोत्सव में महिलाओं ने लोकगीतों पर दी शानदार प्रस्तुति 

 

कुशवाह क्षत्रिय महिला मंच मनाया श्रावण महोत्सव

बाबा न्यूज़ 

आगरा। कुशवाह क्षत्रिय महिला मंच श्रावण एवं लव कुश महोत्सव का आयोजन कारगिल चौराहा स्थित डी जेल हाउस में किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विशिष्ट अतिथि पार्षद प्रवीना राजावत, रेखा गिर्राज कुशवाह, अनिता कुशवाह और कमलेश कुशवाह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य वक्ता रीना सिंह ने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास है। लव कुश महाराज के जन्मोत्सव को शक्ति, संस्कृति और प्रकृति के समागम के रूप में मनाया गया। मैं सावन झूला झूलू जी.., झूले पड़े अमरइया डार, नाचे राधा मोहन कर संग… रंगीलो सावन आयो… जैसे लोक गीतों पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया।

अध्यक्ष शशि सिंह ने बताया कि कार्यक्रम दो सत्रों में हुआ। पहले सत्र में श्रीराम के पुत्र लव और कुश की गौरवगाथा प्रस्तुत की गई, जिसमें कुलदेवी जमवाय माता और लव-कुश की जीवंत गाथा का परिचय कराया। दूसरा सत्र श्रावण उत्सव लोक मल्हार को समर्पित रहा, जिसमें परंपरागत हरित परिधानों में महिलाओं ने रैंप पर कैटवॉक कर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को भाई-बहन के पर्व रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। महिलाओं को सुहाग पिटारा भी भेंट किया। संचालन अल्पना सिंह व राधा ने किया। प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में मनोरमा गुप्ता, रीनू वर्मा, संध्या, राजेश्वरी बघेल और पूजा शर्मा रही। कार्यक्रम की व्यवस्था रीनू, ममता, विनीता, नीरज, उषा, आदि ने संभाली।

इन्हें किया सम्मानित
लोक संस्कृति को बढ़वा देने को जीवनदायनी ट्रस्ट ने 51 हज़ार रुपये का चेक भेंट किया। कार्यक्रम में बिटौली कुशवाह, पविता सिंह, नीलम सिरसा, तनीषा सिंह, नंदनी सिंह और मालती कुशवाह का मंच से विशेष सम्मान किया।

हरियाली तीज महोत्सव : 400 महिलाओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प

 

5R थीम पर महिलाओं ने की रैंप वॉक, पौधारोपण और कपड़े के थैलों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बाबा न्यूज़ 

आगरा। हरियाली तीज के पारंपरिक उल्लास को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ते हुए नगर निगम की पहल ‘हरियाली के रंग, आपके संग’ के तहत जीरो वेस्ट हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में करीब 400 महिलाओं एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, महिला सहभागिता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला।
महोत्सव में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय, नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर्स, महिला पार्षद, महिला स्वच्छता एंबेसडर्स, आईईसी टीम और 5R टीम के सदस्यों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक झूलों के साथ आकर्षक स्टॉल लगाए गए। गोबर से तैयार पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों से बनाई गई राखियां, विभिन्न झांकियां, फूलों की होली और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी गतिविधियां आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहीं।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने महिलाओं को अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ का भाव केवल मां के नाम पौधा लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। जीवन में होने वाले हर नए और शुभ कार्य को पौधारोपण से जोड़ने की जरूरत है। जिस प्रकार किसी शुभ कार्य की शुरुआत ईश्वर का नाम लेकर की जाती है, उसी तरह नए कार्य, उपलब्धि या कार्यक्रम की शुरुआत पौधा लगाकर की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं से अपने परिवार और बच्चों के साथ पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी स्वच्छ और हरे-भरे वातावरण में जीवन जी सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता से जुड़े प्रश्नोत्तर और सुझाव गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से लोगों को कचरा पृथक्करण, स्वच्छता और जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। महोत्सव का सबसे खास आकर्षण 5R थीम पर तैयार थैलों की रैंप वॉक रही। इसमें करीब 50 महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। महिलाओं ने अलग-अलग तरह के पर्यावरण-अनुकूल थैलों के साथ रैंप वॉक कर सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प अपनाने का संदेश दिया।
महोत्सव में मयूर नृत्य, ब्रज की होली, सांस्कृतिक नृत्य और मेहंदी कार्यक्रमों ने भी खूब रंग जमाया। पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच महिलाओं ने हरियाली तीज के पर्व का आनंद लिया। आयोजन में मनोरंजन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश भी लगातार दिया गया।
जीरो वेस्ट संदेश को घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से महिलाओं को कपड़े के थैले वितरित किए गए। नगर निगम की ओर से महिलाओं से अपील की गई कि वे इन थैलों का नियमित इस्तेमाल करें और परिवार, पड़ोस तथा समुदाय के अन्य लोगों को भी सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए प्रेरित करें। महिलाओं को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की संदेशवाहक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेकर जीरो वेस्ट जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इसके बाद मनोरंजक खेलों और प्रतिभागियों को उपहार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
नगर निगम का यह आयोजन पारंपरिक हरियाली तीज को आधुनिक पर्यावरणीय सोच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। महोत्सव के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि त्योहार केवल उत्सव और मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि समाज को स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का माध्यम भी बन सकते हैं। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने यह भी संदेश दिया कि स्वच्छ और जीरो वेस्ट शहर बनाने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।